रक्षा मंत्रालय

भारतीय नौसेना और ऑस्ट्रेलियाई नौसेना के बीच 'ऑस्ट्रेलिया-इंडिया नेवी टू नेवी रिलेशनशिप' के लिए संयुक्त मार्गदर्शन पर हस्ताक्षर

Posted On: 18 AUG 2021 7:24PM by PIB Delhi

भारतीय नौसेना और रॉयल ऑस्ट्रेलियाई नौसेना के बीच आज दिनांक 18 अगस्त 2021 को 'ऑस्ट्रेलिया-इंडिया नेवी टू नेवी रिलेशनशिप' के लिए संयुक्त मार्गदर्शन दस्तावेज़ पर हस्ताक्षर किए गए। हस्ताक्षर समारोह भारतीय नौसेना के नौसेनाध्यक्ष एडमिरल करमबीर सिंह और वाइस एडमिरल माइकल जे नूनन, नौसेना प्रमुख, ऑस्ट्रेलियाई नौसेना के बीच आयोजित किया गया था।

दस्तावेज़ प्रधानमंत्रियों द्वारा सहमत 'व्यापक रणनीतिक साझेदारी 2020' से जुड़ा हुआ है और इसका उद्देश्य क्षेत्रीय और वैश्विक सुरक्षा चुनौतियों के लिए साझा दृष्टिकोण सुनिश्चित करना है। संयुक्त मार्गदर्शन दोनों नौसेनाओं के द्विपक्षीय/बहु-पक्षीय रूप से काम करने के इरादे को प्रदर्शित करने के लिए दिशानिर्देश दस्तावेज के रूप में कार्य करेगा। मार्गदर्शन का व्यापक दायरा आपसी समझ विकसित करने, क्षेत्रीय सुरक्षा के लिए सहयोग करने, पारस्परिक रूप से लाभकारी गतिविधियों में सहयोग करने और अंतःक्रियाशीलता विकसित करने पर केंद्रित है।

दस्तावेज़ के मुख्य आकर्षण में क्षेत्रीय और बहुपक्षीय मंचों- जिसमें हिंद महासागर नौसेना संगोष्ठी (आईओएनएस), पश्चिमी प्रशांत नौसेना संगोष्ठी (डब्ल्यूपीएनएस), हिंद महासागर रिम एसोसिएशन (आईओआरए) और आसियान रक्षा मंत्रियों के मीटिंग प्लस फ्रेमवर्क के अधीन विशेषज्ञ कार्य समूह शामिल हैं- में घनिष्ठ सहयोग शामिल है।

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच द्विपक्षीय रक्षा संबंध पिछले कुछ वर्षों में मजबूत हुए हैं। 'व्यापक रणनीतिक साझेदारी', पारस्परिक रसद समर्थन समझौता, त्रिपक्षीय समुद्री सुरक्षा कार्यशाला का आयोजन और अभ्यास मालाबार में आरएएन की भागीदारी महत्वपूर्ण मील के पत्थर हैं जो हाल के दिनों में इस संबंध को मजबूत करने में दोनों नौसेनाओं द्वारा निभाई गई भूमिका को रेखांकित करते हैं। यह दस्तावेज़ भारत-प्रशांत क्षेत्र में शांति, सुरक्षा, स्थिरता और समृद्धि को बढ़ावा देने के लिए साझा प्रतिबद्धता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण होगा।

*****

एमजी/एएम/एबी/एसएस



(Release ID: 1747530) Visitor Counter : 233


Read this release in: English , Urdu