रक्षा मंत्रालय

चक्रवात "तौकते" पर अपडेट- भारतीय नौसेना का खोज और बचाव कार्य लगातार जारी

प्रविष्टि तिथि: 19 MAY 2021 8:27PM by PIB Delhi

भारतीय नौसेना का मुंबई और गुजरात में खोज और बचाव (एसएआर) कार्य आज तीसरे दिन में प्रवेश कर चुका है। भारतीय नौसेना के जहाज और विमान इस समय बार्ज पी-305 पर सवार चालक दल के लापता सदस्यों की खोज और बचाव कार्य में लगे हुए हैं, जो 17 मई को मुंबई तट से 35 मील दूरी पर डूब गया था। इस एसएआर अभियान में आईएनएस कोच्चि, कोलकाता, ब्यास, बेतवा, तेग, पी8आई समुद्री निगरानी विमान, चेतक और सीकिंग हेलीकॉप्टर शामिल हैं।

आईएनएस कोच्चि जिसने 19 मई को 125 बचे हुए लोगों और चालक दल के चार सदस्यों के पार्थिव शरीर को उतारने के लिए बंदरगाह में प्रवेश किया था, उसे शाम को फिर से रवाना कर दिया गया जिससे खोज अभियान जारी रखा जा सके।

19 मई की रात को आईएनएस कोलकाता मुंबई बंदरगाह में प्रवेश करेगा, जिससे पी-305 और टग 'वरप्रदा' से बचाए गए लोगों के साथ-साथ खोज अभियान के दौरान चालक दल के 18 सदस्यों के बरामद हुए पार्थिव शरीर को भी पहुंचाया जा सके।

गुजरात तट पर आईएनएस तलवार का अभियान पूरा होने के बाद, उसे भी मुंबई से दूर बार्ज पी-305 के लापता चालक दल की तलाश में अन्य तीन नौसैनिक जहाजों के साथ मिलकर काम करने के लिए डायवर्ट कर दिया गया है। जैसा कि पहले ही बताया जा चुका है, आईएनएस तलवार गुजरात तट पर 'ऑन सीन कोऑर्डिनेटर' था और सपोर्ट स्टेशन 3 और ड्रिल शिप सागर भूषण को सहायता प्रदान कर रहा था, उसे अब ओएनजीसी के सहायक जहाजों द्वारा सुरक्षित रूप से मुंबई वापस लाया जा रहा है। दिन की शुरूआत में, मुंबई से नौसेना के हेलीकॉप्टरों द्वारा इन जहाजों के 300 चालक दल के सदस्यों के लिए भोजन और पानी उपलब्ध कराया गया था।

अब तक, आईएन जहाजों और विमानों द्वारा बार्ज पी-305 पर सवार चालक दल के 186 सदस्यों और तुग 'वरप्रदा' के दो सदस्यों को बचाया जा चुका है और 26 पार्थिव शरीर बरामद किए गए हैं।

***

एमजी/एएम/एके/सीएस


(रिलीज़ आईडी: 1720382) आगंतुक पटल : 162
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu