संचार मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

श्री अश्विनी वैष्णव कल प्रगति मैदान में राष्ट्रीय डाक टिकट प्रदर्शनी-अमृतपेक्स 2023 का उद्घाटन करेंगे


इस अवसर पर भारतीय डाक की परिवर्तनकारी यात्रा पर एक प्रदर्शनी का भी उद्घाटन किया जाएगा

प्रविष्टि तिथि: 10 FEB 2023 5:00PM by PIB Delhi

संचार, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी और रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव कल यहां प्रगति मैदान में राष्ट्रीय डाक टिकट प्रदर्शनी- अमृतपेक्स 2023 का उद्घाटन करेंगे। संचार राज्य मंत्री श्री देवुसिंह चौहान और मंत्रालय के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी इस अवसर पर उपस्थित रहेंगे। इस मौके पर भारतीय डाक की परिवर्तनकारी यात्रा पर एक प्रदर्शनी का भी उद्घाटन किया जाएगा।

अमृतपेक्स- 2023, संचार मंत्रालय के तहत डाक विभाग द्वारा आयोजित राष्ट्रीय डाक टिकट प्रदर्शनी, डाक टिकटों के माध्यम से भारत की समृद्ध संस्कृति, विरासत और इतिहास को प्रदर्शित करेगी। यह आयोजन 11-15 फरवरी 2023 को हॉल नंबर 5, प्रगति मैदान, नई दिल्ली में होगा।

आजादी का अमृत महोत्सव समारोह के हिस्से के रूप में, अमृतपेक्स 2023 विभिन्न पहलुओं से भारत की कहानी को व्यापक रूप से डॉक्यूमेंट और प्रदर्शित करने की सबसे बड़ी पहलों में से एक है। यह भारतीय संस्कृति, कला, स्वतंत्रता आंदोलन और समृद्ध विरासत का एक रोमांचक और आकर्षक पर्व होगा।

भारतीय डाक की परिवर्तनकारी यात्रा पर प्रदर्शनी आखिरी छोर तक नागरिकों के जीवन को समृद्ध बनाने और डाक प्रणाली के डिजिटलीकरण में डाकघरों की उभरती भूमिका को प्रदर्शित करेगी।

उद्घाटन समारोह में बड़ी संख्या में स्कूलों और कॉलेजों के छात्र और देश के सभी हिस्सों से डाक टिकट संग्रहकर्ता भाग लेंगे।

भारत में पहली बार डाक टिकटों की कहानियों को सुनाकर सांस्कृतिक विरासत, इतिहास, प्रकृति, वन्य जीवन को प्रदर्शित करने के लिए वर्चुअल रियलिटी, ऑगमेंटेड रियलिटी जैसी नई तकनीक का इस्तेमाल किया गया है।

इस पांच दिवसीय प्रदर्शनी के दौरान, अमृतपेक्स-2023 कई कार्यशालाओं, पैनल चर्चाओं और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मेजबानी भी करेगा, जिसमें टिकटों के माध्यम से युवा पीढ़ी को भारत के प्राचीन इतिहास, विरासत और संस्कृति से जोड़ने की योजना बनाई गई है।

लोग बड़ी संख्या में अपने स्पॉट बुक कर रहे हैं, अब तक 3000 से अधिक लोगों ने बुक माय शो के माध्यम से विभिन्न आयोजनों में अपनी भागीदारी सुनिश्चित की है। (https://in.bookmyshow.com/national-capital-region-ncr/events/amritpex-2023-national-philately-exhibition/ET00350904)

अमृतपेक्स 2023 के बारे में अधिक जानकारी के लिए, कृपया अमृतपेक्स-2023 वेबसाइट (https://amritpex2023.in/) पर जाएं।

***********

एमजी/एएम/पीके/डीवी


(रिलीज़ आईडी: 1898068) आगंतुक पटल : 836
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu