वित्‍त मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

केन्द्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (सीबीडीटी) ने विशेष अभियान 3.0 का तीसरा सप्ताह पूरा किया, 189 स्वच्छता अभियान चलाए


इस सप्ताह 26,289 अनावश्यक फाइलों को निपटाया गया; इस अभियान की शुरुआत के बाद से कुल 61,131 वर्गफुट जगह को उपयोग योग्य बनाया गया

Posted On: 23 OCT 2023 7:29PM by PIB Delhi

वित्त मंत्रालय का केन्द्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (सीबीडीटी) आयकर विभाग के विभिन्न कार्यालयों में स्वच्छता से संबंधित विशेष अभियान 3.0 चला रहा है। यह अभियान 2 अक्टूबर 2023 से शुरू हुआ और 31 अक्टूबर 2023 तक चलेगा।

इस विशेष अभियान 3.0 का तीसरा सप्ताह पूरा हो गया है और निर्धारित लक्ष्यों के सभी मापदंडों पर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल हुई है। तीसरे सप्ताह के अंत तक विभाग ने कुल 639 स्वच्छता अभियान चलाए, जिनमें से 189 अभियान तीसरे सप्ताह में ही चलाए गए हैं। इसके अलावा, इस सप्ताह 26,289 अनावश्यक फाइलों का निपटारा किया गया। इस अभियान की शुरुआत के बाद से कुल 61,131 वर्ग फुट की जगह को उपयोग योग्य बनाया गया है। साथ ही, इस अभियान के तीसरे सप्ताह में 3,435 सार्वजनिक शिकायतों और 680 सार्वजनिक शिकायत से संबंधित अपीलों का समाधान किया गया।

विभाग ने विशेष अभियान 3.0 के तहत निर्धारित लक्ष्यों को हासिल करने के लिए विभिन्न क्षेत्रों को अनूठी एवं नवीन कार्यप्रणालियों को अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया है। ऐसी दो कार्यप्रणालियों को पहले सप्ताह में ‘सर्वोत्तम कार्यप्रणालियों’ के रूप में मान्यता दी गई और विशेष अभियान के एससीडीपीएम पोर्टल पर रिपोर्ट किया गया। दूसरे सप्ताह में भी, विभाग द्वारा दो सर्वोत्तम कार्यप्रणालियों की पहचान की गई और रिपोर्ट की गई।

आईआरएस अधिकारियों ने तेलंगाना के संगारेड्डी जिले में गोंगलूर नाम के एक पिछड़े गांव को उसके सर्वांगीण विकास और उसे एक आत्मनिर्भर गांव बनाने हेतु गोद लिया था। इस उद्देश्य को पूरा करने के क्रम में, गांव के बीच में स्थित कूड़े एवं गंदगी के ढेर को एक बाजार प्रांगण-सह-खेल अकादमी में बदल दिया गया है। बदबूदार गंध और वैक्टरों के प्रजनन स्थल होने के कारण गंदगी का यह ढेर ग्रामीणों के लिए परेशानी का विषय बना हुआ था और इससे गांव के निवासियों को संक्रमित करने वाले वेक्टर जनित रोगों का खतरा था । इस पुनर्निर्मित स्थान का उपयोग अब गोंगलूर और आसपास के गांवों के निवासियों द्वारा हाट (साप्ताहिक बाजार) के आयोजन के लिए किया जा सकता है, जिससे व्यापार के लिए बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और इस इलाके में आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। इसके अलावा, यहां क्रिकेट नेट, बैडमिंटन और वॉलीबॉल कोर्ट और बच्चों के खेल क्षेत्र जैसी विभिन्न सुविधाएं भी विकसित की गई हैं। ये सुविधाएं ग्रामीणों द्वारा स्वयं संचालित की जाती हैं। ये प्रयास विशेष अभियान 3.0 में विभाग द्वारा अपनाई गई सर्वोत्तम कार्यप्रणालियों का हिस्सा हैं।

सीबीडीटी विशेष अभियान के तहत अपने प्रयासों के बारे में जनता को सूचित करने के लिए सोशल मीडिया का सक्रिय रूप से उपयोग कर रहा है। स्वच्छता अभियानों के प्रति जागरूकता को बढ़ावा देने हेतु आयकर विभाग के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल, विभिन्न प्रधान मुख्य आयुक्त के क्षेत्रों के क्षेत्रीय हैंडल और राष्ट्रीय प्रत्यक्ष कर अकादमी (एनएडीटी) द्वारा एक्स (जिसे पहले ट्विटर के नाम से जाना जाता था) पर तीसरे सप्ताह में 138 से अधिक ट्वीट पोस्ट/रीपोस्ट किए गए हैं। इस अभियान को विभाग के अन्य सोशल मीडिया प्लेटफार्मों पर भी प्रोत्साहित किया गया है।

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/image00720J1.pnghttps://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/image008PZ82.png

सीबीडीटी अब विशेष अभियान 3.0 के अंतिम सप्ताह में प्रवेश कर रहा है और इस अभियान के अंत तक अधिकतम संख्या में निर्धारित लक्ष्यों को हासिल करने का प्रयास कर रहा है।

*****

एमजी/एमएस/एआर/आर




(Release ID: 1970349) Visitor Counter : 168


Read this release in: English , Urdu , Telugu