पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्रालय

कोचीन शिपयार्ड ने बीएसएफ को तीन फ्लोटिंग बॉर्डर आउट-पोस्ट जहाजों की आपूर्ति की

Posted On: 28 JAN 2022 4:32PM by PIB Delhi

पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्रालय के तहत आने वाली कोचीन शिपयार्ड लिमिटेड (सीएसएल) ने सीमा सुरक्षा बल को तीन फ्लोटिंग बॉर्डर आउट-पोस्ट (एफबीओपी) जहाजों की दूसरी खेप की सफलतापूर्वक आपूर्ति कर दी है। सीएसएल को देश की जल सीमाओं की रक्षा के लिए ऐसे नौ एफबीओपी के निर्माण का ऑर्डर मिला था। आने वाले महीनों में तीन अन्य जहाजों की आपूर्ति होने की संभावना है।

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/image001WX78.jpg 

गृह मंत्रालय ने मार्च, 2019 में सीमा सुरक्षा बल की वाटर विंग के लिए 9 एफबीओपी के डिजाइन, निर्माण और आपूर्ति के उद्देश्य से ऑर्डर जारी किए थे। कुल 46 मीटर लंबाई और 12 मीटर चौड़ाई वाले एफबीओपी को भारत के अंतर्देशीय जल में तैनाती के लिए डिजाइन किया गया है, जिसमें विशेषकर कच्छ (गुजरात) और सुंदरबन (पश्चिम बंगाल) के नदी क्षेत्र शामिल हैं। जहाजों को सीएसएल ने डिजाइन किया है और इंडियन रजिस्टर ऑफ शिपिंग द्वारा पंजीकृत किया गया है। हर एफबीओपी जहाज को चार तेज पेट्रोलिंग करने वाली नौकाओं की व्यवस्था के साथ डिजाइन किया गया है। यह पोत ऐसी तकनीकी प्रणाली से लैस है जिससे इन तेज गति की नौकाओं को आसानी से पानी में उतारा जा सकता है और पानी से वापस पोत पर रखा जा सकता है। यह पोत छोटी नावों को पेट्रोल, ताजे पानी और खाद्य-सामग्री की आपूर्ति करेगा।

वर्ष 1972 में स्थापित कोचीन शिपयार्ड भारत सरकार के पूर्ण स्वामित्व वाली कंपनी है। पिछले तीन दशक में कंपनी भारतीय जहाज निर्माण और जहाज मरम्मत उद्योग की अग्रणी कंपनी के रूप में उभरी है। यह यार्ड भारत में सबसे बड़े जहाजों का निर्माण और मरम्मत कर सकता है। भारत का पहला ग्रीनफील्ड और वर्तमान में देश के सबसे आधुनिक शिपबिल्डिंग यार्ड को भारत में अच्छी गुणवत्ता वाले जहाज बनाने के लिए उल्लेखनीय प्रतिष्ठा हासिल है। कोचीन शिपयार्ड अपनी विशेषज्ञता के साथ टैंकरों, प्रोडक्ट कैरियर, बल्क कैरियर, यात्री जहाज, हाई बोलार्ड पुल टग्स, एयर डिफेंस शिप आदि उत्पादों की श्रृंखला की पेशकश करने के लिए पूरी तरह तैयार है। सीएसएल ने 1982 में जहाज मरम्मत सुविधाएं देनी शुरू की थीं और तेल अन्वेषण उद्योग के लिए जहाजों के साथ ही हर प्रकार के जहाजों के लिए अपग्रेड और मरम्मत सुविधाएं दे रही है।

***

एमजी/एएम/एमपी/एसके



(Release ID: 1798086) Visitor Counter : 189


Read this release in: English , Urdu , Malayalam