नीति आयोग

भारत-अफ्रीकी संघ (एयू) सहयोग पर बुधवार को कार्यशाला आयोजित की जाएगी


जी20 फीडर विषयक कार्यशालाओं की प्रथम कार्यशाला

Posted On: 31 OCT 2023 9:05PM by PIB Delhi

नीति आयोग विभिन्न विषयों पर फीडर विषयक कार्यशालाओं का आयोजन करेगा, इन पर जी20 न्यू डेलही लीडर्स की घोषणा (एनडीएलडी) में चर्चा की गयी थी। एक नवंबर, 2023 से नौ नवंबर, 2023 तक 10 फीडर विषयक कार्यशालायें आयोजित की जा रही हैं। कार्यशालाओं के विषयों में जी 20 से जी 21, विकास के लिए डेटा, पर्यटन, डिजिटल सार्वजनिक बुनियादी संरचना, सतत विकास, लक्ष्य, व्यापार, भारतीय विकास मॉडल, महिला नेतृत्व विकास, बहुपक्षीय विकास, बैंकों में सुधार , जलवायु , वित्त और हरित विकास शामिल हैं।

बेहतर समावेशी दुनिया के लिए भारत-अफ्रीकी संघ (एयू) सहयोग के व्यापक विषय पर इस श्रृंखला की पहली कार्यशाला बुधवार को ताज पैलेस होटल, नयी दिल्ली में आयोजित की जायेगी। यह कार्यशाला तीन महत्वपूर्ण विषयगत क्षेत्रों पर ध्यान केंद्रित करते हुए संवाद और विचारों के आदान-प्रदान के लिए एक मंच के रूप में काम करेगी। ये विषय भारत और अफ्रीकी संघ के बीच बढ़ते संबंधों और अधिक समावेशी एवं मजबूत वैश्विक समुदाय बनाने के उनके संयुक्त प्रयासों पर प्रकाश डालते हैं। कार्यशाला में निम्नलिखित तीन सत्र शामिल होंगे:

  • समावेशी विश्व के लिये इंडो-एयू सहयोग: भारत और अफ्रीकी संघ के बीच साझेदारी का उद्देश्य व्यापार, सुरक्षा और विकास जैसे वैश्विक शासन के विभिन्न पहलुओं में समावेशिता को बढ़ावा देना है। यह विषय इस बात को रेखांकित करता है कि कैसे दोनों संस्थायें अधिक न्यायसंगत और समावेशी दुनिया के लिए मिलकर काम कर सकती हैं।
  • सतत और मजबूत बुनियादी संरचना पर भारत-एयू सहयोग: बुनियादी संरचना का विकास, आर्थिक विकास और गरीबी में कमी लाने की आधारशिला है। यह विषय पूरे अफ्रीकी महाद्वीप में मजबूत बुनियादी संरचना परियोजनाओं को विकसित करने के लिए भारत और अफ्रीकी संघ के बीच सहयोग के प्रयासों को दर्शाता है।
     
  • प्रवासन का प्रबंधन - भारत-एयू साझेदारी की भूमिका: प्रवासन एक जटिल मुद्दा है जो भारत और अफ्रीका दोनों को प्रभावित करता है। यह विषय प्रवास प्रबंधन की साझा चुनौतियों और इन चुनौतियों से निपटने में भारत-एयू साझेदारी की भूमिका को उजागर करता है।

कार्यशाला में राजनयिक, शिक्षाविद् और आरआईएस, सीडीआरआई आदि जैसे प्रबुद्ध मंडल के प्रतिनिधि शामिल हैं। कार्यशाला का उद्देश्य इन महत्वपूर्ण विषयगत क्षेत्रों में भारत और अफ्रीकी संघ के बीच भविष्य के सहयोग के लिए ठोस विचार, नीतियों से संबंधित सिफारिशें और संभावित क्षेत्र तैयार करना है। यह सरकारी अधिकारियों, शिक्षाविदों, विशेषज्ञों और समाज के अन्य प्रतिनिधियों के लिये सहयोग करने और अधिक समावेशी और टिकाऊ भविष्य के लिये एक रोडमैप बनाने का अवसर होगा।

ऐसी 10 फीडर विषयक कार्यशालायें एक नवंबर, 2023 से नौ नवंबर, 2023 तक आयोजित की जा रही हैं। इन कार्यशालाओं के विषयों में जी20 से जी21, विकास के लिए डेटा, पर्यटन, डिजिटल सार्वजनिक बुनियादी संरचना, सतत विकास लक्ष्य, व्यापार, भारतीय विकास मॉडल और महिलायें , नेतृत्व विकास, बहुपक्षीय विकास बैंकों में सुधार , जलवायु वित्त और हरित विकास शामिल हैं।

****

एमजी/ एआर / आऱपी / एसवी / डीए



(Release ID: 1973753) Visitor Counter : 131


Read this release in: Urdu , English