श्रम और रोजगार मंत्रालय

औद्योगिक श्रमिकों के लिए उपभोक्ता मूल्य सूचकांक (2016=100)- फ़रवरी, 2021

प्रविष्टि तिथि: 31 MAR 2021 4:19PM by PIB Delhi

मुख्य बिंदु

  1. औद्योगिक श्रमिकों के लिए अखिल भारतीय उपभोक्ता मूल्य सूचकांक (2016=100) फरवरी 2021, जनवरी 2021 के 118.2 अंक से बढ़कर 119.0 अंक हो गया है।
  2. प्रतिशतता के संदर्भ में, खाद्य एवं पेय, ईंधन एवं प्रकाश और विविध समूहों में वृद्धि की वजह से पिछले महीने की तुलना में 0.68 प्रतिशत ऊपर चला गया है। इस अवधि के दौरान, दूध, सरसों तेल, सोयाबीन के तेल, सूरजमुखी के तेल, सेब, आम, संतरा, भिंडी, प्याज, परवल, तैयार एवं प्रसंस्कृत खाद्य पदार्थ, कुकिंग गैस, पेट्रोल आदि जैसी वस्तुओं की कीमतों में वृद्धि का व्यापक प्रभाव पड़ा है।
  3. फ़रवरी, 2021 के लिए मुद्रास्फीति दर पिछले महीने के 3.15 प्रतिशत की तुलना में बढ़कर 4.48 प्रतिशत हुई। खाद्य-स्फीति दर भी पिछले माह के 2.38 प्रतिशत की तुलना में बढ़कर 4.64 प्रतिशत हुई।

            फ़रवरी, 2021 का अखिल भारतीय उपभोक्ता मूल्य सूचकांक (औद्योगिक श्रमिक) 0.8 अंक बढ़कर 119.0 (एक सौ उन्नीस दशमलव शून्य) अंकों के स्तर पर पहुंचा। सूचकांक में पिछले माह की तुलना में 0.68 प्रतिशत की वृद्धि रही जबकि एक वर्ष पूर्व इन्हीं दो महीनों के बीच 0.61 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई थी।

सूचकांक में दर्ज वृद्धि में अधिकतम योगदान ईंधन एवं प्रकाश समूह का रहा जिसने कुल बदलाव को 0.31 बिन्दु प्रतिशतता से प्रभावित किया। इस वृद्धि को विविध एवं खाद्य व पेय समूहों ने 0.23 व 0.21 बिन्दु प्रतिशतता से प्रभावित कर संपूरित किया। मदों में, दूध, सरसों तेल, सोयाबीन के तेल, सूरजमुखी के तेल, सेब, आम, संतरा, भिंडी, प्याज, परवल, तैयार एवं प्रसंस्कृत खाद्य पदार्थ, कुकिंग गैस, पेट्रोल, इत्यादि सूचकांक को बढ़ाने में सहायक रहे। इसके विपरीत चावल, आलू, टमाटर, अंडा-मुर्गी, पत्तागोभी, अदरक, आदि ने सूचकांक में दर्ज वृद्धि को नियंत्रित करने का प्रयास किया।

केंद्र-स्तर पर मदुरई केंद्र के सूचकांक में अधिकतम 4.0 अंकों की वृद्धि रही। अन्य 3 केंद्रों में 3 से 3.9 अंक के बीच वृद्धि दर्ज की गई जिसके पश्चात 7 केंद्रों में 2 से 2.9 अंक के बीच, 22 केंद्रों में 1 से 1.9 अंक के बीच तथा 34 केंद्रों में 0 से 0.9 अंक के बीच वृद्धि रही। इसके विपरीत, लबाक-सिलचर एवं कलकत्ता में 2.4 एवं 2.0 अंकों की कमी दर्ज की गई। अन्य 5 केंद्रों में 1 से 1.9 अंक तथा शेष 14 केंद्रों में 0 से 0.9 अंक की कमी पाई गई।

फ़रवरी, 2021 के लिए मुद्रास्फीति दर पिछले महीने के 3.15 प्रतिशत तथा गत वर्ष के इसी माह के 6.84 प्रतिशत की तुलना में 4.48 प्रतिशत रही। इसी तरह, खाद्य-स्फीति दर पिछले माह के 2.38 प्रतिशत एवं एक वर्ष पूर्व इसी माह के 8.33 प्रतिशत की तुलना में 4.64 प्रतिशत रही।

 

सी.पी.आई.- आई.डब्ल्यू. पर आधारित मुद्रास्फीति दर (सामान्य एवं खाद्य)

 

अखिल-भारतीय समूह-वार सूचकांक: जनवरी एवं फ़रवरी, 2021

क्र. सं.

समूह

जनवरी, 2021

फ़रवरी, 2021

I

खाद्य एवं पेय

117.4

117.9

II

पान, सुपारी, तंबाकू एवं नशीले पदार्थ

134.4

135.8

III

कपड़े एवं जूते

117.8

118.4

IV

आवास

115.2

115.2

V

ईंधन एवं प्रकाश

136.4

142.0

VI

विविध

116.9

117.6

 

सामान्य सूचकांक

118.2

119.0

 

 

 

 

केन्द्रीय श्रम एवं रोजगार राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री संतोष कुमार गंगवार ने सूचकांक में वृद्धि का स्वागत करते हुए कहा कि सूचकांक में वृद्धि के परिणामस्वरूप कामगार आबादी के महंगाई भत्तों में बढ़ोतरी से वेतन में बढ़ोतरी होगी। उन्होंने कहा कि फरवरी 2021 के दौरान दूध, सरसों तेल, सोयाबीन के तेल, सूरजमुखी के तेल, सेब, आम, संतरा, भिंडी, प्याज, परवल, तैयार एवं प्रसंस्कृत खाद्य पदार्थ, नाई के शुल्क, कुकिंग गैस, पेट्रोल आदि के दामों में बढ़ोतरी के कारण मुद्रास्फीति में वृद्धि दर्ज की गई है।

 

श्रम ब्यूरो के महानिदेशक श्री पीडी पी एस नेगी ने कहा कि फरवरी 2021 के दौरान मुद्रास्फीति में वृद्धि अन्य सरकारी एजेंसियों द्वारा जारी विभिन्न मूल्य सूचकांकों के संबंध में सभी क्षेत्र में देखी गई है।

 

            श्रम एवं रोज़गार मंत्रालय के तहत श्रम ब्यूरो द्वारा हर महीने औद्योगिक श्रमिकों के लिए उपभोक्ता मूल्य सूचकांक का संकलन सम्पूर्ण देश में फैले हुए 88 महत्वपूर्ण औद्योगिक केंद्रों के 317 बाजारों से एकत्रित खुदरा मूल्यों के आधार पर किया जाता है। सूचकांक का संकलन 88 औद्योगिक केंद्रों एवं अखिल भारत के लिए किया जाता है और आगामी महीने के अंतिम कार्यदिवस पर जारी किया जाता है। फ़रवरी, 2021 के लिए सूचकांक इस प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से जारी किया जा रहा है।

सूचकांक की आगामी कड़ी मार्च, 2021 माह के लिए दिन शुक्रवार, 30 अप्रैल, 2021 को जारी की जाएगी। यह कार्यालय की वेबसाइट www.labourbureaunew.gov.in पर भी उपलब्ध रहेगा।

***

 

एमजी/एएम/एसके


(रिलीज़ आईडी: 1708780) आगंतुक पटल : 639
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu