वाणिज्‍य एवं उद्योग मंत्रालय

वाणिज्य मंत्री श्री पीयूष गोयल ने एनआईटीआईई, मुंबई में लॉजिस्टिक और सप्लाई चेन प्रबंधन में उत्कृष्टता केन्द्र का उद्घाटन किया


इंडस्ट्रियल इंजीनियरिंग में अपार संभावनाएं हैं, आप जो काम कर रहे हैं, उससे इस देश का भविष्य बदल सकते हैं- श्री पीयूष गोयल

Posted On: 23 SEP 2021 3:58PM by PIB Delhi

केन्द्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री, श्री पीयूष गोयल ने आज राष्ट्रीय औद्योगिक इंजीनियरिंग संस्थान (एनआईटीआईई), मुंबई में 'लॉजिस्टिक्स और सप्लाई चेन मैनेजमेंट में उत्कृष्टता केंद्र' का उद्घाटन किया।

केन्द्र का उद्घाटन करते हुए, केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि वैश्वीकृत दुनिया में एक दूसरे पर बढ़ती निर्भरता अनेक मोर्चों जैसे पैकेजिंग, परिवहन पर अनुसंधान, भंडारण एवं अन्य में सार्थक मूल्यवर्धन की मांग करती है।

मुझे उम्मीद है कि आज उद्घाटन किया गया उत्कृष्टता केन्द्र लॉजिस्टिक क्षेत्र को अधिक लागत प्रभावी बनाने, क्षेत्र को और अधिक प्रतिस्पर्धी बनाने, नई नौकरियां पैदा करने, अधिक निर्यात करने, विश्व बाजारों के साथ बेहतर जुड़ाव, पहुंच का विस्तार करने और भारत में अधिक आर्थिक गतिविधि लाने में मदद करेगा" उन्होने कहा।

एनआईटीआईई कम्युनिटी को संबोधित करते हुए श्री गोयल ने कहा कि भारत औद्योगिक इंजीनियरिंग प्रशिक्षण, अनुसंधान और अध्ययन के शुरुआती चरण में है। “औद्योगिक इंजीनियरिंग में बहुत विशाल संभावनाएं हैं, आप अपने काम से इस देश का भविष्य बदल सकते हैं। औद्योगिक इंजीनियरिंग का काफी इस्तेमाल रेस्तरां डिजाइन और संचालन, ई-कॉमर्स व्यवसाय और सार्वजनिक सेवाओं के वितरण जैसे क्षेत्रों में भी होता है” माननीय मंत्री ने कहा।

एनआईटीआईई के बारे में बोलते हुए, श्री गोयल ने कहा, "जब मैंने एनआईटीआईई द्वारा किए गए अच्छे कामों को देखा, तो मैंने महसूस किया कि सरकार का समर्थन सार्वजनिक, निजी और अकादमिक हितधारकों और भागीदारों को एक साथ काम करने में मदद करेगा"। मुंबई के पवई में स्थित एनआईटीआईई एक प्रमुख प्रबंधन शिक्षा संस्थान है, जो इंजीनियरिंग प्रबंधन में अग्रणी है, और यह आपूर्ति श्रृंखला प्रबंधन और संचालन के क्षेत्र में परिवर्तनकारी योगदान के लिए व्यापक रूप से जाना जाता है।

लॉजिस्टिक और सप्लाई चेन मैनेजमेंट के उत्कृष्टता केंद्र के बारे में

वैश्विक प्रतिस्पर्धा और आर्थिक संकट से उत्पन्न चुनौतियों के कारण आपूर्ति श्रृंखलाओं का प्रबंधन अधिक से अधिक जटिल होता जा रहा है। इस परिदृश्य में, केन्द्र अप्लाइड रिसर्च और विकास गतिविधियों के माध्यम से लॉजिस्टिक और सप्लाई चेन मैनेजमेंट में अत्याधुनिक अनुसंधान, जानकारियों में बढ़ोतरी और क्षमता निर्माण में योगदान देगा।

जटिल लॉजिस्टिक ऑपरेशंस की निगरानी और विश्लेषण को मजबूती देने  के लिए केन्द्र  कृत्रिम बुद्धिमत्ता और मशीन लर्निंग एप्लीकेशन और डिजिटल ट्विन और कंट्रोल टावरों के माध्यम से आधुनिक जानकारियों का प्रसार करने और डिजिटलीकरण, एनालिटिक्स और आईओटी एप्लीकेशन और निर्णय समर्थन प्रणाली को बढ़ावा देने के लिए उच्च गुणवत्ता वाले कार्यक्रमों को शुरू करने और प्रशिक्षित करने के लिए एक प्रेरक शक्ति के रूप में कार्य करेगा।

केन्द्र उद्योग और राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय निकायों के सहयोग से नवीन समाधान खोजने के लिए अनुसंधान परियोजनाओं को अंजाम देगा। स्थिरता और ग्रीन सप्लाई चेन के साथ लॉजिस्टिक औऱ सप्लाई चेन मैनेजमेंट पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा।

कार्यक्रम में मंत्री के भाषण को नीचे दिए गए लिंक से देखा जा सकता है।

Follow us on social media: @PIBMumbai Image result for facebook icon /PIBMumbai /pibmumbai pibmumbai[at]gmail[dot]com

***



एमजी/एएम/एसएस



(Release ID: 1757938) Visitor Counter : 310


Read this release in: English , Marathi , Kannada