प्रविष्टि तिथि:
19 OCT 2022 2:43PM by PIB Delhi
बुनावट, वजन और कपड़े की सामग्री के संबंध में खादी एक विविधतापूर्ण वस्त्र है। प्रधानमंत्री ने युवाओं के लिए फैशन के माध्यम से देश को बदलने में खादी की भूमिका पर जोर दिया है। व्यापक स्तर पर दर्शकों के लिए खादी की विविध विशेषताओं को दिखाने के हमारे प्रयासों के तहत खादी के लिए उत्कृष्टता केंद्र (सीओईके) भारत शिल्प सप्ताह के चौथे संस्करण में खादी के लिए डिजाइन निर्देश का प्रदर्शन कर रहा है। यह नई दिल्ली के एनएसआईसी ओखला में 20-23 अक्टूबर, 2022 तक आयोजित चार दिवसीय कार्यक्रम में स्टॉल डी-1 पर किया जा रहा है।
एमएसएमई मंत्रालय ने खादी के लिए उत्कृष्टता केंद्र की स्थापना की है। यह राष्ट्रीय फैशन प्रौद्योगिकी संस्थान के सहयोग से खादी और ग्रामोद्योग आयोग (केवीआईसी) की सहायता करने के लिए प्रयोग, नवाचार और डिजाइन का एक केंद्र है। केंद्र, खादी को फैशनेबल और युवाओं के अनुकूल बनाने की दिशा में काम कर रहा है। केंद्र के पास इसके हब के रूप में दिल्ली और बेंगलुरू, गांधीनगर, कोलकाता और शिलांग में शाखा केंद्र हैं।
खादी संवाद- आगे का रास्ता, खादी संस्थानों के लिए डिजाइन दिशा-निर्देश के रूप में चार कहानियों को दिखाएगा। ये चार विषयवस्तु हाथ से काते हुए हस्तनिर्मित कपड़े में मूल्य जोड़ने के लिए रंग पैलेट, प्रिंट, बुनाई संरचनाओं और सतह तकनीकों के संदर्भ में खादी की विविध विशेषताओं को सामने लाएंगी। नील राग प्राकृतिक नीले रंग 'इंडिगो' को दिखाता है, जो विभिन्न भावनाओं के साथ प्रतिध्वनित होता है। अभ्रक विषयवस्तु राजस्थान के शेखावाटी क्षेत्र की हवेलियों के भित्तिचित्रों से प्रेरित है। सृष्टि, जिसका अर्थ ब्रह्मांड है, खादी की सफेद से रंगीन होने की यात्रा को दर्शाता है। कशिश एक खनिज आधारित प्राकृतिक रंग है। इसके चारकोल रंगों की सुंदरता की प्रशंसा हल्दी पीले और मंजिष्ठा लाल के प्राकृतिक रंगों के साथ की जाती है। यह परिकल्पना की गई है कि ये डिजाइन निर्देश युवाओं को आकर्षित करने के लिए प्रचलित और फैशनेबल वस्त्र बनाने में खादी संस्थानों को सक्षम बनाएंगे। इसके अलावा विषयवस्तुगत प्रदर्शन घरेलू और परिधान क्षेत्रों में सीओईके के किए गए कार्यों को भी प्रदर्शित करेगा।
****
एमजी/एएम/एचकेपी/ डीके-