पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

पर्यावरण सचिव ने युवाओं को पर्यावरण जागरूकता व्यवहार के प्रति संवेदनशील बनाने पर बल दिया जिससे देश में आर्थिक विकास और पारिस्थितिक संतुलन दोनों पर ध्यान केंद्रित हो

प्रविष्टि तिथि: 09 FEB 2024 7:57PM by PIB Delhi

नयी दिल्ली के इंडिया गेट पर आज लाइफ (पर्यावरण के लिए जीवन शैली) विषय पर पर्यावरण अनुकूल गतिविधियों के लिए एक राष्ट्रीय प्रदर्शनी और कार्यक्रम का आयोजन किया गया।इसका उद्घाटन सुश्री लीना नंदन, सचिव, पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय, सुश्री नमिता प्रसाद, संयुक्त सचिव, एमओईएफ एंड सीसी, रवि सिंह, महासचिव, डब्ल्यूडब्ल्यूफइंडिया और अन्य गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति में किया गया। यह कार्यक्रम स्कूली बच्चों और युवाओं पर केंद्रित है।

अपने उद्घाटन भाषण में, सुश्री नंदन ने बल देकर कहा कि युवाओं में बहुत ऊर्जा है और उन्हें पर्यावरण के लिए जागरूक व्यवहार के प्रति संवेदनशील बनाने से देश के आर्थिक विकास और पारिस्थितिक संतुलन दोनों पर भविष्य में ध्यान केंद्रित करने को बढ़ावा मिलेगा।

कार्यक्रम की शुरुआत साइकिल रैली से हुई। साइकिल पर्यावरण के अनुकूल होने के साथ-साथ स्थानीय और छोटे आवागमन के लिए परिवहन का एक अच्छा और स्वस्थ साधन है। इसके बाद, स्कूली बच्चों और युवाओं ने एक जीवंत सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया, जिसमें विचारोत्तेजक नुक्कड़ नाटक खेला गया, जो पर्यावरणीय के प्रति जिम्मेदार व्यवहार को अपनाने पर बल देते हैं। इसके बाद पर्यावरण के प्रति जागरूक कपड़ों पर एक 'इको-फैशन शो' का आयोजन किया गया, जिनके माध्यम से दर्शाया गया कि कपड़े स्टाइलिश और पर्यावरण के अनुकूल, दोनों हो सकते हैं।

दिन की गतिविधियां, लाइफ से संबंधित प्रश्नोत्तरी और शब्द खोज के साथ पूरी हुई, जिसमें विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान किया गया। इस कार्यक्रम में इस बात पर प्रकाश डाला गया कि कैसे युवा व्यवहार परिवर्तन के लिए प्रेरित कर सकते हैं, जो पर्यावरण जागरूक जीवन शैली की दिशा में व्यक्तिगत और सामूहिक कार्रवाई की ओर लेकर जाता है।

पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालयके अंतर्गत पर्यावरण संबंधी जानकारी, जागरूकता, क्षमता निर्माण और आजीविका कार्यक्रम (ईआईएसीपी) केंद्रों के साथ-साथ व्यावसायिक प्रतिष्ठानों ने प्रदर्शनी में मिलेट्स आधारित उत्पादों और वानिकी उत्पादों से लेकर पोर्टेबल सौर ऊर्जा प्रणालियों तक पर्यावरण अनुकूल उत्पादों का प्रदर्शन किया।

 

यह कार्यक्रम 10 फरवरी को भी जारी रहेगा, जिसमें ऑन-द-स्पॉट फेस पेंटिंग और पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिताएं, कचरा पृथक्करण पर कार्यशाला, मिशन लाइफ थीम-आधारित प्रश्नोत्तरी और बहुत कुछ शामिल होगा।

लाइफ,पर्यावरण की रक्षा एवं संरक्षण हेतु व्यक्तिगत एवं सामुदायिक कार्रवाई करने के लिए भारत के नेतृत्व वाला एक वैश्विक आंदोलन है। लाइफ पहल जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों का सामना करने के लिए भारत और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्थायी जीवन शैली को प्रोत्साहित करने के लिए विभिन्न संस्कृतियों से जलवायु अनुकूल सामाजिक मानदंडों, विश्वासों और दैनिक घरेलू प्रथाओं को अपनाती है एवं उनका प्रचार करती है।

लाइफ का विषय-वस्तु, ऊर्जा एवं पानी का संरक्षण, अपशिष्ट एवं ई-कचरे में कमी लाना, स्थायी खाद्य प्रणालियों एवं स्वस्थ जीवन शैली को अपनाना और एकल उपयोग प्लास्टिक को नहीं कहना है। लाइफ क्रियाओं के कई सह-लाभ भी हैं, जैसे वायु प्रदूषण में कमी, घरों के खर्चों में बचत, लोगों की भलाई एवं स्वास्थ्य में सुधार आदि।

लाइफ क्रियाएं विशिष्ट एवं मापनीय हैं; न्यूनतम आपूर्ति निर्भरता के साथ व्यक्तियों, समुदायों और संस्थानों द्वारा इसका अभ्यास आसान है; और चल रही आर्थिक गतिविधि के लिए हानि रहित, और वास्तव में, निकट भविष्य में आर्थिक गतिविधि को बढ़ावा देने वाला है।

***

एमजी/एआर/एके


(रिलीज़ आईडी: 2004747) आगंतुक पटल : 300
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu