संस्कृति मंत्रालय
“मैं आप सभी से भारतीय होने पर गर्व करने और अपने राष्ट्र को हमेशा पहले रखने तथा अपनी ऐतिहासिक उपलब्धियों पर गर्व करने का आह्वान करता हूं”: उपराष्ट्रपति श्री जगदीप धनखड़
यह हमारी खुशी, उपलब्धियों का उत्सव मनाने और हमारे तिरंगे को सम्मान देने का अवसर है: उपराष्ट्रपति
उपराष्ट्रपति ने दिल्ली के प्रगति मैदान से 'हर घर तिरंगा' बाइक रैली को हरी झंडी दिखाई
'हर घर तिरंगा' अभियान एक राष्ट्र के रूप में हमारी एकता और अखंडता को प्रदर्शित करता है: केंद्रीय संस्कृति मंत्री श्री जी. किशन रेड्डी
तिरंगा हमारा राष्ट्रीय गौरव है, हमारी एकता, स्वतंत्रता और देशभक्ति का प्रतीक हैः श्री अनुराग सिंह ठाकुर
प्रविष्टि तिथि:
11 AUG 2023 3:09PM by PIB Delhi
उपराष्ट्रपति श्री जगदीप धनखड़ ने आज हर व्यक्ति से भारतीय होने पर गर्व करने, राष्ट्र को हमेशा पहले रखने का आह्वान किया। “अपनी ऐतिहासिक उपलब्धियों पर गर्व करें। दुनिया आपकी ऐतिहासिक उपलब्धियों को देखकर हैरान है”, उपराष्ट्रपति ने आज दिल्ली के प्रगति मैदान से ‘हर घर तिरंगा’ बाइक रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना करते हुए यह बात कही। भाग लेने वाले सांसदों के उत्साह और प्रसन्नता की सराहना करते हुए, श्री धनखड़ ने सौहार्दपूर्ण और मैत्रीपूर्ण माहौल बनाने में ऐसे आयोजनों के महत्व को रेखांकित किया। विश्वास व्यक्त करते हुए उपराष्ट्रपति ने इस बात पर भी जोर दिया कि 2047 में, जब भारत अपनी आजादी के 100 साल पूरे करेगा, तो वह वैश्विक मंच पर शीर्ष पर होगा।
_html_m723db3fcEOCP.png)
श्री धनखड़ ने यह भी रेखांकित किया कि आज हमारे स्वतंत्रता सेनानियों और संस्थापकों के बलिदान और योगदान को स्वीकार करने व स्मरण करने का अवसर है, उन्होंने प्रत्येक भारतीय से यह सुनिश्चित करने का आह्वान किया कि राष्ट्रीय ध्वज, जो हमारे राष्ट्र के गौरव का प्रतीक है, ऊंचा लहराता रहे। उपराष्ट्रपति ने इस पहल को बढ़ावा देने के लिए 'हर घर तिरंगा' अभियान और बाइक-रैली के सफलतापूर्वक आयोजन के लिए संस्कृति मंत्रालय के प्रयासों की भी सराहना की।
_html_m714594f3YR8N.jpg)
इस अवसर पर बोलते हुए, संस्कृति, पर्यटन और उत्तर-पूर्वी क्षेत्र के विकास मंत्री श्री जी. किशन रेड्डी ने कहा, “पिछले वर्ष की तरह हम सभी को एक बार फिर से एकजुट होना चाहिए और ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को सफल बनाना चाहिए। हर घर तिरंगा एक राष्ट्र के रूप में हमारी एकता और अखंडता को प्रदर्शित करता है।” श्री जी. किशन रेड्डी ने बताया कि आज से, हर गांव, हर शैक्षणिक संस्थान, हर शहर 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस तक पूरे देश में 'तिरंगा यात्रा' का आयोजन करेगा।
_html_7541f334RCZU.png)
श्री अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि पिछले साल प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की अपील पर हर भारतीय आगे आया और गर्व से अपने घरों में तिरंगा फहराया तथा पिछले साल के प्रेरणादायी दृश्य हर भारतीय को गर्व से भर देते हैं।
