विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय
राष्ट्रीय विज्ञान दिवस 'विकसित भारत के लिए विज्ञान और नवाचार में वैश्विक नेतृत्व के लिए भारतीय युवाओं को सशक्त बनाना' विषय के साथ मनाया जाएगा
Posted On:
27 FEB 2025 8:26PM by PIB Delhi
केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार), पृथ्वी विज्ञान राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार), प्रधानमंत्री कार्यालय, कार्मिक, लोक शिकायत, पेंशन, परमाणु ऊर्जा और अंतरिक्ष राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह 28 फरवरी, 2025 को विज्ञान भवन में राष्ट्रीय विज्ञान दिवस (एनएसडी) 2025 समारोह में शामिल होंगे।
इस वर्ष कार्यक्रम का विषय विकसित भारत के लिए विज्ञान और नवाचार में वैश्विक नेतृत्व के लिए भारतीय युवाओं को सशक्त बनाना है। यह विषय माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा युवाओं द्वारा नवाचार और परिवर्तन लाने की शक्ति पर जोर देने और विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी में वैश्विक नेतृत्व के माध्यम से विकसित भारत के उनके सपने से प्रेरित है।
इस विषय पर श्री शशि एस. वेम्पति, सह-संस्थापक एआई4इंडिया और पूर्व मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रसार भारती और प्रोफेसर संजय बिहारी, निदेशक, श्री चित्रा तिरुनल इंस्टीट्यूट फॉर मेडिकल साइंसेज एंड टेक्नोलॉजी द्वारा राष्ट्रीय विज्ञान दिवस व्याख्यान भी दिए जाएंगे।
राष्ट्रीय विज्ञान दिवस हर वर्ष 28 फरवरी को 'रमन प्रभाव' की खोज के उपलक्ष्य में मनाया जाता है। भारत सरकार ने 1986 में 28 फरवरी को राष्ट्रीय विज्ञान दिवस (एनएसडी) के रूप में घोषित किया था। इस दिन सर सीवी रमन ने 'रमन प्रभाव' की खोज की घोषणा की थी जिसके लिए उन्हें 1930 में नोबेल पुरस्कार दिया गया था । इस अवसर पर पूरे देश में विषय आधारित विज्ञान संचार गतिविधियाँ आयोजित की जाती हैं।
इसके आयोजन का उद्देश्य इसमें शामिल वैज्ञानिक मुद्दों के प्रति लोगों की समझ बढ़ाना, देश में वैज्ञानिक जागरूकता लाना, विज्ञान के बारे में जिज्ञासा और समझ को प्रोत्साहित करना तथा युवाओं को विज्ञान के प्रति आकर्षित करना है। विभिन्न संस्थान अपनी प्रयोगशालाओं के लिए सबके लिए सत्र आयोजित करते हैं और छात्रों को संबंधित अनुसंधान प्रयोगशालाओं एवं संस्थानों में उपलब्ध कैरियर के अवसरों के बारे में जानकारी देते हैं।
राष्ट्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी संचार परिषद (एनसीएसटीसी), विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग (डीएसटी) देश भर में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग से संबद्ध वैज्ञानिक संस्थानों, अनुसंधान प्रयोगशालाओं और स्वायत्त वैज्ञानिक संस्थानों में राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के उत्सव को समर्थन, उत्प्रेरित और समन्वयित करने के लिए एक नोडल एजेंसी के रूप में कार्य करता है। एनसीएसटीसी राज्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषदों और विभागों के माध्यम से देश भर में व्याख्यान, प्रश्नोत्तरी, ओपन हाउस सत्र जैसे विभिन्न कार्यक्रमों का भी समर्थन करता है।
****
एमजी/आरपीएम/केसी/एनकेएस/डीए
(Release ID: 2106796)