शिक्षा मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

डॉ. सुभाष सरकार ने उच्च शैक्षणिक संस्थानों के मूल्यांकन, प्रमाणन और रैंकिंग में सुधारों पर एक ऑनलाइन परामर्शदात्री कार्यशाला का उद्घाटन किया


एचईआई के मूल्यांकन और प्रमाणन के लिए परिवर्तनकारी सुधारों के बारे में डॉ. राधाकृष्णन समिति की रिपोर्ट पर हितधारकों की प्रतिक्रिया मांगी गई

प्रविष्टि तिथि: 07 JUL 2023 7:00PM by PIB Delhi

शिक्षा राज्य मंत्री डॉ. सुभाष सरकार ने एचईआई के मूल्यांकन, प्रमाणन और रैंकिंग में सुधारों के बारे में आज एक ऑनलाइन सलाहकार कार्यशाला का उद्घाटन किया। कार्यशाला का आयोजन शिक्षा मंत्रालय द्वारा आईआईटी, गांधीनगर के सहयोग से किया गया।

राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी), 2020 प्रौद्योगिकी-चालित आधुनिक प्रणालियों के माध्यम से एक सत्यापन योग्य और सुरक्षित केन्‍द्रीकृत डेटाबेस के साथ उच्च शैक्षणिक संस्थानों (एचईआई) की मंजूरी, मान्यता और रैंकिंग के लिए एक सरल, विश्वास-आधारित, उद्देश्यपूर्ण और तर्कसंगत प्रणाली अपनाने की आवश्यकता पर जोर देती है।

एनईपी 2020 की पृष्ठभूमि में, एचईआई के मूल्यांकन और प्रमाणन को मजबूत करने की आवश्यकता अनिवार्य है। वर्तमान में, राष्ट्रीय मूल्यांकन और प्रत्यायन परिषद (एनएएसी), राष्ट्रीय प्रत्यायन बोर्ड (एनबीए) और राष्ट्रीय संस्थागत रैंकिंग फ्रेमवर्क (एनआईआरएफ) जैसी कई एजेंसियों के लिए यह अनिवार्य किया गया है कि वे आवधिक मंजूरी, मूल्यांकन, मान्यता और एचईआई की रैंकिंग लें। इस प्रक्रिया के लिए एचईआई की स्वेच्छा से काम करने की कम स्तर की तत्परता चिंता का कारण बनी हुई है। इसके अलावा, विभिन्न एजेंसियों के लिए एचईआई द्वारा प्रस्तुत की जाने वाली आवश्यक बोझिल जानकारी का दोहराव एचईआई के लिए मूल्यांकन और प्रत्यायन (एऔरए) के लिए आगे आने में बाधा के रूप में कार्य करता है।

यूजीसी और एआईसीटीई ने मौजूदा मूल्यांकन, मान्यता और रैंकिंग प्रक्रियाओं को सरल बनाने के लिए पिछले कुछ वर्षों में कई सुधार पेश किए हैं। इसके अलावा, एचईआई के एऔरए को मजबूत करने के लिए, भारत सरकार ने आईआईटी कानपुर के बोर्ड ऑफ गवर्नर्स के अध्यक्ष और आईआईटी परिषद की स्थायी समिति के अध्यक्ष डॉ. के. राधाकृष्णन की अध्यक्षता में एक उच्च स्तरीय समिति का गठन किया है। विभिन्न एजेंसियों द्वारा अपनाई जा रही मौजूदा डेटा संरचनाओं की जांच करने और एचईआई की विभिन्न श्रेणियों के लिए लागू एकीकृत डेटा सेगमेंट विकसित करने के लिए आईआईटी, गांधीनगर के निदेशक प्रोफेसर रजत मूना की अध्यक्षता में एक उप-समिति भी गठित की गई थी। व्यापक विचार-विमर्श के बाद, डॉ. राधाकृष्णन समिति ने 'भारत में सभी उच्च शैक्षणिक संस्थानों के आवधिक मूल्यांकन और मान्यता को मजबूत करने के लिए परिवर्तनकारी सुधार' पर अपनी मसौदा रिपोर्ट प्रस्तुत की है। रिपोर्ट को अंतिम रूप देने के लिए सभी हितधारकों से प्रतिक्रिया/सुझाव लेने के लिए इस रिपोर्ट को 19 मई, 2023 से 22 जून, 2023 तक सार्वजनिक किया गया था। सार्वजनिक तौर पर रखी गई इस रिपोर्ट को अंतिम रूप देने के लिए सभी हितधारकों से फीडबैक/सुझाव मांगने की अंतिम तिथि 15 जुलाई, 2023 तक बढ़ा दी गई है। रिपोर्ट शिक्षा मंत्रालय और "माई गव " की वेबसाइट पर उपलब्ध है। "

इसके अलावा, यह सुनिश्चित करने के लिए कि डॉ. राधाकृष्णन समिति द्वारा प्रस्तावित प्रत्यायन/मूल्यांकन/रैंकिंग की नई प्रणाली को 31 दिसम्‍बर, 2023 तक अंतिम रूप दिया जा सके और जारी किया जा सके, भारत सरकार ने राष्ट्रीय शैक्षिक प्रौद्योगिकी फोरम (एनईटीएफ) के अध्यक्ष प्रोफेसर अनिल सहस्रबुद्धे की अध्यक्षता में मूल्यांकन, प्रत्यायन और रैंकिंग में सुधार के लिए एक कार्यान्वयन समिति का भी गठन किया है।

हितधारक परामर्श के एक भाग के रूप में, आज एचईआई के मूल्यांकन, प्रत्यायन और रैंकिंग में सुधार पर एक ऑनलाइन परामर्श कार्यशाला आयोजित की गई।

डॉ. के. राधाकृष्णन ने प्रस्तावित सुधारों पर एक प्रस्तुति दी। प्रोफेसर अनिल सहस्रबुद्धे ने इन सुधारों के कार्यान्वयन की स्थिति पर एक प्रस्तुति दी। यूजीसी के अध्यक्ष प्रो. एम. जगदीश कुमार; एआईसीटीई के अध्यक्ष प्रो. टी. जी सीतारम; एनईटीएफ के अध्यक्ष प्रोफेसर अनिल सहस्रबुद्धेउच्च शिक्षा सचिव श्री. के. संजय मूर्तिआईआईटी, गांधीनगर के निदेशक प्रोफेसर रजत मूनासभी श्रेणियों के संस्थानों के प्रमुख; केंद्रीय विश्वविद्यालयों, आईआईटी, आईआईआईटी, एनआईटी, राज्य विश्वविद्यालयों, निजी विश्वविद्यालयों, मानित विश्वविद्यालयों और राज्य मुक्त विश्वविद्यालयों ने इस कार्यशाला में सक्रिय रूप से भाग लिया और बहुमूल्य जानकारी प्रदान की। कार्यशाला के दौरान 34 प्रतिष्ठित पैनलिस्टों ने अपने विचार साझा किए, जिसमें संस्थानों के प्रमुखों सहित देश भर के एचईआई के 950 से अधिक प्रतिभागियों ने भाग लिया।

***

एमजी/एमएस/आरपी/केपी/एचबी


(रिलीज़ आईडी: 1938619) आगंतुक पटल : 153
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu