मत्स्यपालन, पशुपालन और डेयरी मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

केंद्रीय मंत्री श्री राजीव रंजन सिंह कल लखनऊ में देश में नस्ल विकास पर कार्यशाला की अध्यक्षता करेंगे


मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ इस कार्यक्रम का उद्घाटन करेंगे

Posted On: 11 JUL 2025 9:14PM by PIB Delhi

केंद्रीय मत्स्यपालन, पशुपालन एवं डेयरी और पंचायती राज मंत्री श्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह कल लखनऊ स्थित इंदिरा गांधी कन्वेंशन सेंटर में देश में नस्ल विकास पर कार्यशाला की अध्यक्षता करेंगे। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे और इस कार्यक्रम का उद्घाटन करेंगे। इस कार्यक्रम में मत्स्यपालन, पशुपालन एवं डेयरी और पंचायती राज राज्य मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल; मत्स्यपालन, पशुपालन एवं डेयरी राज्य मंत्री श्री जॉर्ज कुरियन और उत्तर प्रदेश सरकार के पशुपालन एवं डेयरी विकास मंत्री श्री धर्मपाल सिंह भी वरिष्ठ अधिकारियों के साथ उपस्थित रहेंगे।

इस राष्ट्रीय कार्यशाला का आयोजन मत्स्य पालन, पशुपालन एवं डेयरी मंत्रालय के अंतर्गत पशुपालन एवं डेयरी विभाग कर रहा है। इसका उद्देश्य देश में नस्ल विकास के लिए परितंत्र को सुदृढ़ बनाना है। इस कार्यशाला में देसी नस्लों के संरक्षण, आनुवंशिक क्षमता में वृद्धि, नस्ल-आधारित उत्पादकता को बढ़ावा देने और पशुधन विकास कार्यक्रमों को व्यापक स्थिरता एवं जलवायु परिवर्तन संबंधी उद्देश्यों के साथ जोड़ने पर चर्चा होगी। इस कार्यशाला का उद्देश्य राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के बीच सहयोग बढ़ाना है।

इस कार्यक्रम के अंतर्गत, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री गोरखपुर में कृत्रिम गर्भाधान प्रशिक्षण संस्थान का उद्घाटन करेंगे। इस कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश में पशुपालन अवसंरचना विकास निधि (एएचआईडीएफ) के अंतर्गत विभिन्न परियोजनाओं का भी उद्घाटन होगा। इसके अतिरिक्त, प्रजनक संघों की स्थापना हेतु एक रूपरेखा का आधिकारिक रूप से विमोचन किया जाएगा, जिसमें देश भर में संगठित नस्ल सुधार प्रयासों के लिए एक सुनियोजित रोडमैप तैयार किया जाएगा। इसमें एक समर्पित किसान संवाद सत्र भी आयोजित होगा, जिसमें मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री पशुपालकों से सीधे संवाद करेंगे।

****

एमजी/केसी/ एके/एसएस


(Release ID: 2146312) Visitor Counter : 3
Read this release in: English , Urdu