रक्षा मंत्रालय

आईएनएस तबर मोरक्को के कैसाब्लांका पहुंचा

Posted On: 09 JUL 2024 8:05PM by PIB Delhi

भारतीय नौसेना का जहाज तबर तीन दिवसीय यात्रा के लिए मोरक्को के कैसाब्लांका पहुंचा

भारतीय नौसेना का अग्रणी युद्धपोत आईएनएस तबर 08 जुलाई 2024 को तीन दिवसीय यात्रा के लिए मोरक्को के कैसाब्लांका पहुंचा। भारत और मोरक्को के बीच मधुर द्विपक्षीय संबंध हैं, जो दोनों नौसेनाओं के बीच नियमित बातचीत सहित विभिन्न क्षेत्रों में फैले हुए हैं।

मोरक्को की भौगोलिक स्थिति अनूठी है तथा इसकी तटरेखा भूमध्य सागर और आटलांटिक महासागर, दोनों के साथ लगती हैं।

आईएनएस तबर की यात्रा का उद्देश्य इन संबंधों को और मजबूत करना तथा दोनों नौसेनाओं के बीच संबंधों को मजबूत करने के नए रास्ते तलाशना है।

आईएनएस तबर, रूस में भारतीय नौसेना के लिए बनाया गया एक स्टील्थ फ्रिगेट है। इस जहाज की कमान कैप्टन एमआर हरीश संभालते हैं और इसमें 280 कर्मी हैं। यह जहाज विभिन्न श्रेणी के हथियारों और सेंसर से लैस है तथा भारतीय नौसेना के सबसे शुरुआती स्टील्थ फ्रिगेट में से एक है। यह जहाज भारतीय नौसेना के पश्चिमी बेड़े का हिस्सा है जो पश्चिमी नौसेना कमान के तहत मुंबई में स्थित है।

कैसाब्लांका बंदरगाह पर तीन दिनों के प्रवास के दौरान, जहाज का चालक दल रॉयल मोरक्कन नौसेना के साथ कई पेशेवर बातचीत करेगा। बाद में, कैसाब्लांका से प्रस्थान करने पर दोनों नौसेनाएं समुद्र में पास्सेक्स  भी करेंगी। इन कदमों से दोनों नौसेनाओं के बीच पारस्परिकता को बढ़ाने का प्रयास किया गया है। ये बातचीत दोनों पक्षों को एक-दूसरे की सर्वोत्तम कार्यप्रणालियोंको देखने और आत्मसात करने का अवसर भी प्रदान करेगी।


***

एमजी/एआर/एसके



(Release ID: 2033158) Visitor Counter : 11


Read this release in: English , Urdu