पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय
मध्य प्रदेश के रातापानी टाइगर रिजर्व को देश का 57वां टाइगर रिजर्व घोषित किया गया
प्रविष्टि तिथि:
03 DEC 2024 5:56PM by PIB Delhi
केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री श्री भूपेंद्र यादव ने मध्य प्रदेश के रातापानी टाइगर रिजर्व को देश के 57वें टाइगर रिजर्व के रूप में अधिसूचित किए जाने की जानकारी दी है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में श्री यादव ने कहा, “संरक्षण को लेकर सुरक्षात्मक रवैया! हम अपने बाघों के संरक्षण में लगातार काफी प्रगति कर रहे हैं। भारत ने अपने बाघों की सूची में 57वां बाघ रिजर्व जोड़ा है। इस सूची में शामिल होने वाला नवीनतम मध्य प्रदेश का रातापानी टाइगर रिजर्व है। प्रकृति प्रेमियों और प्रकृति की देखभाल करने वालों के देश के रूप में, भारत बाघ के लिए सबसे अच्छा आवास प्रदान करता है। यह उपलब्धि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी द्वारा आर्थिक प्रगति के साथ-साथ वन्यजीव संरक्षण पर दिए गए बल का परिणाम है।”
रातापानी टाइगर रिजर्व का कोर एरिया 763.8 वर्ग किमी, बफर एरिया 507.6 वर्ग किलोमीटर तथा कुल क्षेत्रफल 1271.4 वर्ग किलोमीटर है। यह मध्य प्रदेश का 8वां टाइगर रिजर्व है।
इस संरक्षण पहल से रातापानी, भोपाल सीहोर क्षेत्र के जंगलों में वन्यजीव प्रबंधन को मजबूती मिलेगी। मानक संरक्षण, आवास प्रबंधन, इकोटूरिज्म, सामुदायिक सहभागिता गतिविधियों आदि को अपनाया जाएगा, जिससे रातापानी टाइगर परिदृश्य में वन्यजीव संरक्षण को मजबूती मिलेगी। इससे स्थानीय समुदायों को वांछित इकोटूरिज्म लाभ मिलेगा और क्षेत्र के विकास में मदद मिलेगी।
***
एमजी/केसी/जेके/ओपी
(रिलीज़ आईडी: 2081430)
आगंतुक पटल : 737