सामाजिक न्‍याय एवं अधिकारिता मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav g20-india-2023

केंद्रीय मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार ने अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस-2024 के सफल आयोजन की अध्यक्षता की


20 राज्यों में राष्ट्रीय वयोश्री योजना के तहत शिविर आयोजित किए गए, जिसमें 21,000 से अधिक वरिष्ठ नागरिकों को लाभ मिला, जिसमें 15.20 करोड़ रुपये के 1.1 लाख से अधिक सहायक उपकरण वितरित किए गए

Posted On: 01 OCT 2024 7:22PM by PIB Delhi

केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय की ओर से आज नई दिल्ली में अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस 2024 मनाया गया। केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार ने राष्ट्रीय वयोश्री योजना के तहत वरिष्ठ नागरिकों को सहायक उपकरण वितरित करने और शिविरों के उद्घाटन के लिए आयोजित समारोह की अध्यक्षता की। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री श्री बी.एल. वर्मा इस समारोह के मुख्य अतिथि थे।

ये शिविर 20 राज्यों में आयोजित किए गए, जिनसे 21,000 से अधिक वरिष्ठ नागरिकों को लाभ मिला। वृद्धजनों को 15.20 करोड़ रुपये मूल्य के लगभग 1,10,550 सहायक उपकरण वितरित किए गए। इससे उन्हें दैनिक गतिविधियों को आसान बनाने तथा स्वतंत्र जीवन को बढ़ावा देने में मदद मिली। डॉ. अंबेडकर अंतरराष्ट्रीय केंद्र, नई दिल्ली में मुख्य कार्यक्रम सहित वितरण शिविरों को एएलआईएमसीओ (भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम) द्वारा समर्थित किया गया।

इस अवसर पर अपने संबोधन में, डॉ. वीरेंद्र कुमार ने कहा, "हमारी सरकार हमारे वरिष्ठ नागरिकों की भलाई सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाने के लिए प्रतिबद्ध है।" वरिष्ठ नागरिक कल्याण के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को चिन्हित करने वाले इस कार्यक्रम का उद्देश्य सहायक उपकरण प्रदान करके वरिष्ठ नागरिकों के जीवन की गुणवत्ता में सुधार करना था।

इस कार्यक्रम की शुरुआत एयरफोर्स बाल भारती स्कूल, लोधी रोड, नई दिल्ली में एक सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ हुई, जहां बच्चों ने अपने दादा-दादी के साथ मिलकर अंतर-पीढ़ीगत बंधन के विषय पर प्रदर्शन किया। इसके बाद वरिष्ठ नागरिकों को शामिल करते हुए वॉकथॉन का आयोजन किया गया, जिसमें सक्रियता पूर्वक उम्र बढ़ने और सामुदायिक भागीदारी की अवधारणा को बढ़ावा दिया गया।

अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस 2024 का सफल आयोजन भारत की इस प्रतिबद्धता का प्रमाण है कि वरिष्ठ नागरिकों को वह देखभाल, सम्मान और अवसर मिले, जिसके वे हकदार हैं। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय बुजुर्गों के लिए एक समावेशी समाज बनाने के लिए समर्पित है और देश भर में वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण को बढ़ावा देने के लिए अपने प्रयास जारी रखेगा।

****

एमजी/आरपीएम/केसी/एसकेएस/एसएस



(Release ID: 2060932) Visitor Counter : 123


Read this release in: English , Urdu