रक्षा मंत्रालय

भारतीय नौसेना का जहाज (आईएनएस) सर्वेक्षक सर्वे सबंधी सहायता का कार्य पूरा कर कोलंबो से रवाना 

Posted On: 02 JUL 2021 9:11PM by PIB Delhi

भारतीय नौसेना के हाइड्रोग्राफिक सर्वेक्षण जहाज सर्वेक्षक ने दिनांक 02 जुलाई को खराब एमवी एक्स-प्रेस पर्ल जहाज़ के स्थान के आसपास सर्वेक्षण का कामकाज सफलतापूर्वक पूरा किया और श्रीलंकाई अधिकारियों को सर्वेक्षण के आंकड़े सौंपे। साइड स्कैन सोनार सहित अत्याधुनिक सर्वेक्षण उपकरणों से लैस इस जहाज को श्रीलंका सरकार के अनुरोध पर दिनांक 25 जून को तैनात किया गया था।

मलबे के आसपास के तीन खोजबीन क्षेत्रों में सर्वेक्षण अभियान श्रीलंकाई नौसेना और श्रीलंका की राष्ट्रीय जलीय संसाधन अनुसंधान और विकास एजेंसी (नारा) के समन्वय से चलाया गया। जहाज ने साइड स्कैन सोनार सर्वेक्षण के कुल 807 मील की दूरी तय की और पानी के अंदर एमवी एक्स-प्रेस पर्ल के 54 मुख्य मलबे और एक अतिरिक्त अज्ञात मलबे की भी पहचान की। मलबे वाले क्षेत्र का सर्वेक्षण करने से नाविकों और मछुआरों दोनों को परामर्श जारी करने में और बाद में श्रीलंकाई प्राधिकारियों द्वारा मलबा हटाने में आसानी होगी, जिससे कोलंबो बंदरगाह से संचालित समुद्री यातायात के लिए नौवहन की सुरक्षा सुनिश्चित होगी।

आईएनएस सर्वेक्षक कोच्चि में दक्षिणी नौसेना कमान के अंतर्गत आने वाला जहाज़ है और इसमें डीप सी मल्टीबीम इको साउंडर सिस्टम, साइड स्कैन सोनार, साउंड वेलोसिटी प्रोफाइलर्स और एक पूरी तरह से स्वचालित डिजिटल सर्वेक्षण और प्रसंस्करण प्रणाली जैसे अत्याधुनिक सर्वेक्षण उपकरण लगे हुए हैं। इसके अलावा जहाज में चेतक हेलीकॉप्टर होता है जिसे हवाई टोह के लिए सर्वेक्षण के दौरान बड़े पैमाने पर तैनात किया गया था। पूर्व में आईएनएस सर्वेक्षक ने श्रीलंका, मॉरीशस, सेशेल्स, तंज़ानिया और केन्या में विदेशी सहयोग सर्वेक्षण भी किए हैं।

भारत और श्रीलंका के बीच एक मजबूत संबंध एवं साझेदारी है और दोनों देशों के बीच सहयोग और समझ को मजबूत करने और साझा मूल्यों को सुदृढ बनाने में शुरू किया गया यह सर्वेक्षण अभियान एक और मील का पत्थर रहा है।

***

एमजी/एएम/एबी/एसएस



(Release ID: 1732455) Visitor Counter : 352


Read this release in: English , Urdu