महिला एवं बाल विकास मंत्रालय
देश भर से महिला एवं बाल विकास मंत्रालय से सम्बंधित 161 क्षेत्रीय पदाधिकारियों को स्वतंत्रता दिवस समारोह में विशेष अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया
महिलाओं और बच्चों को सशक्त बनाने की दिशा में उनके प्रयासों के सम्मान में विशेष अतिथियों को आमंत्रित किया गया
Posted On:
12 AUG 2024 6:57PM by PIB Delhi
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी 15 अगस्त, 2024 को 78वें स्वतंत्रता दिवस समारोह में दिल्ली के ऐतिहासिक लाल किले से राष्ट्र का नेतृत्व करेंगे। वे राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे और इस ऐतिहासिक स्थल की प्राचीर से राष्ट्र के नाम पारंपरिक संबोधन देंगे।
महिला और बाल विकास मंत्रालय की विभिन्न योजनाओं को लागू करने वाले राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों के 161 क्षेत्रीय पदाधिकारियों को उनके जीवनसाथी/साथियों के साथ 78वें स्वतंत्रता दिवस समारोह में विशेष अतिथि के रूप में लाल किले में इस समारोह का हिस्सा बनने के लिए देश के सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से आमंत्रित किया गया है। आंगनवाड़ी, सखी वन-स्टॉप सेंटर, संकल्प: महिला सशक्तिकरण केंद्र, बाल कल्याण समितियां और जिला बाल संरक्षण इकाइयों की चुनी हुई महिला कार्यकर्ताओं को विशेष अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है।
इन कार्यकर्ताओं को महिलाओं और बच्चों को सशक्त बनाने और आवश्यक सेवाओं की अंतिम मील तक आपूर्ति सुनिश्चित करने की दिशा में उनके प्रयासों के सम्मान में देश भर से आमंत्रित किया गया है। आमंत्रित क्षेत्रीय कार्यकर्ताओं के साथ 133 पति/पत्नी/साथी भी समारोह का हिस्सा होंगे।
विशेष अतिथि अपने पति/पत्नी/साथियों के साथ 14 अगस्त, 2024 को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री संग्रहालय, कर्तव्य पथ और अन्य महत्वपूर्ण स्मारकों जैसे महत्वपूर्ण स्थलों का दौरा करेंगे।
महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री श्रीमती सावित्री ठाकुर और महिला एवं बाल विकास मंत्रालय के सचिव के साथ विशेष अतिथियों का एक विशेष संवाद कार्यक्रम कल विज्ञान भवन, नई दिल्ली में आयोजित किया जा रहा है।
ये विशेष अतिथि अपने जीवनसाथी/साथियों के साथ 13 से 16 अगस्त, 2024 तक नई दिल्ली में रहेंगे।
****
एमजी/एआर/जीबी/डीवी
(Release ID: 2045002)