खान मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

उपराष्ट्रपति श्री जगदीप धनखड़ 15 दिसंबर, 2024 को ग्वालियर में अत्याधुनिक जीएसआई भूविज्ञान संग्रहालय का उद्घाटन करेंगे

प्रविष्टि तिथि: 13 DEC 2024 3:43PM by PIB Delhi

उपराष्ट्रपति श्री जगदीप धनखड़ 15 दिसंबर, 2024 को मध्य प्रदेश के ग्वालियर में विक्टोरिया मार्केट बिल्डिंग में जीएसआई भूविज्ञान संग्रहालय का उद्घाटन करेंगे। इस कार्यक्रम में मध्य प्रदेश के राज्यपाल श्री मंगूभाई पटेल, केंद्रीय संचार और पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री श्री ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया, केंद्रीय कोयला और खान राज्य मंत्री श्री सतीश चंद्र दुबे, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, मध्य प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष श्री नरेंद्र सिंह तोमर और भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण के महानिदेशक श्री असित साहा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहेंगे।

ऐतिहासिक विक्टोरिया मार्केट बिल्डिंग में स्थित यह अत्याधुनिक संग्रहालय भूविज्ञान शिक्षा और जन सहभागिता का केंद्र बनने के लिए तैयार है। जीएसआई भूविज्ञान संग्रहालय भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण द्वारा पृथ्वी विज्ञान से जुड़ी अनूठी घटनाओं और गतिविधियों को दर्शाने की विशिष्ट पहल का प्रतिनिधित्व करते हुए लोगों में वैज्ञानिक सोच और ज्ञान-साझाकरण को बढ़ावा देता है।

इस संग्रहालय में दो गैलरी हैं जिन्हें पृथ्वी, वायुमंडलीय और महासागर विज्ञान के साथ-साथ जीवन के विकास के बारे में जागरूकता बढ़ाने के लिए डिज़ाइन किया गया है। अत्याधुनिक प्रदर्शनियों, संवादात्मक गतिविधियों, दुर्लभ भूवैज्ञानिक नमूनों और मल्टीमीडिया डिस्प्ले के साथ, संग्रहालय शिक्षाविदों, वैज्ञानिकों, छात्रों और आम जनता को समान रूप से आकर्षित करने में सक्षम हैं।

ग्वालियर नगर निगम और राष्ट्रीय विज्ञान संग्रहालय परिषद (एनसीएसएम) के समन्वय से विकसित यह संग्रहालय भूविज्ञान के क्षेत्र में जानकारी को बढ़ावा देने और पृथ्वी तथा इसके संसाधनों के बारे में जिज्ञासा उत्पन्न करने के लिए जीएसआई की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

***

एमजी/केसी/जेके/एचबी


(रिलीज़ आईडी: 2084184) आगंतुक पटल : 320
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu , Tamil