पर्यटन मंत्रालय

श्री जी किशन रेड्डी ने नई दिल्ली में भारत भ्रमण वर्ष 2023 का लोगो लॉन्च किया


जी20 का प्रत्येक विदेशी प्रतिनिधि भारत की संस्कृति, विरासत और पर्यटन स्थलों का ब्रांड एंबेसडर होगा: श्री जी.किशन रेड्डी

Posted On: 31 JAN 2023 6:48PM by PIB Delhi

भारत में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए भव्य योजनाओं और गतिविधियों के वर्ष की शुरुआत करते हुए केन्द्रीय पर्यटन, संस्कृति और उत्तरी पूर्व क्षेत्र विकास मंत्री (डीओएनईआर) श्री जी. किशन रेड्डी ने आज नई दिल्ली में भारत भ्रमण वर्ष 2023 पहल की शुरुआत की और इसके लोगो का अनावरण किया।

इस अवसर पर केंद्रीय पर्यटन मंत्री ने कहा कि आज भारत भ्रमण वर्ष 2023 का लोगो लॉन्च किया जा रहा है और यह एक महत्वपूर्ण वर्ष है, क्योंकि भारत जी20 की अध्यक्षता कर रहा है।

केंद्रीय मंत्री ने यह भी कहा कि इस साल एक लाख से अधिक विदेशी प्रतिनिधि भारत आएंगे और उन्हें स्मारकों और त्योहारों सहित भारत की संस्कृति के सभी पहलु दिखाए जायेंगे।

श्री जी किशन रेड्डी ने कहा कि जी20 का प्रत्येक विदेशी प्रतिनिधि भारत की संस्कृति, विरासत और पर्यटन स्थलों का ब्रांड एंबेसडर होगा।

श्री किशन रेड्डी ने आगे कहा कि पर्यटन मंत्रालय इस वर्ष विदेशी आगंतुकों हेतु अनुकूल माहौल बनाने के लिए भारतीय मिशनों और अन्य हितधारकों के साथ समन्वय कर रहा है।

वैश्विक उद्योग द्वारा फिर से पूर्व-स्थिति की प्राप्ति, भारत को जानने के लिए वैश्विक यात्रियों द्वारा दी जाने वाली प्राथमिकता और पिछले कुछ वर्षों में भारत में बढ़ते पर्यटन की सफलता के आधार पर, पर्यटन मंत्रालय भारत में पर्यटन की अप्रयुक्त क्षमता को सामने लाने के मिशन पर है, ताकि भारत को 365 दिनों का गंतव्य-स्थल बनाया जा सके।

अंतर्देशीय यात्रा को प्रोत्साहित करने और विशेष रूप से भारत की जी20 अध्यक्षता के साथ-साथ भारत@75 आजादी का अमृत महोत्सव के भव्य समारोह की पृष्ठभूमि में, पर्यटन मंत्रालय इस वर्ष को 'भारत भ्रमण वर्ष 2023' के रूप में मना रहा है। हमारे देश की विभिन्न पर्यटन स्थलों के महत्त्व को दिखाने और उन्हें वैश्विक पर्यटकों के सामने प्रदर्शित करने के लिए भारत की अंतर्देशीय यात्रा पर ध्यान केंद्रित किया गया है। प्राथमिकताओं में शामिल हैं - प्रत्येक राज्य के विशिष्ट पर्यटन स्थलों पर विशेष ध्यान देना और इसके लिए देश की संस्कृति, विरासत, आध्यात्मिकता, प्राकृतिक सुंदरता की समृद्धि का लाभ उठाना तथा पर्यटन की विविध श्रेणियों - सतत पर्यटन, ग्रामीण पर्यटन, चिकित्सा पर्यटन, एमआईसीई और अन्य को बढ़ावा देने पर ध्यान केंद्रित करना।

मंत्रालय इस वर्ष पर्यटन के विकास को प्रभावित करने वाली अवसंरचना और अन्य रूपरेखा स्थितियों में सुधार करने के लिए तैयार है। मंत्रालय के प्रयासों और पर्यटन क्षेत्र की आवश्यकताओं में तालमेल के लिए, पर्यटन मंत्रालय सभी प्रासंगिक मंत्रालयों, सरकारी एजेंसियों, भागीदारों, यात्रा और व्यापार उद्योग, राज्य सरकारों, राज्य पर्यटन बोर्डों और प्रमुख हितधारकों के साथ मिलकर काम कर रहा है।

भारत की जी20 अध्यक्षता, वैश्विक मंच पर देश की पर्यटन पेशकशों को उजागर करने के एक शानदार अवसर प्रस्तुत करती है। मंत्रालय ने इस वैश्विक अभियान को देश में शुरू करने की योजना बनाई है - भारत की जी20 अध्यक्षता की पृष्ठभूमि में पूरे वर्ष भर नागरिकों को भारत का अग्रदूत बनने के लिए प्रेरित करना तथा भारत की जी20 अध्यक्षता के विभिन्न कार्यक्रमों को आयोजित करने वाले शहरों के माध्यम से अभियान को सशक्त बनाना।