श्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि तिरंगा हमारा राष्ट्रीय गौरव है, हमारी एकता, स्वतंत्रता और देशभक्ति का प्रतीक है। यह हमारे महान राष्ट्र की विरासत और भारत की बहादुर बेटियों और बेटों के बलिदान का प्रतिनिधित्व करता है।
श्री अनुराग ठाकुर ने प्रत्येक भारतीय से बाहर आने और उसी जोश व उत्साह के साथ स्वतंत्रता दिवस मनाने और पूरे वातावरण को तिरंगामय बनाने का आग्रह किया।
इस अवसर पर वाणिज्य एवं उद्योग, उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण और वस्त्र मंत्री श्री पीयूष गोयल; सूचना एवं प्रसारण और युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री श्री अनुराग सिंह ठाकुर; जल शक्ति मंत्री श्री गजेंद्र सिंह शेखावत; विधि एवं न्याय राज्य मंत्री, संसदीय कार्य एवं संस्कृति राज्य मंत्री श्री अर्जुन राम मेघवाल; संस्कृति राज्य मंत्री श्रीमती मीनाक्षी लेखी और अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित थे।
_html_m7c2ce32858J2.png)
इस रैली का आयोजन आजादी का अमृत महोत्सव के अंतर्गत संस्कृति मंत्रालय द्वारा 'हर घर तिरंगा' अभियान के बारे में जागरूकता बढ़ाने के लिए किया गया था। यह देशभक्ति की भावना को बढ़ावा देने तथा एक भारत, श्रेष्ठ भारत की भावना में देश के लोगों तथा राष्ट्रीय ध्वज के बीच जुड़ाव हो, इसके लिए भारत सरकार की यह एक पहल है। इस मोटरसाइकिल रैली में कई केंद्रीय मंत्री भी शामिल हुए। बाइक रैली को प्रगति मैदान के हॉल नंबर 14 से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया और भैरों मार्ग से होते हुए इंडिया गेट की ओर ले जाया गया। रैली ने इंडिया गेट का पूरा चक्कर लगाया और यह राष्ट्रीय युद्ध स्मारक के सामने बने मेजर ध्यानचंद स्टेडियम में समाप्त हुई। इस अवसर पर राष्ट्र को श्रद्धांजलि देने और देशभक्ति की भावना जगाने वाली जीवंत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी की गईं।
_html_14eca797YNFR.png)
पिछले वर्ष स्वतंत्रता दिवस से पहले आयोजित बाइक रैली बेहद सफल रही। 'हर घर तिरंगा' अभियान ने पूरे देश के लोगों को एकजुट किया और उनके सामूहिक उत्सव की भावनाओं की कल्पना करने और उनकी देशभक्ति के उत्साह को बढ़ाने के लिए उनको प्रोत्साहित किया। पिछले वर्ष की तरह, प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने प्रत्येक नागरिक से अपने आवास पर गर्व से राष्ट्रीय ध्वज फहराकर इसमें शामिल होने का आग्रह किया है। "हर घर तिरंगा" अभियान को जनता से असाधारण और दिल को छू देने वाली प्रतिक्रिया मिली है। पिछले वर्ष, इस अभियान को बहुत बड़े पैमाने पर क्रियान्वित किया गया था, जिसमें उल्लेखनीय गौरवमय और महत्वपूर्ण सार्वजनिक भागीदारी देखी गई, जो जनभागीदारी के सार का प्रतीक था।
स्वतंत्रता दिवस के विशेष क्षणों और अपने तिरंगे को याद करें, www.hargartiranga.com पर अपनी सेल्फी अपलोड करके हर घर तिरंगा अभियान में भाग लें।
अपना तिरंगा प्राप्त करने के लिए, निकटतम डाकघर पर जाएं या इसे www.epostoffice.gov.in पर ऑनलाइन ऑर्डर करें।
*****
एमजी/एमएस/आरपी/आईएम/ओपी/एसके
(रिलीज़ आईडी: 1947910)
आगंतुक पटल : 318