सूचना और प्रसारण मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

अतिरिक्त आर्थिक सलाहकार, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने विशेष अभियान 3.0 के तहत लेह का दौरा किया

प्रविष्टि तिथि: 26 OCT 2023 8:41PM by PIB Delhi

सूचना और प्रसारण मंत्रालय (एमओआईबी) में अतिरिक्त आर्थिक सलाहकार डॉ. अश्वनी कुमार ने वर्तमान में चल रहे स्वच्छ भारत विशेष अभियान 3.0 के तहत 25 अक्टूबर, 2023 को लेह का दौरा किया। उन्होंने जिले में एमओआईबी की विभिन्न मीडिया इकाइयों का भी भ्रमण किया।

डॉ. कुमार ने प्रसार भारती, लद्दाख के उप महानिदेशक श्री आर के जरंदल के साथ दूरदर्शन, ऑल इंडिया रेडियो और केंद्रीय संचार ब्यूरो के कार्यालय परिसरों का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने परिसरों में और उसके आसपास स्वच्छता बनाए रखने और उसे बढ़ावा देने के लिए किए गए विभिन्न उपायों का जायजा लिया।

मीडिया से बात करते हुए, डॉ. कुमार ने कहा कि एमओआईबी के विशेष अभियान 3.0 का उद्देश्य स्वच्छता को बढ़ावा देने के प्रयासों के तहत देश भर में मंत्रालय के सभी कार्यालयों में अपशिष्ट, बेकार वस्तुओं और कबाड़ कम करना है। उन्होंने कहा कि भले ही, अभियान की आधिकारिक तारीखें 2 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2023 तक हैं, लेकिन स्वच्छता का मिशन और संदेश हमें इन तारीखों के बाद भी प्रेरित करता रहेगा।

उन्होंने कहा कि यह अभियान पूरे साल चलेगा और मंत्रालय का जोर स्क्रैप सामग्री से छुटकारा पाना और बाहरी क्षेत्रों में स्वच्छता बनाए रखने पर रहेगा।

सलाहकार ने लेह में एमओआईबी की विभिन्न मीडिया इकाइयों के प्रयासों पर संतोष व्यक्त किया और उनसे स्वच्छता ही सेवा के विचार को अक्षरश: लागू करने के लिए जोश और उत्साह के साथ काम करते रहने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि इकाइयों ने एक-दूसरे के साथ समन्वय में अच्छा काम किया है और उन्होंने स्वच्छता के विषय पर विशेष अभियान चलाकर अपने प्रदर्शन में सुधार करने का अनुरोध भी किया।

 

*****

एमजी/एआर/एमपी/एजे


(रिलीज़ आईडी: 1971789) आगंतुक पटल : 223
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu , Assamese