विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

संसद प्रश्न: इंस्पायर पुरस्कार मानक प्रतियोगिता

Posted On: 24 JUL 2025 3:56PM by PIB Delhi

वर्ष 2022-23 के लिए इंस्पायर - मिलियन माइंड्स ऑगमेंटिंग नेशनल एस्पिरेशंस एंड नॉलेज (मानक) कार्यक्रम के अंतर्गत बिहार से कुल 3,407 छात्रों का चयन किया गया। उनके मॉडल/प्रोटोटाइप प्रदर्शित करने के लिए 28 जिला स्तरीय प्रदर्शनियाँ आयोजित की गईं, जिनमें 2,648 छात्रों (77.72 प्रतिशत) ने भाग लिया। इनमें से लगभग 210 छात्रों का चयन राज्य स्तरीय प्रदर्शनी में प्रतिस्पर्धा के लिए किया गया। इसके बाद, 16 छात्रों के मॉडल/प्रोटोटाइप राज्य स्तर पर चुने गए और सभी चयनित छात्रों ने 17 से 19 सितंबर 2024 तक नई दिल्ली में आयोजित 11 वीं राष्ट्रीय स्तरीय प्रदर्शनी और परियोजना प्रतियोगिता (एनएलईपीसी) में भाग लिया।

विभाग ने इसकी समीक्षा की और सभी चयनित छात्रों को उनके स्कूलों के साथ-साथ जिला एवं राज्य नोडल अधिकारियों के माध्यम से जिला एवं राज्य स्तरीय प्रदर्शनियों में भाग लेने और अपने मॉडल/प्रोटोटाइप प्रदर्शित करने के निर्देश दिए हैं। जो छात्र प्रारंभिक जिला स्तरीय प्रदर्शनियों में भाग नहीं ले पाए थे, उन्हें बाद की प्रदर्शनियों में भाग लेकर अपने मॉडल/प्रोटोटाइप प्रदर्शित करने के लिए प्रोत्साहित किया जाता है, क्योंकि वे कक्षा 6 से 12 तक के अपने शैक्षणिक पाठ्यक्रम के दौरान किसी भी समय भाग लेने के पात्र हैं।

विभाग, सार्वजनिक वित्तीय प्रबंधन प्रणाली (पीएफएमएस) पोर्टल के माध्यम से प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से छात्रों के बैंक खातों में समय पर 10,000/- रुपए की वित्तीय सहायता संवितरित कर रहा है। बैंक खाते का विवरण गलत होने के कारण जिन लाभार्थियों को भुगतान नहीं हो पा रहा है, उन्हें संबंधित स्कूल प्राधिकारियों के माध्यम से अपनी बैंक जानकारी अपडेट करने के लिए सूचित किया जाता है। अपडेट होने के बाद, उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए तदनुसार वित्तीय सहायता संवितरित की जाती है।

केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, पृथ्वी विज्ञान राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार), प्रधानमंत्री कार्यालय में राज्य मंत्री, कार्मिक, लोक शिकायत एवं पेंशन, परमाणु ऊर्जा विभाग और अंतरिक्ष विभाग राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने यह जानकारी आज राज्य सभा में एक लिखित उत्तर में दी।

***

एमजी/केसी/एसकेजे/एचबी


(Release ID: 2147778)
Read this release in: English , Urdu