वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय
केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री श्री पीयूष गोयल जापान के ओसाका में जी-7 व्यापार मंत्रियों की बैठक में हिस्सा लेंगे
बैठक का आयोजन व्यापार और निवेश से संबंधित वर्तमान वैश्विक चुनौतियों पर चर्चा करने के लिए किया जा रहा है
प्रविष्टि तिथि:
26 OCT 2023 6:11PM by PIB Delhi
केंद्रीय वस्त्र, वाणिज्य एवं उद्योग, उपभोक्ता मामले तथा खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्री श्री पीयूष गोयल 28-29 अक्टूबर, 2023 को जापान के ओसाका में सात देशों के समूह (जी-7) के व्यापार मंत्रियों की बैठक में हिस्सा लेंगे। श्री गोयल जी-7 के कुछ देशों, आमंत्रित देशों और विश्व व्यापार संगठन जैसे कुछ अंतर्राष्ट्रीय संगठनों के साथ द्विपक्षीय बैठक भी करेंगे।
जी-7 सदस्य देशों के व्यापार मंत्री, व्यापार और निवेश से संबंधित वर्तमान वैश्विक चुनौतियों का सामना करने और बेहतर भविष्य का मार्ग निर्धारित करने के लिए वार्षिक बैठक आयोजित करते हैं। जापान इस वर्ष 28-29 अक्टूबर 2023 को होने वाले जी-7 व्यापार मंत्रियों की बैठक की अध्यक्षता कर रहा है और उसने भारत सहित कुछ अन्य देशों (ऑस्ट्रेलिया, चिली, इंडोनेशिया और केन्या) को 28 अक्टूबर को आयोजित होने वाले आउटरीच कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया है। उनके अलावा, विश्व व्यापार संगठन, ईआरआईए और ओईसीडी जैसे अंतर्राष्ट्रीय संगठनों को भी आमंत्रित किया गया है।
इस वर्ष, जापान ने आउटरीच कार्यक्रम के लिए समकालीन विषयों का चयन किया है, जैसे “आपूर्ति श्रृंखला में लचीलापन कैसे बढ़ाया जाए” और “व्यापार और स्थिरता को बढ़ावा- पर्यावरण, विकास और डिजिटल, जिसमें डब्ल्यूटीओ एमसी13 के लिए संभावनाएं शामिल हैं” आदि।
जी7 एक अंतरसरकारी राजनीतिक मंच है जिसमें अमेरिका, यूनाइटेड किंगडम, जापान, इटली, फ्रांस, कनाडा और जर्मनी शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, यूरोपीय संघ (ईयू) एक नॉन-इन्यूमरेटेड सदस्य है। जी-7 की बैठकें बहुलवाद, उदार लोकतंत्र और प्रतिनिधि सरकारों के साझा मूल्यों के इर्द-गिर्द आयोजित की जाती हैं। जी-7 सदस्य देश दुनिया की आबादी का 10 प्रतिशत हिस्सा है, जो विश्व के सकल घरेलू उत्पाद का लगभग 40 प्रतिशत पूरा करते हैं।
******
एमजी/एमएस/एआर/एके
(रिलीज़ आईडी: 1971672)
आगंतुक पटल : 295