दुनिया भर के यात्रियों की अपेक्षाओं को पूरा करने के लिए, 'अतुल्य भारत' ब्रांड को नए सिरे से सशक्त व महत्वपूर्ण बनाना जारी रखा जाएगा। ब्रांड को सर्वश्रेष्ठ डिजिटल इकोसिस्टम द्वारा समर्थन प्रदान करने से जुडी योजनाएं पहले से ही काम कर रही हैं, जिसमें एक फिर से तैयार की गयी वेबसाइट भी शामिल है, जो यात्रा अनुभव की विभिन्न श्रेणियों के लिए भावनात्मक कहानियाँ प्रस्तुत करेगी। ये कहानियाँ भारत के कई रंग दिखायेंगी तथा दुनिया भर के यात्रियों को व्यक्तिगत अनुभव प्रदान करने के लिए तकनीक-नवाचार से समर्थित होंगी। ब्रांड प्लेटफॉर्म के जरिये ‘अतुल्य भारत’ को नए वैश्विक सोशल मीडिया तक पहुँच प्राप्त होगी, जिससे दुनिया, भारत की तरफ आकर्षित होगी। कंटेंट का और अधिक उपयोग करने के लिए मंत्रालय सिग्नेचर न्यूज़लेटर लॉन्च करेगा, जो भारत की बातों को दुनिया भर में ले जाएगा। इस न्यूज़लेटर के माध्यम से दुनिया भारत की अनसुनी कहानियों से जुड़ेगी और उद्योग के विचारों को नया स्वरुप देने में मदद मिलेगी। ऑन-बोर्ड साझेदारी और सहयोग; अतुल्य भारत की आवाज बन जायेंगे – सोशल मीडिया के जरिये लोगों को प्रभावित करने वाले व्यक्ति, व्यक्तिगत विचारों को स्वरुप देने वाले व्यक्ति, उद्योग जगत के प्रतिनिधि, संस्कृति और इतिहास के विशेषज्ञ आदि, ग्रामीण पर्यटन और सतत पर्यटन पर विशेष ध्यान देने के साथ एक आधुनिक, प्रगतिशील भारत पर ध्यान केंद्रित करेंगे एवं व्यापार के लिए तैयार भारत में एमआईसीई सेगमेंट को फिर से सक्रिय करेंगे।

इस भव्य मिशन को दृश्यता स्वरुप प्रदान करते हुए, मंत्रालय ने आज भारत भ्रमण वर्ष 2023 लोगो के लॉन्च के साथ वैश्विक अभियान को हरी झंडी दिखाई। यह लोगो भारत की अनगिनत कहानियों - विरासत से पाक कला तक; हमारी कला और हमारे समृद्ध वन्य जीवन - का एक सूक्ष्म रूप है। लोगो डिजाइन ‘अतिथि देवो भव’ की हमारी विश्वास परम्परा से प्रेरित है, 'भारत भ्रमण वर्ष 2023' लोगो को काफी सोच-विचारकर डिजाइन किया गया है और इसे एक भव्य नमस्ते की तरह का आकार दिया गया है। नमस्ते का भारत में सांस्कृतिक महत्व है, क्योंकि यह न केवल लोगों का अभिवादन करने का एक सर्वोत्कृष्ट तरीका है बल्कि उनका स्वागत करने की एक अच्छी भावना भी है। यहां हाथ जोड़कर भारत और इसके नागरिक दुनिया को भारत आने का निमंत्रण दे रहे हैं। लेकिन लोगो को जो दिखता है, इसके अलावा भी बहुत कुछ है। करीब से देखने पर पता चलता है कि नमस्ते वास्तव में जीवंत अनुभवों, शानदार विरासत, समृद्ध संस्कृति, शानदार व्यंजनों, मनोहारी वन्य जीवन, जटिल कला रूपों और अन्य बातों का एक रंगीन मिश्रण है, जिनका प्रतिनिधित्व भारत करता है। लोगो में दिखाया गया प्रत्येक आइकन अपने अनूठे तरीके से भारत का प्रतिनिधित्व करता है। 'भारत भ्रमण वर्ष 2023' लोगो, दुनिया को भारत आने और अतुल्य भारत का अनुभव करने के लिए एक खुला निमंत्रण है।

यह सिर्फ एक शुरुआत है और कई पहलें जल्द ही शुरू की जायेंगी, क्योंकि भारत ने दुनिया को इस व्यापक स्तर पर पहले कभी आमंत्रित नहीं किया है और आने वाले वर्ष के लिए कई रोमांचक कार्यक्रमों की योजना तैयार की गई है। मंत्रालय इस वैश्विक अभियान को शुरू करने के प्रति उत्साहित है, जो पर्यटन क्षेत्र को सकारात्मक रूप में प्रभावित करेगा। मंत्रालय सभी संबंधित उद्योगों, व्यवसायों और प्राधिकरणों से अपील करता है कि वे अभियान को गति प्रदान करें, ताकि भारत की अविश्वसनीयता का अनुभव करने के लिए दुनिया को प्रोत्साहित किया जा सके।

****

एमजी/एएम/जेके/एजे



(Release ID: 1895253) Visitor Counter : 454


Read this release in: English , Telugu