पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

केंद्रीय मंत्री सर्बानन्द सोनोवाल आकांक्षी जिला कार्यक्रम के अंतर्गत विभिन्न विकास परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा करने ग्वालपाड़ा गए


दुधनोई में आयुर्वेदिक कॉलेज का काम शीघ्र शुरू होगाः केंद्रीय आयुष मंत्री सर्बानन्द सोनोवाल

Posted On: 13 APR 2022 7:46PM by PIB Delhi

केंद्रीय पत्तन, पोत परिवहन तथा जलमार्ग और आयुष मंत्री श्री सर्बानन्द सोनोवाल भारत सरकार के आकांक्षी जिला कार्यक्रम के अंतर्गत विभिन्न विकास परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा करने ग्वालपाड़ा जिला गए। आयुष मंत्री दुधनोई में यूनिवर्सल हेल्थ सेंटर तथा एफआरयू अस्पताल गए और वहां स्वास्थ्यकर्मियों तथा डॉक्टरों से बातचीत की।

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/image001C9HO.jpg

 

इस अवसर पर श्री सर्बानन्द सोनोवाल ने कहा कि आकांक्षी जिला कार्यक्रम प्रधानमन्त्री श्री नरेन्द्र मोदी जी की दूरदर्शी परियोजना है। स्वास्थ्य सेवा तथा पोषाहार, शिक्षा, कृषि, जल संसाधन, वित्तीय समावेश के साथ-साथ कौशल विकास तथा अवसंरचना में परिवर्तन लाकर नागरिकों के जीवन स्तर में सुधार के उद्देश्य से यह कार्यक्रम प्रारंभ किया गया था। उन्होंने कहा कि आज मैंने प्रधानमन्त्री के निर्देशों के अनुसार जिले के स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र में हुई प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि हम ग्वालपाड़ा जिले के समग्र विकास के प्रति संकल्पबद्ध हैं। केंद्र तथा राज्य में हमारी डबल इंजन की सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि हमारी लक्ष्य प्राप्ति निर्धारित समय-सीमा के अंदर हो।

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/image002BETJ.jpg

परियोजना की समीक्षा करते हुए केंद्रीय मंत्री ने जिले के अधिकारियों से स्वास्थ्य, शिक्षा, जल संसाधन, कृषि, महिलाओं और बच्चों के लिए पोषाहार, युवाओं के कौशल विकास की दिशा में काम करने को कहा। उन्होंने निगरानी दल को कल्याणकारी योजनाओं के विस्तृत क्रियान्वयन पर कड़ी नजर रखने का निर्देश दिया। उन्होंने आकांक्षी जिला कार्यक्रम के अंतर्गत विभिन्न परियोजनाओं में हुई प्रगति के बारे में लोगों को जागरूक बनाने के महत्व पर बल दिया।

श्री सर्बानन्द सोनोवाल ने कहा कि 2022 के अंत तक किसानों की आय दोगुनी करने के प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के विजन के अनुरूप हमें ग्वालपाड़ा के कृषि उत्पादन में सुधार की दिशा में काम करना होगा, क्योंकि इस जिले में कृषि और पशुपालन क्षेत्र में अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने कहा कि इस संबंध में स्वयं सहायता समूहों को मजबूत और सशक्त बनाना होगा।

दुधनोई में प्रस्तावित आयुर्वेदिक कॉलेज के बारे में केंद्रीय आयुष मंत्री ने कहा कि दुधनोई में प्रस्तावित आयुर्वेदिक कॉलेज का कार्य शीघ्र प्रारंभ होगा। यह जिला तथा लोगों के समग्र विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि आकांक्षी जिला कार्यक्रम के अंतर्गत उठाए गए कदमों से प्रधानमंत्री का सबका साथ, सबका विश्वास और सबका प्रयास का विजन वास्तविक रूप लेगा, क्योंकि सामाजिक, आर्थिक दृष्टि से जिला सकारात्मक परिवर्तन की दिशा में बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि हम सकारात्मक परिवर्तन, विकास तथा जिले में लोगों के जीवन स्तर में सुधार की दिशा में निरंतर प्रयास जारी रखेंगे।

आकांक्षी जिला कार्यक्रम जनवरी 2018 में माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा लॉंच किया गया था। सरकार का प्रयास समावेशी विकास के लिए नागरिकों के जीवन स्तर में सुधार लाना है। नीति आयोग द्वारा स्वास्थ्य तथा पोषाहार, शिक्षा, कृषि तथा जल संसाधन, समावेशी विकास, कौशल विकास और मूलभूत अवसंचना के मिले-जुले संकेतकों के आधार पर पूरे भारत में 117 आकांक्षी जिले चिन्हित किए गये हैं।

***

एमजी/एएम/एजी/एचबी


(Release ID: 1817081) Visitor Counter : 167


Read this release in: English , Urdu