आयुष

आयुष मंत्रालय ने जीवनशैली से संबंधित बीमारियों के उपचार के लिए आयुर्वेद को मुख्यधारा की पद्धति के तौर पर बढ़ावा देने के लिए विनोबा सेवा प्रतिष्ठान के तत्वावधान में ‘आयुर्वेद पर्व’ का आयोजन किया

प्रविष्टि तिथि: 30 MAR 2021 9:04PM by PIB Delhi

विनोबा सेवा प्रतिष्ठान (वीएसपी) ने जीवनशैली से संबद्ध रोगों के उपचार के लिए आयुर्वेद को मुख्यधारा की पद्धति के तौर पर बढ़ावा देने के लिए आयुष मंत्रालय के तत्वावधान में 26 से 28 मार्च 2021 तक भुवनेश्वर में तीन दिवसीय “आयुर्वेद पर्व” का सफलतापूर्वक आयोजन किया।

इस तीन दिवसीय कार्यक्रम का उद्घाटन पद्म विभूषण डॉ. रघुनाथ महापात्रा, सदस्य राज्यसभा, श्री नाबा किशोर दास, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री, ओडिशा सरकार और श्री त्रिलोचन माझी, निदेशक आयुष, ओडिसा सरकार ने किया। इस दौरान अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित रहे।

इस अनोखी पहल का उद्देश्य न केवल आम लोगों के बीच आयुर्वेद को अधिक से अधिक स्वीकार्य बनाना है, बल्कि इसे वर्तमान जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों के उपचार की मुख्य पद्धति के तौर पर लोकप्रिय भी बनाना है। आयुष मंत्रालय ने इस कार्यक्रम के लिए अपनी ओर से पूर्ण समर्थन दिया है।

इस तीन दिवसीय कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विशेषज्ञों और शोध कर्ताओं ने लगभग 25 शोध पत्र प्रस्तुत किए। इस पहल से लोगों में जबर्दस्त प्रतिक्रिया देखने को मिली और हजारों मरीजों ने आयुर्वेदिक उपचार पद्धति के प्रति अपना भरोसा व्यक्त किया। इस दौरान उनकी बीमारियों का निदान भी किया गया और दवाएं भी दी गई।

इस कार्यक्रम में वर्तमान परिस्थितियों में आयुर्वेद को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर जोर दिया गया। कोविड-19 महामारी ने विश्व स्तर पर जनसंख्या को प्रभावित किया है और यह सभी देशों के लिए गंभीर चुनौती बन चुका है।

इस कार्यक्रम के समापन समारोह में ओडिशा विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. सूर्यनारायण पात्रो और अन्य विशिष्ट अतिथि भी उपस्थित रहे।

*****************

एमजी/एएम/जेके/ओपी

 


(रिलीज़ आईडी: 1708650) आगंतुक पटल : 1142
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu