पूर्वोत्‍तर क्षेत्र विकास मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

माननीय राष्ट्रपति 8 दिवसीय भारतीय कला महोत्सव का उद्घाटन करेंगे

Posted On: 27 SEP 2024 9:00PM by PIB Delhi

पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्रालय (एमडीओएनईआर) अपने पीएसयू एनईएचएचडीसी के माध्यम से हैदराबाद के प्रतिष्ठित राष्ट्रपति निलयम में 29 सितंबर से 6 अक्टूबर तक भव्य भारतीय कला महोत्सव आयोजित करने जा रहा है। इस सांस्कृतिक उत्सव का आधिकारिक उद्घाटन राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु द्वारा आज शाम 4:00 बजे माननीय राज्य मंत्री डॉ. सुकांत मजूमदार की उपस्थिति में किया जाएगा।

आठ दिवसीय इस महोत्सव में पूर्वोत्तर राज्यों की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का जश्न मनाया जाएगा, जिससे लोगों को अरुणाचल प्रदेश, असम, मणिपुर, मेघालय, मिजोरम, नागालैंड, सिक्किम और त्रिपुरा की जीवंत कला, शिल्प, संगीत, नृत्य और पाककला का आनंद लेने का अनूठा अवसर मिलेगा। इन क्षेत्रों के 300 से अधिक प्रतिभाशाली कलाकार और कारीगर अपनी विविध परंपराओं का प्रदर्शन करेंगे।

यह महोत्सव 29 सितंबर से 6 अक्टूबर के बीच प्रतिदिन सुबह 10:00 बजे से शाम 8:00 बजे तक आम जनता के लिए खुला रहेगा। इसमें प्रवेश निःशुल्क है, और ऑनलाइन आरक्षण visit.rashtrapatibhavan.gov.in पर किया जा सकता है। वॉक-इन आगंतुकों को सिकंदराबाद में बोलारम में राष्ट्रपति निलयम में ऑन-द-स्पॉट बुकिंग सुविधा भी मिलेगी।

मंत्री श्री ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया और राज्य मंत्री डॉ. सुकांत मजूमदार के नेतृत्व में एमडीओएनईआर पूर्वोत्तर राज्यों के साथ संबंधों को मजबूत करने और उनकी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा देने के लिए अपनी प्रतिबद्धता पर अडिग है।

एमडीओएनईआर द्वारा आयोजित प्रमुख कार्यक्रमों में हरियाणा के सूरजकुंड में सूरजकुंड अंतर्राष्ट्रीय शिल्प मेला, डेस्टिनेशन नॉर्थ ईस्ट फेस्टिवल और उत्तर पूर्वी महोत्सव आदि शामिल हैं।

ये त्यौहार कला, शिल्प, भोजन और पारंपरिक नृत्यों के माध्यम से उत्तर पूर्व की विविध और अनूठी सांस्कृतिक धरोहरों को प्रदर्शित करते हैं। ये प्रयास भारत की सांस्कृतिक विरासत में क्षेत्र के योगदान को उजागर करते हैं, साथ ही सामाजिक सद्भाव, समावेशी विकास और उत्तर पूर्व की जीवंत परंपराओं की व्यापक मान्यता को भी बढ़ावा देते हैं।

***

एमजी/आरपीएम/केसी/एनकेएस


(Release ID: 2059760) Visitor Counter : 260


Read this release in: English , Urdu