पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

स्वदेशी जहाज निर्माण को बढ़ावा देने के लिए सभी प्रकार की निविदाओं में पालन किए जाने वाले ‘पहले इनकार का अधिकार (आरओएफआर)’ के अनुक्रम में संशोधन किया गया है

प्रविष्टि तिथि: 15 DEC 2023 3:06PM by PIB Delhi

देश में स्वदेशी जहाज निर्माण उद्योग के विकास को बढ़ावा देने के लिए सरकार द्वारा निम्नलिखित उपाय किए गए हैं:

भारत में स्वदेशी जहाज निर्माण उद्योग को बढ़ावा देने के लिए, पत्तन,पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्रालय  ने घरेलू और अंतर्राष्ट्रीय बाजारों से ऑर्डर प्राप्त करने और वैश्विक ऑर्डर प्राप्त करने हेतु अंतर्राष्ट्रीय बाजार में प्रतिस्पर्धी बनने के लिए भारतीय शिपयार्ड के लिए शिप बिल्डिंग वित्तीय सहायता नीति (एसबीएफएपी) योजना लायी है। यह योजना जहाज निर्माण अनुबंधों के लिए भारतीय शिपयार्डों को वित्तीय सहायता प्रदान करती है, यह योजना 1 अप्रैल, 2016 से 31 मार्च, 2026 के बीच की अवधि के लिए हस्ताक्षरित है और इसमें वित्तीय सहायता की दर 2016 में 20% से शुरू होती है और 2026 में घटकर 11% हो जाती है।

आधुनिक प्रौद्योगिकियों और मशीनरी में स्वदेशी जहाज निर्माण को बढ़ावा देने के लिए, मंत्रालय ने एसबीएफएपी दिशा-निर्देशों में संशोधन किया है-

(ए) पवन फार्म स्थापना जहाजों और विशेष जहाजों के रूप में परिष्कृत निकर्षण पोत का निर्माण जो उच्च वित्तीय सहायता प्राप्त करने के पात्र हैं,

(बी) उन जहाजों के लिए 30% की वित्तीय सहायता, जहां मुख्य प्रणोदन हरे ईंधन से प्राप्त किया जाता है, जैसे मेथनॉल / अमोनिया / हाइड्रोजन ईंधन सेल आदि,

(सी) उन जहाजों के लिए 20% की वित्तीय सहायता, जहां जहाजों में प्रणोदन विद्युत साधनों वाले हैं या हाइब्रिड प्रणोदन प्रणाली से लैस हैं।

स्वदेशी जहाज निर्माण को बढ़ावा देने के लिए, जहाज निर्माण और जहाज स्वामित्व से संबंधित सरकारी संस्थाओं को सलाह दी जाती है कि वे भारत सरकार के सार्वजनिक खरीद (मेक इन इंडिया को वरीयता) आदेश, 2017 के अनुसार स्थानीय सामग्री सुनिश्चित करें। इस आदेश के अनुसार, 200 करोड़ रुपये से कम के जहाजों की खरीद भारतीय शिपयार्ड से किया जाना चाहिए।

सरकार ने जहाज निर्माण उद्योग को अवसंरचना का दर्जा प्रदान किया है, जो जहाज निर्माण फर्मों को अपनी संपत्ति के आर्थिक जीवन के बराबर लंबी अवधि के लिए ब्याज की कम दरों पर दीर्घकालिक परियोजना ऋण संरचना का लाभ उठाने में सक्षम बनाता है। इससे वे कार्यशील पूंजी आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए अवसंरचना बांड जारी करने और जहाज निर्माण गतिविधियों को बढ़ाने के लिए कर लाभ प्राप्त करने में भी सक्षम बनते हैं।

सरकार ने भारतीय शिपयार्ड में निर्मित टग की खरीद के लिए प्रमुख बंदरगाहों द्वारा उपयोग के लिए पांच प्रकार के मानक टग डिजाइन जारी किए हैं

सरकार ने सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों सहित सरकारी विभागों या एजेंसियों द्वारा सरकारी उद्देश्यों के लिए या स्वयं के लिए उपयोग किए जाने वाले किसी भी प्रकार के जहाज का अधिग्रहण करने के लिए जारी किए गए नए जहाज निर्माण आदेशों के लिए निविदाओं का मूल्यांकन और पुरस्कार देने के लिए दिशा-निर्देश जारी किया है। जब कभी निविदा के माध्यम से किसी पोत का अधिग्रहण किया जाता है, तो योग्य भारतीय शिपयार्डों के पास ‘पहले इनकार करने का अधिकार’ होगा जिससे वे विदेशी शिपयार्ड द्वारा प्रस्तावित मूल्यांकित न्यूनतम मूल्य से मेल खा सकें, जिसका उद्देश्य भारतीय शिपयार्ड में जहाज निर्माण गतिविधियों को बढ़ावा देना है।

स्वदेशी जहाज निर्माण को बढ़ावा देने के लिए सभी प्रकार की निविदाओं हेतु पालन किए जाने वाले ‘पहले इनकार का अधिकार (आरओएफआर)’ के अनुक्रम को संशोधित किया गया है। आरओएफआर का संशोधित पदानुक्रम निम्न है:

(1) भारतीय निर्मित, भारतीय निशान और भारतीय स्वामित्व,

(2) भारतीय निर्मित, भारतीय निशान और भारतीय आईएफएससीए का स्वामित्व,

(3) विदेशी निर्मित, भारतीय निशान और भारतीय स्वामित्व,

(4) विदेशी निर्मित, भारतीय निशान और भारतीय आईएफएससीए का स्वामित्व,

(5) भारतीय निर्मित, विदेशी निशान और विदेशी स्वामित्व।

यह जानकारी केंद्रीय पत्तन,पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्री श्री सर्बानंद सोनोवाल ने आज लोकसभा में एक प्रश्न के लिखित उत्तर में दी।

****

एमजी/एआर/आरपी/एके


(रिलीज़ आईडी: 1986821) आगंतुक पटल : 224
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu