रक्षा मंत्रालय
भारतीय सेना ने 09 अक्टूबर 2022 को प्रादेशिक सेना का 73वां स्थापना दिवस मनाया
Posted On:
09 OCT 2022 8:16PM by PIB Delhi
वर्ष 1949 में आज ही के दिन पहले गवर्नर जनरल श्री सी राजगोपालाचारी द्वारा प्रादेशिक सेना की स्थापना के उपलक्ष्य में 09 अक्टूबर 2022 को देश भर में इसका 73 वां स्थापना दिवस मनाया गया। प्रादेशिक सेना (टीए) के महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल प्रीत मोहिंदर सिंह ने प्रादेशिक सेना के शहीद वीरों को राष्ट्रीय युद्ध स्मारक पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि
अर्पित की।
समारोह की शुरुआत 07 अक्टूबर को दिल्ली में भट्टी माइंस में वृक्षारोपण के साथ हुई जिसमें 10,000 पौधे लगाए गए। टीए के पारिस्थितिक कार्य बलों ने अब तक देश के विभिन्न हिस्सों में 8.5 करोड़ से अधिक पेड़ लगाए हैं। प्रादेशिक सेना के अधिकारियों, परिवारों और वीर नारियों ने 8 अक्टूबर को सशस्त्र बलों की माननीय अध्यक्ष और सर्वोच्च कमांडर श्रीमती द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की। इसके अलावा दिल्ली में 124 इन्फैंट्री बटालियन (टीए) सिख में रक्तदान शिविर में सभी रैंकों और परिवारों ने स्वेच्छा से भाग लिया।
टेरिटोरियल आर्मी में 'सन्स ऑफ सॉयल' की अवधारणा पर आधारित 'होम एंड हर्थ' बटालियनों के अलावा भारतीय सेना की विभिन्न रेजिमेंटों से संबद्ध अनेक इन्फैंट्री और इंजीनियर इकाइयाँ हैं। टेरिटोरियल आर्मी की 10 पारिस्थितिक बटालियनें भी हैं जो ऊबड़-खाबड़ और दुर्गम इलाकों में वनीकरण करके, आर्द्रभूमि को पुनर्जीवित करने, जल निकायों को बहाल करने और स्वच्छ गंगा परियोजना में योगदान देकर देश में पर्यावरण की बहाली के लिए काम कर रही हैं। टीए बटालियन भारतीय रेलवे और तेल क्षेत्र के सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों (पीएसयू) के अंतर्गत विशेष कार्य भी करती हैं।


******
एमजी/एएम/एबी
(Release ID: 1866687)