आवास एवं शहरी कार्य मंत्रालय

सेंट्रल आईएएस एसोसिएशन ने टोक्यो पैरालंपिक 2020 खेलों में भारतीय प्रशासनिक अधिकारी और रजत पदक विजेता श्री सुहास एलवाई और टोक्यो ओलंपिक 2020 में स्वर्ण पदक विजेता श्री नीरज चोपड़ा को सम्मानित किया



केंद्रीय खेल मंत्री श्री अनुराग ठाकुर ने सभी प्रशासनिक अधिकारियों से खेलों को बढ़ावा देने के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ देने का आह्वान किया

केंद्र सरकार देश में खेलों को बढ़ावा देने के लिए पूरी तरह समर्पित : युवा मामले और खेल राज्य मंत्री श्री निसिथ प्रमाणिक

एक प्रशासनिक अधिकारी और एक खिलाड़ी के रूप में श्री सुहास की उपलब्धि सभी प्रशासनिक अधिकारियों के लिए अनुकरणीय उदाहरण है: आवास एवं शहरी कार्य मंत्रालय में सचिव और आईएएस एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री दुर्गा शंकर मिश्रा

Posted On: 25 SEP 2021 4:30PM by PIB Delhi

सेंट्रल आईएएस एसोसिएशन ने टोक्यो पैरालंपिक 2020 खेलों में बैडमिंटन में रजत पदक जीतने पर उत्‍तर प्रदेश कैडर के भारतीय प्रशासनिक अधिकारी श्री सुहास लालिनाकेरे यतिराज और टोक्यो ओलंपिक 2020 में स्वर्ण पदक विजेता श्री नीरज चोपड़ा को आज यहां सम्मानित किया।

 

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/image0019LIA.jpg

केंद्रीय युवा मामले एवं खेल मंत्री श्री अनुराग ठाकुर ने एक वीडियो संदेश में सभी प्रशासनिक अधिकारियों से अपील की कि प्रशासनिक अधिकारियों के रूप में अपने कर्तव्यों का पालन करते हुए वे देश में खेलों को प्रोत्साहित करने के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करें। उन्होंने कहा कि सुहास एल. वाई. ने टोक्यो पैरालंपिक 2020 खेलों में रजत पदक जीतकर देश को गौरवान्वित किया है। टोक्यो ओलंपिक और पैरालंपिक खेलों में अभूतपूर्व सफलता ने नागरिकों में व्‍यापक उत्साह और रुचि पैदा की है और यह देश में खेलों के भविष्य पर अच्‍छा प्रभाव डालेगा।

 

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/image002JKJ8.jpg

श्री अनुराग ठाकुर ने अपने संदेश में सुझाव दिया कि माननीय प्रधानमंत्री के सपने के अनुसार न्यू इंडिया को फिट इंडिया बनाने के लिए सभी को अपने नियमित कर्तव्य से परे कुछ खेल गतिविधियों का पालन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि देश को हमारे खिलाड़ियों की उपलब्धि पर गर्व है जिन्होंने टोक्यो पैरालंपिक 2020 खेलों में 19 पदक और टोक्यो ओलंपिक खेल 2020 में 7 पदक जीते।

केंद्रीय युवा मामले और खेल राज्य मंत्री श्री निसिथ प्रमाणिक ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए खेल गतिविधियों में उत्कृष्टता पर नए सिरे से ध्यान केंद्रित करने पर प्रकाश डाला और कहा कि केंद्र सरकार खेलों को प्रोत्साहित करने के लिए पूरी तरह से समर्पित है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के कुशल नेतृत्व में केंद्रीय युवा मामले एवं खेल मंत्रालय ने कई योजनाएं शुरू की हैं और इन योजनाओं के सकारात्मक परिणाम निकट भविष्य में दिखाई देंगे। वर्तमान में देश आज़ादी का अमृत महोत्सव मना रहा है और हमें इस बात पर विचार करना चाहिए कि कैसे सर्वश्रेष्ठ प्रणाली का निर्माण किया जाए जहाँ खेल गतिविधियों को पर्याप्त ध्यान और सहायता प्राप्‍त हो, जिससे भारत खेल की दुनिया में बेहतर स्थान अर्जित कर सके।

मंत्री ने कहा कि टोक्यो ओलंपिक 2020 और टोक्यो पैरालंपिक 2020 खेलों में भारतीय खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन और प्रधानमंत्री श्री नरेन्‍द्र मोदी की नीतियों और सभी प्रकार के खेलों को बढ़ावा देने के उनके दूरदर्शी दृष्टिकोण के कारण, खेलों में भारतीय युवाओं की रुचि कई गुना बढ़ गई है। उन्होंने यह भी कहा कि अब श्री सुहास एल. वाई. और श्री नीरज चोपड़ा जैसे युवा खिलाड़ी देश में स्वस्थ भारत-फिट इंडिया अभियान के ब्रांड एंबेसडर बन गए हैं।

श्री प्रमाणिक ने कहा कि हम यहां एक ऐसे व्यक्ति को सम्मानित करने के लिए एकत्रित हुए हैं, जिसने न केवल एक प्रशासनिक अधिकारी के रूप में उल्लेखनीय कार्य किया है, बल्कि टोक्यो पैरालंपिक 2020 में बैडमिंटन में अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से देश का नाम रौशन किया है। श्री सुहास ने दृढ़ इच्छाशक्ति के साथ यह साबित कर दिया है कि कड़ी मेहनत से जीवन में कुछ भी हासिल किया जा सकता है।

