संसदीय कार्य मंत्रालय

सरकार ने 31 जनवरी से प्रारंभ होने वाले संसद के अंतरिम बजट सत्र से पूर्व राजनीतिक दलों के नेताओं के साथ बैठक की


संसदीय कार्य मंत्री श्री प्रल्हाद जोशी ने संसद के सुचारू संचालन के लिए सभी राजनीतिक दलों से सक्रिय सहयोग का आह्वान किया

सत्र में 10 दिनों की अवधि में कुल 8 बैठकें होंगी

Posted On: 30 JAN 2024 7:08PM by PIB Delhi

रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह की अध्यक्षता में संसद के अंतरिम बजट सत्र, 2024 के शुभारंभ से पूर्व आज दिल्ली में सभी राजनीतिक दलों के प्रमुख नेताओं के साथ सरकार की एक बैठक हुई। बैठक में केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री श्री प्रल्हाद जोशी ने अपने उद्घाटन संबोधन में कहा  कि संसद का सत्र बुधवार, 31 जनवरी, 2024 से प्रारंभ होगा और सरकारी कामकाज की अत्यावश्यकताओं के अधीन, सत्र का समापन शुक्रवार, 9 फरवरी, 2024 को हो सकता है। संसद के इस अंतरिम बजट सत्र में 10 दिन की अवधि में कुल 8 बैठकों का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि सत्र मुख्य रूप से वर्ष 2024-25 के लिए अंतरिम केंद्रीय बजट से संबंधित वित्तीय कामकाज और राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा के प्रति समर्पित होगा, हालांकि इस सत्र के दौरान आवश्यक विधायी और अन्य कामकाज भी किए जाएंगे। इसके अलावा, उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के संबंध में वर्ष 2023-24 के लिए अनुदान की अनुपूरक मांगों पर चर्चा और मतदान किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, उन्होंने कहा कि वित्तीय वर्ष 2023-24 के लिए केंद्र शासित प्रदेश जम्मू और कश्मीर के अनुदान की अनुपूरक मांगों के साथ-साथ 2024-25 के लिए केंद्र शासित प्रदेश जम्मू और कश्मीर के अंतरिम बजट पर प्रस्तुति और चर्चा करते हुए मतदान भी किया जाएगा।

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/image001AAYH.jpg

केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री ने कहा कि सरकार संबंधित पीठासीन अधिकारियों द्वारा प्रक्रिया के नियमों के अंतर्गत अनुमति के किसी भी मुद्दे पर सदन में चर्चा के लिए सदैव तैयार है। उन्होंने संसद के दोनों सदनों के सुचारू कामकाज के लिए सभी दलों के नेताओं से सक्रिय सहयोग और समर्थन का भी अनुरोध किया। बैठक में केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग, उपभोक्ता मामले, खाद्य और सार्वजनिक वितरण एवं वस्त्र मंत्री श्री पीयूष गोयल भी शामिल हुए, श्री पीयूष गोयल राज्यसभा में नेता सदन नेता होने के साथ-साथ विधि और न्याय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) भी हैं। संसदीय कार्य एवं संस्कृति राज्य मंत्री श्री अर्जुन राम मेघवाल के साथ-साथ संसदीय कार्य और विदेश राज्य मंत्री, श्री वी. मुरलीधरन भी इस बैठक में उपस्थित रहे।

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/image003Q16T.jpg

संसद के दोनों सदनों में विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं द्वारा उठाए गए मुद्दों को सुनने के पश्चात बैठक का समापन करते हुए केंद्रीय रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह ने बैठक में महत्वपूर्ण मुद्दों को उठाने के लिए नेताओं को धन्यवाद दिया।

कुल मिलाकर, बैठक में तीस राजनीतिक दलों के पैंतालीस नेता शामिल हुए।


***

एमजी/एआर/एसएस/एजे



(Release ID: 2000785) Visitor Counter : 87


Read this release in: English , Urdu