प्रविष्टि तिथि:
01 NOV 2024 3:39PM by PIB Delhi
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के स्वच्छता को संस्थागत बनाने तथा सरकारी कार्यों में लंबित मामलों को कम करने के दृष्टिकोण और मिशन से प्रेरणा लेते हुए विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग ने 2 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2024 तक विशेष अभियान 4.0 (कार्यान्वयन चरण) शुरू किया। विशेष अभियान का उद्देश्य सरकारी कार्यालयों की समग्र स्वच्छता में सुधार लाना तथा सरकारी कार्यालयों के साथ आम जनता के सार्वजनिक अनुभव को बेहतर बनाना है। इसलिए, क्षेत्रीय/बाहरी कार्यालयों (संलग्न/अधीनस्थ कार्यालयों) पर विशेष ध्यान केंद्रित दिया गया।
विभाग के विभिन्न संगठनों द्वारा की गई स्वच्छता गतिविधियों की झलकियां इस प्रकार हैं: -
विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग ने स्वच्छता पर बल देते हुए विशेष अभियान 4.0 को सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है, जिसे विभाग के भीतर तथा देश के विभिन्न भागों में स्थित विभिन्न स्वायत्त निकायों/अधीनस्थ कार्यालयों में संचालित किया गया।
अभियान के दौरान, कार्यालयों में स्थान प्रबंधन और कार्यस्थल अनुभव को बढ़ाने पर विशेष ध्यान केंद्रित किया गया। विशेष अभियान के प्रारंभिक चरण की शुरुआत से ही विभाग ने अपने स्वायत्त निकायों/अधीनस्थ कार्यालयों के साथ मिलकर देश भर में स्वच्छता के लिए विभिन्न स्थानों की पहचान की। इसमें सफाई के लिए लगभग 257 स्थलों की पहचान की गई, 26 हजार से अधिक भौतिक फाइलें और लगभग 383 ई-फाइलों की समीक्षा के लिए पहचान की गई। दैनिक प्रगति की निगरानी एक समर्पित टीम द्वारा की गई और प्रशासनिक सुधार और लोक शिकायत विभाग (डीएआरपीजी) द्वारा निर्मित एससीपीडीएम पोर्टल पर नियमित रूप से जानकारी अपलोड की गई।
विशेष अभियान 4.0 की नोडल अधिकारी और संयुक्त सचिव (प्रशासन) श्रीमती ए. धनलक्ष्मी ने नियमित रूप से अभियान की प्रगति की समीक्षा की और चल रहे विशेष अभियान 4.0 के तहत कार्यालय परिसर के अंदर कई स्थानों का दौरा किया। उन्होंने अधिकारियों के प्रयासों की सराहना की और उन्हें कार्यस्थल पर स्वच्छता बनाए रखने के लिए सर्वश्रेष्ठ प्रयास करने के लिए प्रोत्साहित किया।
कार्यान्वयन चरण कई मोर्चों पर लक्ष्यों से अधिक उपलब्धियों के साथ संपन्न हुआ। विभाग ने अपने अनुभागों/प्रभागों/स्वायत्त निकायों/अधीनस्थ कार्यालयों के साथ विशेष अभियान 4.0 में उत्साहपूर्वक भाग लिया और इसे 894 से अधिक स्थलों पर स्वच्छता उत्सव के रूप में मनाया। इस वर्ष अभियान के दौरान पहचाने गए अपशिष्ट का निपटान करके 4 लाख 76 हजार वर्ग फीट का उल्लेखनीय क्षेत्र मुक्त कराया गया और 4.84 लाख रुपये का राजस्व सृजित किया गया। इसके अलावा, रिकॉर्ड प्रबंधन अभ्यास के हिस्से के रूप में, 30731 भौतिक फाइलों की समीक्षा की गई और उनमें से 14090 फाइलों को हटा दिया गया। इसके अलावा, 575 ई-फाइलों की समीक्षा की गई और उनमें से 321 ई-फाइलें बंद कर दी गईं।
****
एमजी/आरपीएम/केसी/एजे/एनजे