रक्षा मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

पूर्वी नौसेना कमान ने वाइस एडमिरल बिस्वजीत दासगुप्ता को सेवानिवृत्ति पर विदाई दी

Posted On: 31 JUL 2023 7:36PM by PIB Delhi

पूर्वी नौसेना कमान (ईएनसी) ने 31 जुलाई 2023 को विशाखापत्तनम के नौसेना बेस में आयोजित एक शानदार सेरेमोनियल परेड में वाइस एडमिरल बिस्वजीत दासगुप्ता, पीवीएसएम, एवीएसएम, वाईएसएम, वीएसएम, फ्लैग ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ, ईएनसी को उनकी सेवानिवृत्ति पर विदाई दी। उन्होंने सेरेमोनियल गार्ड का निरीक्षण किया और कमान के नौसेना कर्मियों तथा डीएससी कर्मियों के प्लाटूनों की समीक्षा की। इस समारोह में जहाजों, पनडुब्बियों और प्रतिष्ठानों के सभी फ्लैग अधिकारियों तथा कमांडिंग अधिकारियों ने हिस्सा लिया। इसके बाद पारंपरिक 'पुलिंग आउट' समारोह आयोजित किया गया।

वाइस एडमिरल बिस्वजीत दासगुप्ता राष्ट्र और नौसेना के लिए अपनी 38 वर्ष से अधिक की शानदार सेवा पूरी करने पर नौसेना सेवा से सेवानिवृत्त हो गए। ईएनसी के शीर्ष पर उनके 20 महीने के कार्यकाल के दौरान, इस कमान ने पूर्वी प्रशांत क्षेत्र से लेकर अफ्रीका के पूर्वी तट तक जहाजों, पनडुब्बियों और विमानों की तैनाती के साथ एक उच्च परिचालन गति देखी। इसके अलावा ईएनसी ने ऑपरेशन कावेरी के दौरान सूडान में फंसे भारतीय नागरिकों को निकालने तथा ऑपरेशन करुणा में चक्रवात मोचा के बाद म्यांमार को मानवीय सहायता एवं आपदा राहत प्रदान करने जैसे महत्वपूर्ण ऑपरेशन किए। कमांड ने कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों का भी सफलतापूर्वक संचालन किया। जैसे - बहुपक्षीय समुद्री अंतर्राष्ट्रीय अभ्यास - मिलन 2022, राष्ट्रपति का फ्लीट रिव्यू 2022 और नौसेना दिवस ऑपरेशन डेमो 2022, जिसमें माननीय राष्ट्रपति की उपस्थिति भी रही। श्री दासगुप्ता ने पूर्वी नौसेना कमान में जीवन की समग्र गुणवत्ता को बढ़ाने के लिए कई बुनियादी ढांचा परियोजनाओं का सक्रिय रूप से नेतृत्व किया। उनके कार्यकाल में विशाखापत्तनम में सी हैरियर संग्रहालय और कोलकाता में टीयू संग्रहालय की स्थापना भी की गई।

******

एमजी/एमएस/जीबी/वाईबी



(Release ID: 1944794) Visitor Counter : 105


Read this release in: English , Urdu