पृथ्‍वी विज्ञान मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

संसद प्रश्न: भारत पूर्वानुमान प्रणाली

Posted On: 23 JUL 2025 3:31PM by PIB Delhi

भारतीय मौसम विभाग ने 26 मई 2025 को आधिकारिक तौर पर भारत पूर्वानुमान प्रणाली (भारतएफएस) को अपनाया। यह पूर्वानुमान प्रणाली 6 किमी के रिजॉल्यूशन पर काम करती है, जो आमतौर पर पंचायतों/गांवों के एक समूह के आकार के बराबर होती है। भारतएफएस के विकास का उद्देश्य प्रतिकूल मौसम संबंधी पूर्वानुमान की सटीकता को बढ़ाना और पंचायत समूह स्तर पर पूर्वानुमान तैयार करना था। मॉडल विन्यास और पूर्वानुमान सटीकता के मामले में नया मॉडल अपने पूर्ववर्ती मॉडल से बेहतर है। इसमें पर्वत-आकृति का बेहतर प्रतिनिधित्व, बेहतर फिल्टरिंग और बेहतर संरक्षण संबंधी गुण मौजूद हैं।

हाल ही में लॉन्च किया गया भारतएफएस मुख्य रूप से लघु एवं मध्यम अवधि के मौसम पूर्वानुमान में सुधार के लिए विकसित किया गया है, न कि दीर्घ अवधि के पूर्वानुमान के लिए।

भारतएफएस का विकास लगभग पांच साल पहले शुरू हुआ था और इसका सफल परीक्षण 2022 में हुआ, न कि 2002 में। तब से, इसका गहन मूल्यांकन किया जा रहा है। परिणाम आशाजनक रहे हैं, इस प्रणाली ने मध्य मानसून क्षेत्र में वर्षा की भविष्यवाणी करने में महत्वपूर्ण सुधार दिखाया है और पिछले परिचालन मॉडल की तुलना में अत्यधिक वर्षा की सटीकता में 30 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।

पहले से संचालित 12 किमी जीएफएस टी1534 मॉडल में पारंपरिक विधियों का उपयोग करके मॉडल रिजॉल्यूशन को सीधे बढ़ाने से महत्वपूर्ण कम्प्यूटेशनल और सैद्धांतिक चुनौतियां पैदा हो सकती थीं। ये सीमाएं भारतएफएस जैसी अधिक उन्नत और कुशल पूर्वानुमान प्रणाली की आवश्यकता को दर्शाती हैं। परिणामस्वरूप, भारतएफएस को टीसीओ (त्रिकोणीय घन अष्टफलकीय) नामक नव कार्यान्वित गतिशील ग्रिड का उपयोग करके डिजाइन किया गया था। यह टीसीओ ग्रिड विशेष रूप से उष्णकटिबंधीय क्षेत्रों में रिजॉल्यूशन को बढ़ाता है, जिससे मॉडल इन क्षेत्रों में लगभग 6 किमी का क्षैतिज रिजॉल्यूशन प्राप्त करने में सक्षम होता है। बढ़े हुए रिजॉल्यूशन के कारण, भारतएफएस अधिक सटीक स्थानीय मौसम पूर्वानुमान प्रदान करने में सक्षम है। 2022 से मॉडल के गहन विश्लेषण से अत्यधिक वर्षा के पूर्वानुमान की सटीकता में 30 प्रतिशत सुधार दिखा है।

विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, पृथ्वी विज्ञान राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार), प्रधानमंत्री कार्यालय, कार्मिक, लोक शिकायत एवं पेंशन, परमाणु ऊर्जा विभाग और अंतरिक्ष विभाग में राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने आज लोकसभा में एक लिखित उत्तर में यह जानकारी दी।

***

एमजी/केसी/एसकेएस/एसके
 


(Release ID: 2147377)
Read this release in: English , Urdu