इलेक्ट्रानिक्स एवं आईटी मंत्रालय

गुजरात के साणंद में माइक्रोन की सेमीकंडक्टर परियोजना फास्ट ट्रैक पर

Posted On: 06 DEC 2023 4:35PM by PIB Delhi

प्रधानमंत्री श्री नरेन्‍द्र मोदी के नेतृत्व में केन्‍द्रीय मंत्रिमंडल ने जून 2023 में ₹22,516 करोड़ (2.75 बिलियन डॉलर) के पूंजी निवेश के साथ भारत में सेमीकंडक्टर इकाई स्थापित करने के लिए माइक्रोन के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी थी, साथ ही साथ 50 प्रतिशत वित्तीय सहायता प्रदान की गई थी। यूनिट का शिलान्यास गुजरात के साणंद में 3 महीने के भीतर सितम्‍बर 2023 में किया गया था।

यूनिट का निर्माण कार्य जोरों पर चल रहा है और लगभग 12 महीनों में पूरा होने की उम्मीद है। इस इकाई में निर्मित मेमोरी और स्टोरेज उत्पाद घरेलू खपत को पूरा करेंगे और विश्व स्तर पर निर्यात किए जाएंगे।

उम्मीद है कि इकाई अगले 5 वर्षों में 5 हजार प्रत्यक्ष और 15 हजार अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा करेगी। इंडिया सेमीकंडक्टर मिशन, गुजरात सरकार और माइक्रोन लगभग 10 हजार इंजीनियरों को प्रशिक्षित करने के लिए शैक्षणिक समुदाय के साथ मिलकर काम कर रहे हैं।

गुजरात में 30 से अधिक गैस, रसायन, उपकरण, सब्सट्रेट विनिर्माण और अन्य सहायक उद्योग सुविधाएं स्थापित करने के लिए चर्चा के विभिन्न चरणों में हैं।

परियोजना के लक्ष्य समय पर पूरे करने और प्रोत्साहनों के वितरण सुनिश्चित करने के लिए माइक्रोन, भारत सेमीकंडक्टर मिशन और गुजरात सरकार के बीच समझौतों पर हस्ताक्षर किए गए।

माइक्रोन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष श्री गुरुशरण सिंह ने केंद्र और राज्य सरकार द्वारा प्रदान किए गए त्वरित और निरंतर समर्थन पर प्रसन्नता व्यक्त की और नेतृत्व को धन्यवाद दिया।

इस अवसर पर, केंद्रीय रेल, संचार और इलेक्ट्रॉनिक्स और आईटी मंत्री श्री अश्विनी वैष्‍णव ने गुजरात सरकार, भारत सरकार और उद्योग के बीच समन्वय की सराहना की। उन्होंने भारत में सेमीकंडक्टर विनिर्माण इकोसिस्‍टम के विकास के लिए पूर्ण प्रतिबद्धता और सुविधा का आश्वासन दिया।

गुजरात के मुख्यमंत्री श्री भूपेन्द्र पटेल ने बताया कि इस परियोजना में विकास की तीव्र गति की दुनिया भर में चर्चा हो रही है।

****

एमजी/एआरएम/केपी



(Release ID: 1983377) Visitor Counter : 72


Read this release in: Kannada , English , Urdu