शिक्षा मंत्रालय

एसटीईएम पाठ्यक्रमों में महिलाओं की भागीदारी को बढ़ावा देने के लिए सरकार द्वारा उठाए गए कदम

Posted On: 11 DEC 2023 5:17PM by PIB Delhi

अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद (एआईसीटीई) ने उच्च शिक्षा एवं अनुसंधान के उद्देश्य से महिला विद्यार्थियों को बढ़ावा देने हेतु महिलाओं के लिए प्रगति छात्रवृत्ति और टेक सक्षम कार्यक्रम (टीएसपी) शुरू किया है। प्रगति छात्रवृत्ति वर्ष 2014 में मेधावी छात्राओं को उच्च शिक्षा प्राप्त करने के उद्देश्य से प्रोत्साहित करने हेतु छात्रवृत्ति प्रदान करने के लिए शुरू की गई थी। एआईसीटीई तकनीकी शिक्षा में प्रवेश लेने वाली बालिकाओं को 10000 छात्रवृत्ति (प्रगति) प्रदान कर रही है। टेक सक्षम कार्यक्रम एक टॉप-अप कार्यक्रम है, जो उच्च शिक्षा प्राप्त करने से वंचित रह जाने वाली महिला विद्यार्थियों के बीच रोजगार कौशल विकसित करने के लिए अनुभवात्मक शिक्षा का उपयोग करता है।

भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थानों (आईआईटी) में स्नातक कार्यक्रमों में महिला विद्यार्थियों की संख्या में वृद्धि के उद्देश्य से अतिरिक्त सीटें बढ़ाई गई हैं, जिससे महिला नामांकन 2018-19 में 8% से बढ़कर 2020-21 में 20% तक हो गया है। उच्च शिक्षा के लिए आयोजित अखिल भारतीय सर्वेक्षण (एआईएसएचई) के अनुसार, एसटीईएम पाठ्यक्रमों में महिला नामांकन 2014-15 में 38.4% से बढ़कर 2021-22 (अनंतिम) में 42.6% हो गया है। वर्ष 2023 में प्राप्त हुए विश्व बैंक के लिंग आधारित डेटा के अनुसार, भारत में तृतीयक शिक्षा के प्रतिशत के रूप में एसटीईएम से स्नातक महिलाओं की हिस्सेदारी (2018) 42.7% है। यह अमरीका (2016) में 34% है, ब्रिटेन (2016) में 38.1%, ऑस्ट्रेलिया में (2017) 32.1% और जर्मनी (2017) में 27.6% है।

शिक्षा राज्य मंत्री डॉ. सुभाष सरकार ने यह जानकारी आज लोकसभा में एक लिखित उत्तर में दी।

****

एमजी/एआर/एनके/डीए



(Release ID: 1985241) Visitor Counter : 157


Read this release in: English , Urdu