विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय
“ भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान, रोपड़ आईहब – अवध ने विश्व कृषि-तकनीक शिखर सम्मेलन, 2024 दुबई में वैश्विक साझेदारी को मजबूत किया और एक सतत भविष्य के लिए नवाचार को बढ़ावा दिया”
प्रविष्टि तिथि:
11 DEC 2024 12:07PM by PIB Delhi
वैश्विक नेताओं, नवप्रवर्तकों और प्रमुख हितधारकों ने 9-10 दिसंबर को दुबई में आयोजित विश्व कृषि-तकनीक शिखर सम्मेलन 2024 में कृषि और स्थिरता की संभावनाओं का पता लगाने के लिए सम्मेलन में भाग लिया। रीथिंक इवेंट्स द्वारा आयोजित इस प्रतिष्ठित शिखर सम्मेलन में भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान रोपड़ में भारत सरकार के विज्ञान और प्रौद्योगिकी विभाग (डीएसटी) द्वारा राष्ट्रीय अंतःविषय साइबर-भौतिक प्रणालियों (एनएम-आईसीपीएस) मिशन के अंतर्गत स्थापित एक तकनीकी नवाचार हब- आईहब- अवध के प्रतिनिधियों के साथ 37 देशों के 300 प्रतिनिधियों, 76 वक्ताओं ने भाग लिया। इसमें स्टार्टअप इंडिया, डीएसटी निधि और मैटी का भी सहयोग प्राप्त हुआ। यह पहल माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के महत्वपूर्ण वैश्विक चुनौतियों का समाधान करने और डीपटेक स्टार्टअप इकोसिस्टम को सक्षम करने के लिए उभरते तकनीकी समाधानों का लाभ उठाने के दृष्टिकोण के अनुरूप है।
मुकेश केस्टवाल, चीफ इनोवेशन ऑफिसर, ने स्टार्टअप शोकेस सत्र में जूरी सदस्य और वक्ता के रूप में भाग लिया। इसमें उन्होंने भारत, सिंगापुर, केन्या और मोरक्को के चार स्टार्टअप का मूल्यांकन किया। संस्थापकों को दी गई। उनकी अंतर्दृष्टि और प्रतिक्रिया नवाचार को बढ़ावा देने और वैश्विक स्टार्टअप समुदाय का सहयोग करने की अवध की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

स्टार्टअप को सहयोग करने के अपने मिशन के अंतर्गत, आईहब- अवध ने 114 स्टार्टअप को सहयोग किया है। इन स्टार्टअप ने बाहरी फंडिंग में 96 करोड़ रुपये से अधिक जुटाए हैं और 16 करोड़ रुपये का सीधा निवेश किया है। विश्व कृषि-तकनीक सम्मेलन में इसके द्वारा समर्थित दो स्टार्टअप ने अपने नवाचारों का प्रदर्शन किया: प्रियन शाह और ताहा मलिक द्वारा स्थापित क्रॉपरोवर ने अपनी अग्रणी रोबोटिक फसल प्रबंधन तकनीक पेश की जबकि डॉ. विपाशा शर्मा द्वारा सह-स्थापित मैकेली बायोटेक ने कृषि जैव प्रौद्योगिकी में प्रभावशाली प्रगति को साझा किया।
वैश्विक साझेदारी को मजबूत करने, वैश्विक सहयोग को बढ़ावा देने के अपने दायित्व के अनुरूप, आईआईटी रोपड़ (आईहब- अवध) ने शिखर सम्मेलन के दौरान दो प्रमुख साझेदारियों को औपचारिक रूप दिया। ईएसजी वैस दुबई स्थित स्थिरता सलाहकार फर्म है जो कॉर्पोरेट्स और एसएमई को रणनीतिक मार्गदर्शन प्रदान करती है और पीआरवाईएम सॉल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड (सलाम किसान): महाराष्ट्र स्थित स्टार्टअप है। जो ग्रामीण लचीलापन और सतत विकास को बढ़ावा देने पर केंद्रित है।

शिखर सम्मेलन में कृषि और जल प्रबंधन में गहन तकनीकी नवाचारों को आगे बढ़ाने में आईआईटी रोपड़ (आईहब - अवध) की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला गया। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान, रोपड़ के अनुसंधान एवं विकास विभाग के डीन डॉ. पुष्पेंद्र पी. सिंह के नेतृत्व में दो प्रमुख पहलों कृषि में एआई उत्कृष्टता केंद्र (सीओई) (शिक्षा मंत्रालय द्वारा) और कृषि और जल के लिए प्रौद्योगिकी नवाचार केंद्र (डीएसटी के एनएम-आईसीपीएस द्वारा) के माध्यम से कृषि तकनीकी, जलवायु तकनीकी और स्थिरता के क्षेत्र में नवाचार किए जा रहे हैं।
इस आयोजन के बारे में बोलते हुए, मुकेश केस्टवाल ने कहा, "हमारा मिशन नवाचार, स्थिरता और प्रभावशाली सहयोग द्वारा निश्चित भविष्य का निर्माण करना है। हमारे स्टार्टअप, प्रौद्योगिकी वर्टिकल और साझेदारी के माध्यम से, हमारा लक्ष्य कृषि और उससे परे डीपटेक की महत्वपूर्ण चुनौतियों का समाधान करना है।"
शिखर सम्मेलन के अलावा वैश्विक समुदाय के साथ जुड़ते हुए मुकेश केस्टवाल ने भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान, रोपड़ का प्रतिनिधित्व भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान, दिल्ली के पूर्व छात्र शिखर सम्मेलन में किया। इसमें उन्होंने उद्यम पूंजीपतियों, कॉरपोरेट्स और दुबई क्षेत्र के प्रमुख सदस्यों के साथ बातचीत की। विचार-विमर्श सत्रों के दौरान, डीप-टेक स्टार्टअप को बढ़ावा देने में एआई की भूमिका पर चर्चा की गई। इससे डीप-टेक व्यवस्था में एक नेता के रूप में अवध की स्थिति और मजबूत हुई।
शिखर सम्मेलन के समापन पर, भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान, रोपड़ ने टिकाऊ भविष्य के लिए परिवर्तनकारी समाधान बनाने के लिए अपने गहन प्रौद्योगिकी नवाचार में वैश्विक प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान देने के दृष्टिकोण को दोहराया।
***
एमजी/केसी/पीपी/एनके
(रिलीज़ आईडी: 2088582)
आगंतुक पटल : 83