रक्षा मंत्रालय

गोवा समुद्री संगोष्ठी- 2022

Posted On: 02 NOV 2022 9:14PM by PIB Delhi

भारतीय नौसेना द्वारा द्विवार्षिक गोवा समुद्री संगोष्ठी का चौथा संस्करण दिनांक 31 अक्टूबर से 01 नवंबर 2022 तक गोवा में सफलतापूर्वक आयोजित किया गया।

वैश्विक कोविड-19 महामारी के प्रभाव से बाहर निकलते हुए भारतीय नौसेना सभी 12 आमंत्रित देशों से प्रतिनिधियों की प्रत्यक्ष रूप से भागीदारी को देखकर प्रसन्न थी। नेवल वॉर कॉलेज, गोवा द्वारा आयोजित संगोष्ठी में भारत के अलावा हिंद महासागर क्षेत्र के 12 तटवर्ती मित्र देशों- जिनमें बांग्लादेश, कोमोरोस, इंडोनेशिया, मेडागास्कर, मलेशिया, मालदीव, मॉरीशस, म्यांमार, सेशेल्स, सिंगापुर, श्रीलंका और थाईलैंड शामिल हैं- की नौसेना और समुद्री एजेंसियों के प्रतिनिधियों ने इस संगोष्ठी में भाग लिया।

नेवल वॉर कॉलेज के डिप्टी कमांडेंट, कमोडोर नितिन कपूर ने स्वागत भाषण दिया और संगोष्ठी का औपचारिक उद्घाटन नेवल वॉर कॉलेज के कमांडेंट रीयर एडमिरल राजेश धनखड़, नौसेना मेडल द्वारा किया गया।

संगोष्ठी के दो दिनों में शामिल प्रतिभागियों ने समकालीन प्रासंगिकता के अनेक समुद्री सुरक्षा पहलुओं पर विचार-विमर्श किया। जीएमएस-22 का विषय 'मेरीटाइम सिक्योरिटी चैलेंजेज इन द इंडियन ओशन रीजन: कॉन्वर्टिंग कॉमन मेरीटाइम प्रायोरिटीज़ इनटू कॉलेबोरेटिव मिटिगेशन फ्रेमवर्क' था । समर्पित उप-विषयों के साथ चार पैनल चर्चाओं के माध्यम से, प्रतिभागी भारतीय नौसेना द्वारा 2023 में मेजबानी किए जाने वाले गोवा मैरीटाइम कॉन्क्लेव के लिए एक परिणामोन्मुख एजेंडा हेतु स्पष्ट दृष्टिकोण प्राप्त करने में सफल रहे।

कमोडोर अनिल जग्गी, कमोडोर (फॉरेन कोऑपरेशन) ने अपने समापन भाषण में गोवा समुद्री संगोष्ठी-22 के दौरान सभी प्रतिभागियों को उनकी उत्साही भागीदारी और बहुमूल्य योगदान के लिए धन्यवाद दिया।

प्रतिभागियों ने भारतीय शिपयार्ड की स्वदेशी जहाज निर्माण क्षमताओं को पहली बार देखने के लिए दिनांक 01 नवंबर 2022 को गोवा शिपयार्ड लिमिटेड (जीएसएल) जाने के अवसर का लाभ भी उठाया। प्रतिनिधियों ने 2002 में जीएसएल द्वारा निर्मित एक गाइडेड मिसाइल वेसल, भारतीय नौसेना के पोत प्रलय का दौरा किया और उनको शिप लिफ्ट सुविधा सहित निर्माण और मरम्मत संबंधी क्षेत्रों को भी दिखाया गया।

भारत ने हिंद महासागर क्षेत्र में समुद्री सुरक्षा के लिए 'सामूहिक जिम्मेदारी' की अवधारणा का लगातार पक्ष लिया है। भारतीय नौसेना द्वारा बारी-बारी से आयोजित किए जाने वाले गोवा मैरीटाइम सिम्पोजियम और गोवा मैरीटाइम कॉन्क्लेव ऐसे प्रयासों की अभिव्यक्ति है।

सागर (क्षेत्र में सभी के लिए सुरक्षा और विकास) की दृष्टि से निर्देशित भारतीय नौसेना वर्ष 2023 में गोवा मैरीटाइम कॉन्क्लेव की मेजबानी करने के लिए तैयार है।

.

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/Pix(7)HX70.JPG

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/Pix(4)FBDD.JPG

***

एमजी/एएम/एबी/एसके



(Release ID: 1873715) Visitor Counter : 129


Read this release in: English , Urdu