संस्‍कृति मंत्रालय

'गांवों का सांस्कृतिक मानचित्रण'

Posted On: 22 JUL 2024 1:45PM by PIB Delhi

भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय ने राष्ट्रीय सांस्कृतिक मानचित्रण मिशन (एनएमसीएम) की शुरुआत की है। इस परियोजना के उद्देश्य और लक्ष्य इस प्रकार हैं:

  • विकास एवं सांस्कृतिक पहचान के साथ सांस्कृतिक विरासत की ताकत और इसके बारे में जागरूकता पैदा करना।
  • 6.5 लाख गांवों का उनके भौगोलिक, जनसांख्यिकीय प्रोफाइल और रचनात्मक राजधानियों के साथ सांस्कृतिक मानचित्रण।
  • कलाकारों और कलाओं के राष्ट्रीय रजिस्टर का निर्माण।
  • राष्ट्रीय सांस्कृतिक कार्यस्थल (एनसीडब्ल्यूपी) के रूप में कार्य करने के लिए एक वेब पोर्टल और मोबाइल ऐप का विकास।

इस परियोजना का उद्देश्य भारत के उन सभी बसे हुए गांवों को शामिल करना है, जिन्हें भारत के महापंजीयक और जनगणना आयुक्त द्वारा प्रकाशित जनगणना सूची, 2011 में 'गांव' के रूप में चिह्नित किया गया है, जिसमें बिहार के सभी बसे हुए गांव भी शामिल हैं। इसलिए, बिहार के सभी गांवों को सांस्कृतिक मानचित्रण के तहत शामिल किया जाएगा। वर्तमान स्थिति इस प्रकार है:

(i) अब तक बिहार के 45561 गांवों में से 36127 गांवों को कवर किया जा चुका है।

(ii) इसके अलावा, खगड़िया जिले के संबंध में, आज की तिथि तक, 303 गांवों में से 262 गांवों को कवर किया जा चुका है।

यह डेटाबेस मेरा गांव मेरी धरोहर वेब पोर्टल (https://mgmd.gov.in/) पर उपलब्ध है, जो एक ओपन एक्सेस पोर्टल है।

एमजीएमडी वेब पोर्टल पर उपलब्ध आंकड़ों का उपयोग किसी भी मंत्रालय और अन्य सरकारी संगठन द्वारा चिन्हित गांवों की संस्कृतियों, परंपराओं, कला रूपों आदि को संरक्षित करने और बढ़ावा देने के लिए प्रभावी ढंग से किया जा सकता है।

यह जानकारी संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री श्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने आज लोकसभा में एक लिखित उत्तर में दी।

********

एमजी/एआर/आरपी/पीएस



(Release ID: 2035304) Visitor Counter : 36


Read this release in: English , Urdu