विद्युत मंत्रालय

केंद्रीय मंत्री श्री आर के सिंह ने वायब्रैंट विलेज प्रोग्राम के तहत हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले के छितकुल गांव का दौरा किया


एक केंद्रीय पीएसयू छितकुल को गोद लेगा और इसे एक वायब्रैंट विलेज के रूप में विकसित होने में राज्य सरकार की मदद करेगा: केंद्रीय मंत्री श्री आर के सिंह

Posted On: 08 JUN 2023 7:37PM by PIB Delhi

केंद्रीय विद्युत, नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री श्री आर के सिंह ने हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुखु के साथ आज किन्नौर जिले के छितकुल गांव में वायब्रैंट विलेज प्रोग्राम के तहत आयोजित स्थानीय ग्रामीणों के साथ एक परस्पर संवादमूलक कार्यक्रम में भागीदारी की।

इस परस्पर संवादमूलक कार्यक्रम के दौरान, मुख्यमंत्री एवं केंद्रीय विद्युत मंत्री ने स्थानीय ग्रामीणों के साथ परस्पर बातचीत की और उनकी शिकायतों को ध्यानपूर्वक सुना। उन्होंने लोगों को भरोसा दिलाया कि उनकी सभी सही मांगों पर प्राथमिकता के आधार पर विचार किया जाएगा।

स्थानीय ग्रामीणों के साथ परस्पर बातचीत करते हुए, मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण आबादी, विशेष रूप से जनजातीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के उत्थान की दिशा में संकल्पित है और इसे शीर्ष प्राथमिकता प्रदान कर रही है। उन्होंने कहा कि पूरे हिमाचल प्रदेश राज्य के पास समृद्ध सांस्कृतिक विरासत है लेकिन जनजातीय क्षेत्रों की सांस्कृतिक विरासत की अपनी खुद की विशिष्ट पहचान है जो विश्व भर के लोगों को अपनी ओर आकर्षित करती है।

उन्होंने केंद्रीय विद्युत और नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री को हिमाचल प्रदेश के उनके दौरे के लिए धन्यवाद भी दिया।

छितकुल से मंडी तक की बस सेवा आरंभ होने की घोषणा करते हुए मुख्यमंत्री ने छितकुल में सामुदायिक भवन, बस स्टैंड के साथ ही पार्किंग सुविधा उपलब्ध कराने और मिनी स्टेडियम के निर्माण की मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने का आश्वासन दिया।

उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए केंद्रीय विद्युत और नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री ने कहा कि वायब्रैंट विलेज प्रोग्राम देश के उत्तरी भूमि सीमा में अवसंरचना सुविधाओं को सुदृढ़ बनाने तथा शहरों में उपलब्ध सभी प्रकार की सुविधाओं को वहां प्रदान करने की केंद्र सरकार की एक पहल है। श्री सिंह ने सूचित किया कि वायब्रैंट विलेज प्रोग्राम के तहत किन्नौर जिले के छितकुल, पूह, नाको, लिओ और चांगो गांवों को विकसित किया जाएगा।

केंद्रीय मंत्री ने समुदाय के सदस्यों को जानकारी दी कि एक केंद्रीय सार्वजनिक क्षेत्र उपक्रम (पीएसयू) छितकुल को गोद लेगा और इसे एक जीवंत गांव के रूप में विकसित होने में राज्य सरकार की मदद करेगा। उन्होंने कहा, ‘‘एक मेगा वाट बिजली संयंत्र की स्थापना छितकुल गांव में की जाएगी। क्षेत्र के नालों पर सूक्ष्म पनबिजली परियोजनाओं की स्थापना की संभावना की भी खोज की जाएगी। पर्यटन कार्यकलापों तथा क्षेत्र की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा देने के लिए छितकुल में एक सांस्कृतिक तथा पर्यटन केंद्र की भी स्थापना की जाएगी।

बाद में, दोनों गणमान्य व्यक्तियों ने नागास्ती में द्वितीय भारत तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) बटालियन चौकी का भी दौरा किया और आईटीबीपी के अधिकारियों और जवानों के साथ परस्पर बातचीत की।

इससे पूर्व, मुख्यमंत्री एवं केंद्रीय विद्युत मंत्री का कुप्पा में उनके आगमन पर जिला प्रशासन द्वारा हार्दिक स्वागत किया गया।

राज्य के राजस्व मंत्री श्री जगत सिंह नेगी ने इस अवसर पर मुख्यमंत्री एवं केंद्रीय विद्युत मंत्री का स्वागत किया।  

*******

एमजी/एमएस/एसकेजे/डीवी



(Release ID: 1930905) Visitor Counter : 304


Read this release in: English , Urdu