पर्यटन मंत्रालय

श्री जी किशन रेड्डी और श्री अश्विनी वैष्णव ने आज दिल्ली के सफदरजंग रेलवे स्टेशन से रामायण सर्किट पर चलने वाली भारत गौरव पर्यटक रेलगाड़ी को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया


भारत गौरव रेलगाड़ियां देश की स्थापत्य, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक रूप से संरक्षित विरासत को जानने का अवसर प्रदान करेंगी: श्री जी. किशन रेड्डी

Posted On: 21 JUN 2022 7:54PM by PIB Delhi

केंद्रीय पर्यटन, संस्कृति एवं उत्तरी-पूर्व क्षेत्र विकास मंत्री श्री जी किशन रेड्डी ने रेल, संचार, इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव के साथ आज दिल्ली के सफदरजंग रेलवे स्टेशन से भारत गौरव पर्यटक रेलगाड़ी को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस पहल के बाद पहली बार भारत और नेपाल एक पर्यटक रेलगाड़ी से जुड़ जायेंगे।

 

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/image001125P.jpg

उद्घाटन अवसर पर श्री जी. किशन रेड्डी ने कहा कि यह भारत और नेपाल को जोड़ने वाली पहली पर्यटक रेलगाड़ी है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि भारत गौरव पर्यटक रेलगाड़ी आज से 18 दिनों के लिए अपनी पहली श्री रामायण यात्रा शुरू कर रही है। उन्होंने बताया कि रामायण सर्किट पर चलने वाली ट्रेन की पहली यात्रा के दौरान अयोध्या, नंदीग्राम, सीतामढ़ी, वाराणसी, प्रयागराज, चित्रकूट, पंचवटी (नासिक), हम्पी, रामेश्वरम और भद्राचलम जैसे अन्य लोकप्रिय स्थानों के अलावा पहली बार जनकपुर (नेपाल में) के धार्मिक स्थल को भी कवर किया जायेगा।

 

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/image002A8MF.jpg

श्री रेड्डी ने कहा कि पर्यटन मंत्रालय ने आईआरसीटीसी और रेल मंत्रालय के साथ मिलकर कृष्णा सर्किट, बौद्ध सर्किट तथा कई अन्य यात्रा सर्किटों के लिए भारत गौरव टूरिस्ट ट्रेनों का प्रस्ताव रखा है। भारत गौरव रेलगाड़ियां भारत के लोगों को देश की समृद्ध सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और ऐतिहासिक रूप से संरक्षित विरासत को दिखाने और जानने का एक प्रयास है। उन्होंने कहा कि रेल मंत्रालय द्वारा परिकल्पित भारत गौरव ट्रेनों की अनूठी अवधारणा देश भर में बड़े पैमाने पर पर्यटन को बढ़ावा देने में सहायक होगी और यह रेलगाड़ी राष्ट्र के सभी हिस्सों के लोगों को देश की स्थापत्य, सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक विरासत को जानने तथा समझने का अवसर प्रदान करेगी।

 

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/image0036NKZ.jpg

श्री रेड्डी ने यह भी बताया कि ट्रेनों के डिब्बों के बाहरी हिस्से को देश की जीवंत परंपराओं या भारत के गौरव के बहुरूपदर्शक (कलाइडोस्कोप) के रूप में डिजाइन किया गया है, जिसमें भारत की समृद्ध विरासत के विभिन्न पहलुओं जैसे स्मारकों, नृत्यों, योग, लोक कला आदि को विशेष तौर पर दर्शाया गया है।

 

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/image004W8XS.jpg

इस मौके पर केंद्रीय रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि आज हम सभी के लिए एक ऐतिहासिक दिन है। यह प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की ओर से अपने नागरिकों के लिए एक उपहार है, और प्रधानमंत्री का एक सपना अब साकार हो चुका है। श्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि भारत गौरव रेलगाड़ी का मुख्य उद्देश्य भारत की विविध संस्कृति और समृद्ध विरासत को प्रदर्शित करना है।

 

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/image005EPAL.jpg

आईआरसीटीसी भारत गौरव पर्यटक ट्रेनों के रूप में ब्रांडेड और थीम आधारित पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए इन विशेष आरामदायक श्रेणी की पर्यटक रेलगाड़ियों का संचालन कर रहा है। ट्रेन के डिब्बों का हाल ही में नवीनीकरण किया गया है और इन्हें सुविधाओं एवं सेवाओं को उन्नत किया गया है।

******

 

एमजी/एएम/एनके



(Release ID: 1836184) Visitor Counter : 523


Read this release in: English , Urdu