गृह मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

एनसीबी राजस्थान की बड़ी सफलता – लगभग 300 किलोग्राम गांजा जब्त कर अंतर्राज्यीय तस्करी का भंडाफोड़

प्रविष्टि तिथि: 22 MAY 2025 2:03PM by PIB Jaipur

"नशा मुक्त भारत" की भारत सरकार की संकल्पना को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए, नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी), राजस्थान ने नशीले पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध बड़ी कामयाबी हासिल की है। अपनी अतुलनीय प्रतिबद्धता, रणनीतिक कुशलता और साहसिक नेतृत्व का परिचय देते हुए एनसीबी राजस्थान के जयपुर एवं जोधपुर इकाइयों की संयुक्त टीम ने गांजा तस्करी के एक बड़े प्रयास को विफल किया।

जोधपुर की टैक्टिकल सर्विलांस यूनिट द्वारा जुटाई गई सटीक गुप्त सूचना के आधार पर, एक सधे हुए ऑपरेशन के तहत 19-20 मई 2025 की रात को टोंक जिले के सोनवा टोल प्लाज़ा पर एक संदिग्ध ट्रक कंटेनर को रोका गया। वाहन की बारीकी से जांच करने पर उसमें एक विशेष रूप से निर्मित छुपा हुआ कक्ष पाया गया, जिसमें से 296.204 किलोग्राम गांजा (290 पैकेट) बरामद हुआ। जब्त सामग्री की अनुमानित बाज़ार कीमत 1.48 करोड़ रुपये आंकी गई है।

इस कार्रवाई में टोंक और सीकर ज़िलों के पुलिस अधीक्षकों का भी सराहनीय सहयोग मिला। ट्रक का चालक और सह-चालक गिरफ्तार कर लिए गए हैं, और नशीले पदार्थों का प्राप्तकर्ता भी हिरासत में लिया गया है, जिससे इस नेटवर्क की गहराई तक जांच की जा सकेगी।

एनडीपीएस अधिनियम के अंतर्गत दर्ज की गई इस कार्रवाई में दोष सिद्ध होने पर न्यूनतम 10 वर्ष से 20 वर्ष तक की कठोर कारावास एवं 1 लाख से 2 लाख रुपये तक का जुर्माना हो सकता है।इस ऑपरेशन से यह प्रमाणित होता है कि एनसीबी राजस्थान प्रतिबद्धता, रणनीति और विभिन्न एजेंसियों के समन्वय के बल पर नशा तस्करी के खिलाफ सतर्क और सक्रिय है।

जनसहभागिता की अपील:

जोनल निदेशक श्री घनश्याम सोनी, आईआरएस ने नागरिकों से अपील की है कि वे समाज से नशे की प्रवृत्ति को जड़ से समाप्त करने के लिए एनसीबी का सहयोग करें। यदि किसी के पास नशीले पदार्थों से जुड़ी कोई जानकारी हो, तो MANAS पोर्टल या 1933 हेल्पलाइन पर गुप्त रूप से सूचना दें। सूचनाकर्ताओं की पहचान गोपनीय रखी जाएगी और उन्हें उचित इनाम भी दिया जाएगा।

एनसीबी की भूमिका केवल कानून-प्रवर्तन तक सीमित नहीं है। यह संगठन युवाओं को जागरूक करने, शैक्षणिक कार्यक्रमों के माध्यम से सामाजिक चेतना फैलाने और समुदाय व सिविल सोसायटी के साथ मिलकर नशा मुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है। "आइए, हम सब मिलकर एक नशा-मुक्त भारत की नींव रखें!"


 


(रिलीज़ आईडी: 2130461) आगंतुक पटल : 3
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English