रक्षा मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

भारतीय नौसेना का जहाज तलवार केन्या के मोम्बासा पहुंचा

Posted On: 23 SEP 2024 8:01PM by PIB Delhi

भारतीय नौसेना का अग्रणी स्टील्थ फ्रिगेट आईएनएस तलवार 22 सितंबर 2024 को केन्या के मोम्बासा पहुंचा। इस यात्रा का उद्देश्य दोनों देशों के बीच संबंधों को और मजबूत करना तथा रचनात्मक सहयोग और पारस्परिक विकास के प्रति भारत की प्रतिबद्धता की पुष्टि करना है।

बंदरगाह में जहाज के ठहरने के दौरान, दोनों नौसेनाओं के कार्मिक सहयोग बढ़ाने और अंतर-संचालन को बढ़ावा देने के लिए व्यापक स्तर पर व्यावसायिक बातचीत और आदान-प्रदान यात्राओं में शामिल होंगे।

भारत और केन्या के बीच सदियों पुराने ऐतिहासिक संबंधों की नींव पर एक मजबूत रिश्ता बना है। हिंद महासागर से जुड़े भौगोलिक पड़ोसियों के रूप में, दोनों राष्ट्र एक स्वाभाविक साझेदारी हैं, जो पिछले कुछ वर्षों में नियमित उच्च-स्तरीय यात्राओं, बढ़ते व्यापार और निवेश और व्यापक लोगों के बीच संपर्क से और मजबूत हुई है।

भारत और केन्या के बीच समुद्री सहयोग विज़न स्टेटमेंट 'बहारी' द्वारा निर्देशित है, जिसका स्वाहिली में अर्थ 'महासागर' है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और केन्याई राष्ट्रपति विलियम समोई रुटो ने दिसंबर 2023 में केन्याई राष्ट्रपति की भारत की राजकीय यात्रा के दौरान संयुक्त विज़न स्टेटमेंट जारी किया।

आईएनएस तलवार को 18 जून 2003 को नौसेना में शामिल किया गया था और यह पश्चिमी नौसेना कमान के तहत मुंबई में स्थित भारतीय नौसेना के पश्चिमी बेड़े का हिस्सा है। कैप्टन जीतू जॉर्ज इस जहाज की कमान संभालते हैं, जिसमें लगभग 300 कर्मी हैं।

****

एमजी/आरपीएम/केसी/वीएस/डीके



(Release ID: 2060058) Visitor Counter : 34


Read this release in: English , Urdu