भारी उद्योग मंत्रालय
भारी उद्योग मंत्रालय ने विशेष अभियान 2.0 चलाया
देशभर में 521 स्थलों पर स्वच्छता अभियान चलाया गया
50517 फाइलें हटाई गईं, 20 लाख वर्ग फुट जगह खाली की गई
अनुपयोगी सामानों की बिक्री से 3.84 करोड़ रुपये की आय प्राप्त हुई
Posted On:
28 OCT 2022 9:52PM by PIB Delhi
भारी उद्योग मंत्रालय 2 अक्टूबर 2022 से देश भर में मंत्रालय और इसके केंद्रीय सार्वजनिक क्षेत्र के उद्यमों और स्वायत्त निकायों में स्वच्छता पर विशेष अभियान 2.0 का आयोजन कर रहा है।
अभियान के तहत लंबित कार्यों के निपटान, जगह का प्रबंधन और कार्यालयों में कार्य से जुड़े अनुभव को बेहतर बनाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। अभियान की तैयारी के चरण के दौरान निर्धारित लक्ष्यों को पूरा करने में बड़ी सफलता प्राप्त हुई है। मंत्रालय ने देश भर में 521 स्थलों पर स्वच्छता अभियान चलाए हैं। अनुपयोगी और अन्य अनावश्यक सामग्री के निपटान के बाद खाली की गई जगह को लेकर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की गई है। कार्यालय स्थान, व्यायामशाला, पुस्तकालय, कैंटीन आदि में लाभकारी उपयोग के लिए कुल 20 लाख वर्ग फुट स्थान मुक्त किया गया है। 79063 फाइलों की समीक्षा की गई है, जिनमें से 50517 फाइलों को हटा दिया गया है। अनुपयोगी सामानों की बिक्री से 3.84 करोड़ रुपये प्राप्त हुए हैं।

इस अवधि के लिए मंत्रालय द्वारा निर्धारित लक्ष्यों को पार करने के लिए अभियान जोरों पर है। 14 से 30 सितंबर, 2022 तक तैयारी के चरण के दौरान अभियान अवधि के लिए लक्ष्यों की पहचान की गई थी। मुख्य अभियान 2 अक्टूबर, 2022 से जारी है और 31 अक्टूबर 2022 तक चलेगा।

एक समर्पित टीम द्वारा दैनिक प्रगति की निगरानी की जा रही है और इसे प्रशासनिक सुधार और लोक शिकायत विभाग द्वारा आयोजित एससीपीडीएम पोर्टल पर अपलोड किया जा रहा है। सभी केंद्रीय सार्वजनिक क्षेत्र के उद्यम और स्वायत्त निकाय इस अभियान में उत्साह से भाग ले रहे हैं और इसे स्वच्छता उत्सव के रूप में मना रहे हैं।
****
एमजी/एएम/एसएस
(Release ID: 1871756)
Visitor Counter : 218