जनजातीय कार्य मंत्रालय
झारखंड में एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय
Posted On:
23 JUL 2025 4:08PM by PIB Delhi
केंद्रीय जनजातीय कार्य राज्य मंत्री श्री दुर्गादास उइके ने राज्यसभा में श्री प्रदीप कुमार वर्मा के एक अतारांकित प्रश्न के लिखित उत्तर में बताया कि जून 2025 तक की सूचना के अनुसार झारखंड में 51 एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय (ईएमआरएस) संचालित हैं।
जनजातीय कार्य मंत्रालय के अंतर्गत ईएमआरएस योजना, निर्माण, स्थापना, अनुदान और प्रशासन हेतु स्वायत्त निकाय - राष्ट्रीय जनजातीय छात्र शिक्षा सोसाइटी (नेस्ट्स) द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, झारखंड में 2024-25 के दौरान एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों में कुल 7550 छात्र नामांकित हैं।
इसके अलावा, भारत सरकार के व्यय विभाग ने जनवरी 2023 में देश भर के एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों के लिए कुल 38,480 शिक्षण और गैर-शिक्षण पदों को मंजूरी दी है। स्वीकृति के अनुसार, प्रत्येक एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय के लिए 52 शिक्षण और गैर-शिक्षण पद आवंटित किए गए हैं। भर्ती चरणबद्ध तरीके से स्कूल निर्माण और उनके संचालन में प्रगति के अनुरूप होनी है। इसी सिलसिले में एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय कर्मचारी चयन परीक्षा (ईएसएसई)-2023 के माध्यम से 10,391 पदों पर सीधी भर्ती के लिए एनईएसटीएस द्वारा भर्ती का पहला चरण आरंभ किया गया था। चयनित उम्मीदवारों को शैक्षणिक वर्ष 2024-25 के दौरान तैनात किया गया है। अब तक, कुल 9,075 नियुक्ति आदेश जारी किए गए हैं, जिनमें से 7,050 शिक्षण पदों के लिए हैं। इनमें से 147 शिक्षकों को झारखंड में नियुक्ति किया गया है।
संविधान के अनुच्छेद 275(1) के प्रावधान के अंतर्गत 288 मौजूदा ईएमआरएस के अतिरिक्त, नई योजना में झारखंड सहित देश भर में 440 प्रखंडों को एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय (ईएमआरएस) की स्थापना हेतु अनुमोदित किया गया है। इसी अनुसार झारखंड में कुल 91 ईएमआरएस स्वीकृत किए गए हैं। इनमें नई योजना के अंतर्गत 68 और संविधान के अनुच्छेद 275(1) के प्रावधान के अंतर्गत 23 एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय शामिल हैं।
****
एमजी/केसी/एकेवी/केके
(Release ID: 2147477)