युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय
विशेष अभियान 4.0 में युवा मामले विभाग, युवा मामले एवं खेल मंत्रालय की उपलब्धियां
प्रविष्टि तिथि:
06 NOV 2024 6:22PM by PIB Delhi
कार्मिक, लोक शिकायत और पेंशन मंत्रालय के प्रशासनिक सुधार और लोक शिकायत विभाग द्वारा दिए गए निर्देशों के अनुसार, युवा मामले विभाग, युवा मामले और खेल मंत्रालय ने अपने मुख्य सचिवालय, शास्त्री भवन, नई दिल्ली और इसके अधीनस्थ कार्यालय, राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) और दो स्वायत्त संगठनों, नेहरू युवा केंद्र संगठन (एनवाईकेएस) और राजीव गांधी राष्ट्रीय युवा विकास संस्थान ( आरजीएनआईवाईडी ) में 2 अक्टूबर, 2024 से 31 अक्टूबर, 2024 तक स्वच्छता और लंबित मामलों के निपटान के लिए विशेष अभियान 4.0 आयोजित किया।
तैयारी चरण के दौरान, युवा मामले विभाग और इसके अधीनस्थ कार्यालय/स्वायत्त संगठनों अर्थात एनएसएस, एनवाईकेएस और आरजीएनआईवाईडी ने अधिकारियों को जागरूक किया। इसके अलावा अभियान के लिए जमीनी कार्यकर्ताओं को संगठित किया; लंबित कार्यों की पहचान की; अभियान स्थलों को अंतिम रूप दिया; स्क्रैप और अनावश्यक सामग्रियों की पहचान की और उनके निपटान के लिए निर्धारित प्रक्रियाओं को पूरा किया गया।
अभियान चरण (2 से 31 अक्टूबर, 2024) के दौरान, युवा मामले विभाग और उसके अधीनस्थ कार्यालय/स्वायत्त संगठनों ने सांसदों के संदर्भ, संसदीय आश्वासन, जन शिकायतों और पी.जी. अपीलों के लंबित मामलों को कम करने के लिए तमाम प्रयास किए। सभी प्रमुख लंबित मामलों को काफी हद तक कम किया गया। विभाग के रिकॉर्ड रूम और स्टोर रूम की सफाई की गई और पुराने रिकॉर्ड, फाइलें आदि का निपटान करके उचित प्रबंधन किया गया। पुराने फर्नीचर और स्क्रैप का भी निपटान किया गया।
इसके अलावा, देश भर में समुद्र तटों की सफाई के लिए एक विशेष कार्यक्रम भी चलाया गया। इस कार्यक्रम का नेतृत्व माननीय युवा मामले और खेल मंत्री ने किया, जिन्होंने स्वच्छता अभियान के तहत गुजरात के पोरबंदर समुद्र तट पर अभियान का नेतृत्व किया, समुद्र तट की सफाई की गई और दूसरों को स्वच्छ पर्यावरण के लिए प्रेरित किया। विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी देश भर के विभिन्न समुद्र तटों से सफाई कार्यक्रम में शामिल हुए। अभियान के दौरान 6,22,469 माय भारत (MYBharat) स्वयंसेवकों की भागीदारी से 700 समुद्र तटों और समुद्र तटीय क्षेत्रों की सफाई की गई।
"स्वच्छता ही सेवा" अभियान के दौरान, माय भारत के स्वयंसेवकों ने 1,29,577 गतिविधियों का आयोजन किया जैसे जल स्रोतों की सफाई पर सामुदायिक कार्य शिविर; कुओं, तालाबों, छोटी जल नहरों की खुदाई, रखरखाव और मरम्मत, पेयजल कुओं में सफाई की गई। युवा स्वयंसेवकों ने एकल उपयोग प्लास्टिक के उन्मूलन, अपशिष्ट संग्रह और इसके सुरक्षित निपटान पर व्यापक जागरूकता पैदा की।
माय भारत (MY Bharat) पोर्टल पर एक मेगा-इवेंट 'स्वच्छता ही सेवा' बनाया गया, जिसके तहत 15,400 से अधिक उप-इवेंट पंजीकृत किए गए। एसएचएस-2024 के तहत प्राथमिकताओं के अनुरूप व्यक्तिगत संदेश, जागरूकता बैठकें, केंद्रित समूह चर्चा आदि जैसी बीसीसी (व्यवहार परिवर्तन संचार) गतिविधियों पर ध्यान दिया गया, जिसके तहत कुल 2608 गतिविधियाँ आयोजित की गईं। कुल मिलाकर, विभाग द्वारा कुल 1,29,577 गतिविधियाँ आयोजित की गईं और 15,82,359 किलोग्राम प्लास्टिक कचरा एकत्र किया गया।
****
एमजी/ आरपीएम /केसी / केजे
(रिलीज़ आईडी: 2071304)
आगंतुक पटल : 344