पूर्वोत्‍तर क्षेत्र विकास मंत्रालय

केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह को राज्य के वरिष्ठ अधिकारियों के एक दल ने सिक्किम में प्रस्तावित फिल्म सिटी के बारे में जानकारी दी

प्रविष्टि तिथि: 21 JAN 2021 6:58PM by PIB Delhi

केंद्रीय पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार), पीएमओ राज्यमंत्री, कार्मिक, लोक शिकायत, पेंशन, परमाणु ऊर्जा और अंतरिक्ष मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह को सिक्किम में प्रस्तावित फिल्म सिटी के बारे में अधिकारियों की एक टीम ने जानकारी दी। दल में सिक्किम सरकार के वरिष्ठ अधिकारी, चेयरपर्सन, सिक्किम फिल्म प्रमोशन बोर्ड, सूचना विभाग, पूजा शर्मा और रेजिडेंट कमिश्नर अश्विनी कुमार चंद शामिल थे।

प्रस्ताव के अनुसार सिक्किम सरकार ने 10 एकड़ से अधिक के क्षेत्र में राज्य की राजधानी गंगटोक के आसपास के क्षेत्र में एक फिल्म सिटी कॉम्प्लेक्स स्थापित करने का निर्णय लिया है। फिल्म सिटी कॉम्प्लेक्स में एक एक्टिंग स्कूल, विभिन्न प्रकार के फिल्म सेटों के साथ-साथ कृत्रिम सेट, फैशन इवेंट्स के लिए रैम्प्स, मिनिप्लेक्स सिनेमा, एम्फी थिएटर, मोबाइल थिएटर, कॉन्सर्ट हॉल, रिक्रिएशन पार्क, एडिटिंग स्टूडियो, साउंड स्टूडियो आदि की योजना तैयार की गई है।

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/image001VJAE.jpg

 

राज्य सरकार की पहल की सराहना करते हुए डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि कश्मीर की तरह, सिक्किम में भी फिल्म की शूटिंग के लिए बेहतरीन लोकेशन्स हैं। उन्होंने कहा कि सिक्किम की प्राकृतिक सुंदरता ने फिल्म निर्माताओं को शुरुआत से ही आकर्षित किया है और देव आनंद जैसी अग्रणी फिल्मी हस्तियों ने सिक्किम को पसंदीदा स्थानों में से एक बनाया और उन्होंने ब्लॉकबस्टर फिल्म ज्वेल थीफ  की अधिकतम शूटिंग सिक्किम में की थी।

डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि पूर्वोत्तर में विशेष रूप से सिक्किम और अरुणाचल प्रदेश में कई आकर्षक स्थान हैं, लेकिन बुनियादी सुविधाओं और आवश्यक उपकरणों को रखने के लिए इंतजाम की कमी के कारण इनका उपयोग नहीं हो पाया है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने अरुणाचल प्रदेश के लिए एक फिल्म और टेलीविजन संस्थान को मंजूरी दी है और सिक्किम में एक फिल्म सिटी बनने के साथ  अब इन कमियों को दूर करना मुमकिन होगा। इससे पहले इन सुविधाओं की कमी के चलते फिल्म निर्माता चाहते हुए भी इन स्थानों का उपयोग करने को लेकर उत्साहित नहीं हो पाते थे।

डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि यही नहीं, विदेशी स्थानों के बजाय घरेलू स्थानों पर शूट की जाने वाली फिल्में, देशभर के दर्शकों को भारत में विभिन्न स्थानों की विविधता और अनूठी विशेषताओं से परिचित कराने में मददगार साबित हो सकती हैं। उन्होंने कहा कि यह देश के अंदर घरेलू पर्यटन को न केवल आकर्षक स्थलों को प्रदर्शित करने में मदद करता है, जो कि किसी भी लिहाज से यूरोपीय गंतव्यों से कम नहीं हैं, बल्कि यह वोकल फॉर लोकल को बढ़ावा देने में मदद करेगा।

राज्य सरकार की टीम ने मंत्री को इस साल अप्रैल के महीने में सिक्किम में एक ग्लोबल फिल्म फेस्टिवल आयोजित करने की योजना के बारे में भी जानकारी दी। उम्मीद है कि चार दिवसीय फेस्टिवल फिल्म जगत को एक अंतरराष्ट्रीय मंच मुहैया कराएगा, जिसमें पेशेवर फिल्म निर्माता, फिल्म प्रेमी और फिल्म/मीडिया के छात्र शामिल होंगे।

पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ने इन प्रस्तावों की सराहना की और कहा कि वह मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग के नियमित संपर्क में रहे हैं।

<><><><><>

एमजी/एएम/वीएस


(रिलीज़ आईडी: 1691178) आगंतुक पटल : 188
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu , Tamil