आवास एवं शहरी कार्य मंत्रालय में सचिव और आईएएस एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री दुर्गा शंकर मिश्रा ने श्री सुहास लालिनकेरे यतिराज को बधाई देते हुए कहा कि एक प्रशासनिक अधिकारी और एक खिलाड़ी के रूप में उनकी उपलब्धियां सभी प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसरण के लिए एक बड़ा उदाहरण है। उन्होंने कहा कि एक प्रशासनिक अधिकारी के रूप में कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए खेलों को आगे बढ़ाने में उनका समर्पण असाधारण है और पूरे देश ने उनके उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन की सराहना की है। श्री मिश्रा ने कहा कि भारतीय प्रशासनिक सेवा में करियर राष्ट्र की सेवा करने का एक महान अवसर है और इस सेवा के सभी सदस्यों को आगे आना चाहिए और एक ऐसे परितंत्र का निर्माण करना चाहिए जो खेलों में उत्कृष्टता को बढ़ावा दे।

भारतीय प्रशासनिक अधिकारी और टोक्यो पैरालंपिक 2020 खेलों में रजत पदक विजेता श्री सुहास एल.वाई. ने कहा कि प्रत्‍येक हार जीवन में जीतने का मार्ग दिखाती है और जीतने के लिए व्यक्ति को जो चाहिए, वह उस चीज के प्रति जोश की भावना है जो वह करने जा रहा है। उन्होंने अपनी उपलब्धि का श्रेय उन सभी को दिया जो उनके अभियान के दौरान उनके साथ खड़े रहे। इस अवसर पर उनके साथ उनकी पत्नी श्रीमती रितु सुहास भी थीं।

टोक्यो ओलंपिक खेलों 2020 में स्वर्ण पदक विजेता श्री नीरज चोपड़ा इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि थे। अपने संबोधन में श्री चोपड़ा ने आत्म-अनुशासन, कड़ी मेहनत, ईमानदारी और लक्ष्योन्मुखी तैयारी के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि प्रत्येक भारतीय प्रशासनिक अधिकारी एक अचीवर होता है जो खेलों को बढ़ावा देने के साथ-साथ खेलों के लिए कुछ समय और ध्यान दे सकता है। उन्होंने श्री सुहास एल.वाई. जैसे महान खिलाड़ी के सम्मान में इस अवसर पर उपस्थित होने के लिए आईएएस एसोसिएशन को धन्यवाद दिया।

इस अवसर पर देश भर से कई भारतीय प्रशासनिक अधिकारियों ने वर्चुअल रूप से समारोह में भाग लिया। उत्‍तर प्रदेश के मुख्‍य सचिव श्री आर. के. तिवारी, केंद्रीय युवा मामले और खेल मंत्रालय के सचिव श्री रवि मित्तल, एलबीएसएनएए के निदेशक श्री के श्रीनिवास, जम्मू एवं कश्मीर के अपर मुख्‍य सचिव श्री विवेक भारद्वाज, असम सरकार की प्रधान सचिव श्रीमती अर्चना वर्मा  और आगरा (उत्‍तर प्रदेश) के डिस्ट्रिक्‍ट मजिस्‍ट्रेट श्री प्रभु नारायण सिंह  ने एक भारतीय प्रशासनिक अधिकारी के साथ-साथ टोक्यो पैरालंपिक 2020 खेलों में रजत पदक विजेता के रूप में श्री सुहास एल.वाई. द्वारा अर्जित की गई उपलब्धि पर अपने विचार प्रस्‍तुत किए।

आईएएस एसोसिएशन के मानद सचिव श्री अमित कुमार घोष ने सत्र का संचालन किया, जबकि मानद कोषाध्‍यक्ष श्रीमती पाल्का साहनी ने धन्यवाद ज्ञापन किया।

सुहास लालिनाकेरे यतिराज के बारे में संक्षिप्त जानकारी

सुहास लालिनाकेरे यतिराज उत्तर प्रदेश कैडर के 2007 बैच के भारतीय प्रशासनिक अधिकारी हैं जो वर्तमान में गौतम बुद्ध नगर के जिलाधिकारी के रूप में कार्यरत हैं।

सुहास का जन्म कर्नाटक के हसन में यतिराज एल के (दिवंगत) और जयश्री सी एस के घर हुआ था। उनकी प्रारंभिक स्कूली शिक्षा हसन जिले के पास डूड्डा में हुई। चूंकि उनके पिता सरकारी कर्मचारी थे, इसलिए उन्हें विभिन्‍न स्‍थानों पर पिता की पद नियुक्ति के दौरान उनके साथ घूमना-फिरना पड़ता था। उनकी अधिकांश माध्यमिक शिक्षा कर्नाटक के शिवमोग्गा के डीवीएस इंडीपेंडेंट कॉलेज में हुई। उन्होंने 2004 में कर्नाटक के सुरथकल के राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान से कंप्यूटर विज्ञान और इंजीनियरिंग शाखा में प्रथम श्रेणी में विशिष्ट योग्यता के साथ प्राप्त करके स्नातक की उपाधि प्राप्त की। उन्होंने प्रयागराज के जिलाधिकारी के रूप में भी कार्य किया है। मार्च 2018 में वाराणसी में आयोजित द्वितीय राष्ट्रीय पैरा बैडमिंटन प्रतियोगिता में पुरुष एकल वर्ग में स्वर्ण पदक जीतने के बाद वह राष्ट्रीय चैंपियन बने।

*****

एमजी/एएम/एसकेजे/एमबी



(Release ID: 1758104) Visitor Counter : 428


Read this release in: English , Marathi