आयुष

‘आयुर्वेद फॉर वन हेल्थ’ अभियान की वैश्विक सफलता का महापर्व 10 नवंबर को पंचकुला में 8वें ‘आयुर्वेद दिवस’ के दिन मनाया जाएगा : डॉ. मुंजपरा महेंद्रभाई

Posted On: 08 NOV 2023 8:03PM by PIB Delhi
  • 10 अक्टूबर 2023 को केन्द्रीय आयुष मंत्री श्री सर्बानंद सोणोवाल ने किया था एक माह के वैश्विक अभियान का शुभारंभ
  • आयुर्वेद को वैश्विक स्तर पर ले जा कर जन सामान्य की जीवन चर्या का हिस्सा बनाना और आयुर्वेद के माध्यम से मानव, जीव-जन्तु, वनस्पति जगत और पर्यावरण कल्याण के समग्र विचार को जन-जन तक पहुंचाना प्रमुख उद्देश्य  
  • विश्व के लगभग 100 देशों से छात्र, किसान और सामान्य जन आयुर्वेद फॉर वन हेल्थ अभियान से जुड़े  
  • आज तक लगभग बारह करोड़ लोगों ने किया आयुर्वेद दिवस अभियान को सपोर्ट, अभियान की 15 हजार से अधिक गतिविधियों में लगभग 14 लाख लोगों ने की जन भागीदारी
  • अब तक लगभग 90 देशों में हुई आयुर्वेद फॉर वन हेल्थ अभियान की डिजिटल पहुँच

चंडीगढ़ में आयोजित मीट द प्रेस कार्यक्रम में केन्द्रीय आयुष राज्य मंत्री डॉ मुंजपरा महेंद्रभाई ने आयुर्वेद दिवस और आयुर्वेद दिवस की तैयारियों के बारे में और आयुष मंत्रालय की पिछले 9 साल की उपलब्धियों  के बारे में पत्रकारों से विस्तृत चर्चा की।

उन्होंने बताया कि लगभग सौ देशों के आम जन, किसान और छात्र ‘आयुर्वेद फॉर वन हेल्थ’ अभियान से जुड़े और आज तक लगभग 12 करोड़ लोगों ने ‘आयुर्वेद फॉर वन हेल्थ अभियान’ को अपना सहयोग और समर्थन दिया है। अभियान में जन भागीदारी की 15 हजार गतिविधियों में लगभग 14 लाख लोगों ने सहभागिता की और अभियान ने पूरी दुनिया के  लगभग 90 देशों में अपनी डिजिटल पहुँच दर्ज की है। ‘आयुर्वेद फॉर वन हेल्थ’ अभियान का जन संदेश, वैश्विक जन भागीदारी के साथ एक अन्तराष्ट्रीय जन आंदोलन बन चुका है।

आयुर्वेद फॉर वन हेल्थ के वैश्विक अभियान की सफलता का महापर्व 10 नवंबर 2023 को पंचकुला, हरियाणा में 8 वें आयुर्वेद दिवस के दिन मनाया जाएगा। केन्द्रीय मंत्री श्री सर्बानंद सोणोवाल ने 10 अक्टूबर 2023 को दिल्ली से इस वैश्विक अभियान की घोषणा की थी। हर साल धन्वंतरि जयंती के दिन आयुष मंत्रालय की ओर से विश्व आयुर्वेद दिवस का आयोजन किया जाता है। ‘आयुर्वेद फॉर वन हेल्थ’ के जन संदेश के साथ यह अभियान भारत ही नहीं पूरे विश्व में पूरे एक माह तक सफलतापूर्वक संचालित हुआ।

आयुष मंत्रालय से जुड़ी अलग-अलग संस्थाओं ने कई तरह की गतिविधियों के माध्यम से पूरे देश के किसानों, युवाओं और जन सामान्य को ‘आयुर्वेद फॉर वन हेल्थ’ अभियान से जोड़ा है। बैठक, वार्ता और वर्कशॉप के माध्यम से देश भर के किसान आयुर्वेद दिवस के अभियान से एक-एक कर जुड़ते गए। युवाओं को इस अभियान से जोड़ने  के लिए एक राष्ट्रव्यापी बाइकर्स रैली 5 नवंबर को आयोजित की गई जिसमें देश के 11 शहरों में युवाओं की टोलियाँ ‘आयुर्वेद फॉर वन हेल्थ’ अभियान के साथ सड़क पर निकली और आयुर्वेद दिवस के संदेश को जन-जन तक पहुँचाया। भारतीय दूतावासों में बैठक कर, प्रदेश सरकारों ने स्वास्थ्य शिविर और रैलियाँ कर, स्वयं सेवी संस्थाओं आदि के माध्यम से आयुष मंत्रालय ने इस अभियान की पहुँच को करोड़ों की संख्या तक पहुंचाया। ‘आयुर्वेद दिवस’ के आयोजन की नोडल एजेंसी सीसीआरएएस (सेंट्रल काउंसिल फॉर रिसर्च इन आयुर्वेदिक साइंसेस) ने www.ayurvedaday.org.in एक माइक्रो वेबसाइट विकसित कर विश्व भर से लोगों को इस वेबसाइट के माध्यम से आयुर्वेद फॉर वन हेल्थ अभियान से जोड़ा।

इस अभियान को सफल बनाने में सेंट्रल काउंसिल फॉर रिसर्च इन आयुर्वेदिक साइंसेस, आरसीएफसी (रीजनल कम फेसिलिटेशन सेंटर)/एसएमपीबी (स्टेट मेडिसिनल प्लांट बोर्ड) और आईसीएआर (इंडियन काउंसिल ऑफ ऐग्रिकल्चर रिसर्च), केंद्रीय आयुर्वेद अनुसंधान संस्थान दिल्ली और पटियाला, राष्ट्रीय आयुर्वेद अनुसंधान संस्थान, लखनऊ, नागपुर, जयपुर, विजयवाड़ा (विशाखापटनम), तिरुवनंतपुरम और अहमदाबाद में, डॉ. ए. लक्ष्मीपति राष्ट्रीय आयुर्वेद अनुसंधान संस्थान और कैप्टन श्रीनिवास मूर्ति केंद्रीय आयुर्वेद अनुसंधान संस्थान, चेन्नई और एनआईएमएच (नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल हेरिटेज) हैदराबाद आदि संस्थाओं ने अपना सहयोग दिया।

दिनांक 9 नवंबर और 10 नवंबर को हरियाणा के पंचकुला में आयुर्वेद दिवस के वैश्विक अभियान का समापन समारोह है। ब्रहस्पतिवार 9 नवंबर को कार्यक्रम का उद्घाटन केन्द्रीय आयुष मंत्री श्री सर्बानंद सोणोवाल जी करेंगे और 10 नवंबर को आयोजित होने वाले आयुर्वेद दिवस के मुख्य कार्यक्रम में हरियाणा के विधानसभा अध्यक्ष श्री ज्ञान चंद गुप्ता कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे तथा केन्द्रीय आयुष मंत्री श्री सर्बानंद सोणोवाल जी गेस्ट ऑफ ऑनर होंगे। केन्द्रीय आयुष राज्य मंत्री डॉ मुंजपरा महेंद्रभाई भी इस दिवसीय कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित होंगे।

एसके



(Release ID: 1975741) Visitor Counter : 1641


Read this release in: Urdu , English