शिक्षा मंत्रालय
शिक्षा मंत्रालय और इसके स्वायत्त निकायों के विशेष अभियान 4.0 का सफलतापूर्वक समापन हुआ और इसकी उपलब्धियों और सर्वोत्तम कार्यप्रणाली के बारे में बताया
Posted On:
09 NOV 2024 9:24PM by PIB Delhi
शिक्षा मंत्रालय के स्कूल शिक्षा एवं साक्षरता विभाग को विशेष अभियान 4.0 के सफल समापन की घोषणा करते हुए गर्व हो रहा है। इस अभियान में शिक्षा मंत्रालय के देश भर के सभी स्वायत्त निकायों और स्कूलों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के कार्यस्थल की कार्यकुशलता में सुधार और स्वच्छता को संस्थागत बनाने के दृष्टिकोण से प्रेरित होकर इस अभियान में सार्वजनिक शिकायतों और सार्वजनिक शिकायत की अपीलों के निपटान, लंबित मामलों को कम करने, रिकॉर्ड प्रबंधन और कार्यालय स्थानों के अधिकतम उपयोग और सौंदर्यीकरण को बढ़ावा देने पर ध्यान केंद्रित किया गया।
2 अक्टूबर, 2024 को आरंभ किए गए इस अभियान ने महत्वपूर्ण, केंद्रित सुधार किए हैं जिससे एक स्वच्छ, अधिक सुव्यवस्थित और कुशल कार्य वातावरण के निर्माण में योगदान मिला है। इस पहल ने न केवल भौतिक स्थानों को बढ़ाया है, बल्कि देश भर के संस्थानों और स्कूलों में पर्यावरण के प्रति स्थिरता और जिम्मेदारी की संस्कृति को भी बढ़ावा दिया है।
वास्तविक प्रयासों के अतिरिक्त, हैशटैग #SpecialCampaign4 के अंतर्गत सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से व्यापक जागरूकता अभियान चलाए गए। इन अभियानों ने व्यापक ध्यान आकर्षित किया और अधिक से अधिक सार्वजनिक जुड़ाव को प्रोत्साहित किया, जिससे स्वच्छता और संगठनात्मक दक्षता का संदेश आगे बढ़ा। इन संयुक्त प्रयासों के माध्यम से, अभियान ने कार्य वातावरण और स्टाफ सदस्यों के समग्र अनुभव दोनों पर स्थायी प्रभाव छोड़ा है।
विशेष अभियान 4.0 के दौरान प्रमुख उपलब्धियाँ:
- देश भर में संस्थानों और स्कूलों द्वारा कुल 2,90,845 स्वच्छता अभियान आयोजित किए गए। यह उत्साहपूर्ण भागीदारी को दर्शाता है। यह स्वच्छता के संदेश को आगे बढा़ता है और अन्य लोगों को इस मिशन में शामिल होने के लिए प्रोत्साहित करता है।
- विभाग और उसके स्वायत्त निकायों के संयुक्त प्रयास से 1,44,000 वर्ग फीट से अधिक जगह साफ की गई जिससे 40 लाख रुपये से अधिक का राजस्व प्राप्त हुआ।
- इस अवधि के दौरान, 904 जन शिकायतों में से 887 (98.11%), सांसदों के 273 संदर्भों में से 253 (92.7%), राज्य सरकारों के 33 संदर्भों में से 30 (91%), प्रधानमंत्री कार्यलय के 4 संदर्भों में से 3 (75%), और 6 संसदीय आश्वासनों में से 5 (83.3%) का निपटारा किया गया।
- एक व्यापक अभिलेख प्रबंधन पहल की गई। इसने लक्ष्य को पूरा किया। कुल 61,100 भौतिक फाइलों और 1,367 ई-फाइलों की समीक्षा की गई। इसमें शत प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त किया गया। इस समीक्षा के परिणामस्वरूप 40,244 भौतिक फाइलों की छंटाई और 893 ई-फाइलों को बंद किया गया।
- विशेष अभियान 4.0 के अंतर्गत सर्वोत्तम प्रथाओं में से एक पर्यावरण संबंधी मुद्दों के साथ-साथ पर्यावरण के अनुकूल व्यवहार के बारे में जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए स्थिरता की पहल है। इन पहलों में शास्त्री भवन, नई दिल्ली के गेट नंबर 6 पर पुनर्चक्रित प्लास्टिक से बने पर्यावरण के अनुकूल बैंचे लगाना और उद्यान क्षेत्र की कायाकल्प करना शामिल है। सीएसआर कार्यक्रम के अंतर्गत बिसलेरी इंटरनेशनल के सहयोग से गलियारों को माउथ और फुट पेंटिंग कलाकारों आदि के चित्रों से सजाया गया है।
- मिशन लाइफ के लिए इको क्लबों के अंतर्गत देश भर के स्कूलों में छात्रों को "3 आर" फॉर्मूले: कम करना, पुन: उपयोग करना और पुन: चक्रण के अनुरूप पर्यावरण के अनुकूल आदतों के बारे में बताया गया।
स्कूल शिक्षा एवं साक्षरता विभाग (डीओएसईएंडएल) में विशेष अभियान 4.0 की उपलब्धियाँ कर्मचारियों के लिए एक कुशल, सुव्यवस्थित, स्वच्छ और सहायक कार्यस्थल स्थापित करने के प्रति इसके समर्पण को दर्शाती हैं। डीओएसईएंडएल प्रभावी सार्वजनिक सेवा प्रदान करने और सकारात्मक सामुदायिक प्रभाव पैदा करने के अपने लक्ष्य के प्रति दृढ़ है।
***
एमजी/केसी/पीपी/आर
(Release ID: 2072133)