रक्षा मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस (आईडीवाई) – 2025

Posted On: 21 JUN 2025 8:28PM by PIB Delhi

माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में योग का प्रमुख कार्यक्रम (योग संगम) 21 जून, 2025 को विशाखापत्तनम के आरके बीच में उत्सव की भावना के साथ मनाया गया, जिसमें विशाखापत्तनम में पूर्वी नौसेना कमान मुख्यालय के कर्मियों और परिवारों सहित लगभग 10000 नौसेना कर्मियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। लंगर डाले खड़े नौसेना के जहाजों ने समुद्री पृष्ठभूमि में आकर्षण उत्पन्न किया और नौसैनिकों ने योग सत्र के लिए सबसे बड़ी एकल सभा का गिनीज बुक ऑफ रिकॉर्ड स्थापित करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

इस वर्ष योग उत्सव के एक दशक का समापन हुआ है और नौसेना परिवार ने "एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग" विषय-वस्तु को ध्यान में रखते हुए सभी नौसेना स्टेशनों पर उत्साह के साथ 11वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2025 मनाया। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस समारोह के एक भाग के रूप में सभी नौसैन्यअड्डों और समुद्र में स्थित जहाजों तथा विदेशी बंदरगाहों सहित बंदरगाहों पर सामान्य योग प्रोटोकॉल सत्र आयोजित किया गया। लगभग 50,000 नौसेना कर्मियों, रक्षा असैन्य कर्मियों और उनके परिवार के सदस्यों ने योग कार्यक्रमों में उत्साहपूर्वक भाग लिया। मित्रवत विदेशी नौसेनाओं के प्रशिक्षुओं ने भी पूरे मन से गतिविधियों में भाग लिया।

हिंद महासागर क्षेत्र में तैनात भारतीय नौसेना के युद्धपोतों के मिशन ने समुद्र में और विदेशी बंदरगाहों - मॉरीशस, ओमान, जिबूती, मलेशिया तथा इंडोनेशिया में योग सत्र का आयोजन किया। भारतीय नौसेना के जहाज महासागरों के पार भी योग का संदेश और भावना फैला रहे हैं। जल्द ही नौसेना में शामिल होने वाले स्टील्थ फ्रिगेट तमाल के चालक दल ने रूस के कलिनिनग्राद में भी योग सत्र आयोजित किए।

नेवी वेलफेयर एंड वेलनेस एसोसिएशन (एनडब्ल्यूडब्ल्यूए) ने नौसेना कर्मियों और रक्षा असैन्य कर्मियों के जीवनसाथियों तथा परिवारों के लिए योग को जीवनशैली के रूप में अपनाने हेतु योग अभियान का नेतृत्व किया।

रक्षा असैन्य कर्मियों और उनके परिवारों सहित भारतीय नौसेना के कर्मियों ने पिछले 10 दिनों में योग से संबंधित गतिविधियों में पूरे तन-मन से भाग लिया, जिससे इस वर्ष की विषय-वस्तु ‘एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग’ की भावना प्रदर्शित हुई।

*******

एमजी/केसी/एनके


(Release ID: 2138651)
Read this release in: English , Urdu